छत्तीसगढ़ की छात्राओं को हर साल मिलेंगे 30 हजार रुपए, देखें डिटेल

Umeshwari Baghel | Aug 18, 2026, 20:20 IST
छत्तीसगढ़ में अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप शुरू
छत्तीसगढ़ की पात्र छात्राओं को अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप के तहत हर साल 30 हजार रुपए मिलेंगे। 2026-27 में डिग्री या डिप्लोमा के पहले वर्ष में प्रवेश लेने वाली छात्राएं 31 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।

समझें क्या है पूरा मामला

  • पात्र छात्राओं को हर साल मिलेंगे 30 हजार रुपए
  • 10वीं-12वीं सरकारी स्कूल से पास होना जरूरी
  • डिग्री या डिप्लोमा के पहले वर्ष की छात्राएं पात्र
  • पहले चरण के आवेदन 31 अगस्त 2026 तक
  • पिछले साल बेमेतरा की 1050 छात्राओं का हुआ था चयन

छत्तीसगढ़ की छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा की राह थोड़ी आसान होने वाली है। अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की ओर से अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप के तहत पात्र छात्राओं को हर साल 30 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। यह सहायता स्नातक या डिप्लोमा कोर्स की पूरी अवधि तक मिल सकती है।



बेमेतरा जिले में योजना को लेकर प्रशासन ने भी तैयारी तेज कर दी है। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं की मौजूदगी में फाउंडेशन के जिला समन्वयक ने अधिकारियों को स्कॉलरशिप की पूरी जानकारी दी। प्रशासन का प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंद छात्राओं तक योजना की जानकारी पहुंचे।



पिछले साल बेमेतरा की 1050 छात्राओं का हुआ था चयन

बेमेतरा जिले में पिछले साल इस स्कॉलरशिप के लिए 1050 छात्राओं का चयन किया गया था। इस बार प्रशासन और फाउंडेशन ने इससे ज्यादा छात्राओं तक योजना पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।



खास तौर पर उन कॉलेजों पर ध्यान दिया जाएगा, जहां पिछले साल कम छात्राएं स्कॉलरशिप का लाभ ले सकी थीं। अधिकारियों को कॉलेज स्तर पर योजना का प्रचार बढ़ाने के लिए कहा गया है।



हर साल मिलेंगे 30 हजार रुपए

स्कॉलरशिप के लिए चयनित छात्राओं को हर वर्ष 30 हजार रुपए दिए जाएंगे। यह पैसा छात्राएं अपनी पढ़ाई से जुड़े जरूरी खर्चों में इस्तेमाल कर सकेंगी।



इस राशि का उपयोग कॉलेज की फीस, किताबें खरीदने, आने-जाने के खर्च और दूसरी शैक्षणिक जरूरतों में किया जा सकता है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य उन छात्राओं की पढ़ाई जारी रखना है, जिनके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है।



कौन कर सकता है आवेदन?

शैक्षणिक सत्र 2026-27 में किसी डिग्री या डिप्लोमा कोर्स के पहले वर्ष में प्रवेश लेने वाली छात्राएं आवेदन कर सकती हैं। आवेदन करने वाली छात्रा ने कक्षा 10वीं और 12वीं की पढ़ाई सरकारी स्कूल से पूरी की होनी चाहिए। छात्रा ने किसी मान्यता प्राप्त सरकारी या विश्वसनीय निजी कॉलेज अथवा विश्वविद्यालय में नियमित प्रवेश लिया हो।



कोर्स की अवधि 2 वर्ष से लेकर 5 वर्ष तक हो सकती है। छत्तीसगढ़ के अलावा योजना में शामिल अन्य निर्धारित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की पात्र छात्राएं भी आवेदन कर सकती हैं।



31 अगस्त तक पहले चरण के आवेदन

स्कॉलरशिप की आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और निशुल्क रखी गई है। पहले चरण के लिए आवेदन 10 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक किए जा सकते हैं। इसके बाद दूसरे चरण की आवेदन प्रक्रिया 10 जनवरी से 31 जनवरी 2027 तक चलेगी। छात्राएं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आवेदन कर सकती हैं।



आवेदन के समय ये दस्तावेज जरूरी

ऑनलाइन आवेदन करते समय छात्राओं को जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इनमें हाल की पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड और बैंक खाते की जानकारी शामिल है।



इसके अलावा कक्षा 10वीं और 12वीं की मार्कशीट भी देनी होगी। कॉलेज में प्रवेश का प्रमाण भी जरूरी होगा। इसके लिए बोनाफाइड सर्टिफिकेट या ट्यूशन फीस की रसीद दी जा सकती है। दस्तावेज साफ और रंगीन स्कैन कॉपी में होने चाहिए। इन्हें PDF, JPG या PNG फॉर्मेट में अपलोड किया जा सकेगा।



पढ़ाई बीच में न छूटे, इसलिए प्रशासन का जोर

कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने अधिकारियों से कहा है कि योजना की जानकारी जिले की ज्यादा से ज्यादा पात्र छात्राओं तक पहुंचाई जाए।



प्रशासन का मानना है कि आर्थिक परेशानी के कारण किसी छात्रा की पढ़ाई बीच में नहीं रुकनी चाहिए। खासकर ग्रामीण और कमजोर आर्थिक स्थिति वाले परिवारों की छात्राओं के लिए यह स्कॉलरशिप बड़ी मदद साबित हो सकती है।



हेल्पलाइन पर भी मिल सकेगी जानकारी

आवेदन से जुड़ी समस्या या योजना की अधिक जानकारी के लिए छात्राएं अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप की व्हाट्सऐप हेल्पलाइन +91 90199 60536 पर संपर्क कर सकती हैं। जिला प्रशासन ने पात्र छात्राओं से तय समय सीमा के भीतर आवेदन करने और योजना का लाभ उठाने की अपील की है।



FAQ

  1. अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप में छात्राओं को कितने रुपए मिलेंगे?
    पात्र छात्राओं को हर साल 30 हजार रुपए की आर्थिक सहायता मिलेगी।
  2. अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप के लिए कौन आवेदन कर सकता है?
    2026-27 में डिग्री या डिप्लोमा के पहले वर्ष में प्रवेश लेने वाली पात्र छात्राएं आवेदन कर सकती हैं।
  3. स्कॉलरशिप के लिए आवेदन की आखिरी तारीख क्या है?
    पहले चरण के लिए ऑनलाइन आवेदन 31 अगस्त 2026 तक किए जा सकते हैं।

ये खबरें भी पढ़े...

छत्तीसगढ़ में 23 आईएएस-आईएफएस अफसरों के प्रभार बदले, लिस्ट में सीनियर भी शामिल



कॉलेज और यूको बैंक की मिलीभगत का पर्दाफाश, स्कॉलरशिप के डकारे 99 लाख



WhatsApp Update: बिना नंबर के चलेगा व्हाट्सऐप? जानिए कैसे



उच्च शिक्षा विभाग का रिलोकेशन फर्जीवाड़ा: कॉलेजों में पोर्टल पर भरे पद खाली, खाली पद दिख रहे भरे



Tags:
  • छत्तीसगढ़
  • स्कॉलरशिप
  • व्हाट्सऐप
  • उच्च शिक्षा
  • बेमेतरा