होम, फायर और SDRF जवानों के लिए बड़ी घोषणा, 40 लाख तक का दुर्घटना बीमा और 4 लाख तक की शिक्षा सहायता, BOB के साथ एमओयू
कम कमाई वालों पर फोकस
इस योजना का सबसे बड़ा फायदा निम्न आय वर्ग के कर्मचारियों और स्वयंसेवकों को मिलेगा। पात्र कर्मचारी बैंक ऑफ बड़ौदाकी संबंधित जिला शाखा में अपना वेतन खाता खुलवा सकेंगे। विभाग ने सभी इकाई प्रमुखों को बैंक से तालमेल कर पात्र लोगों के खाते जल्द खुलवाने के निर्देश दिए हैं।
40 लाख का दुर्घटना बीमा
योजना में 1 लाख रुपए तक का जीवन बीमा और 40 लाख रुपए तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा शामिल है। इतना ही नहीं, हवाई दुर्घटना की स्थिति में भी 40 लाख रुपए तक का बीमा कवर मिलेगा। यानी ड्यूटी करने वाले जवानों के लिए सामान्य बैंक खाते से कहीं ज्यादा सुरक्षा जोड़ी गई है।
ड्यूटी पर 10 लाख अतिरिक्त
ड्यूटी के दौरान हादसा होने पर अतिरिक्त सुरक्षा का भी इंतजाम किया गया है। मूल व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा के 25 प्रतिशत तक अतिरिक्त कवर मिलेगा। इसकी अधिकतम सीमा 10 लाख रुपए रखी गई है। स्थायी या पूर्ण विकलांगता की स्थिति में 40 लाख रुपए तक और आंशिक विकलांगता पर 30 लाख रुपए तक आर्थिक मदद का प्रावधान है।
बेटी की शादी में मदद
योजना सिर्फ कर्मचारी तक सीमित नहीं है। परिवार की जरूरतों को भी इसमें जोड़ा गया है। बेटी की शादी के लिए 4 लाख रुपए तक और बच्चों की पढ़ाई के लिए भी 4 लाख रुपए तक का लाभ मिलेगा। यानी मुश्किल समय में परिवार को आर्थिक सहारा देने की कोशिश की गई है।
खाता जीरो बैलेंस, कार्ड फ्री
पात्र कर्मचारियों का वेतन खाता जीरो बैलेंस पर खुलेगा। लाइफटाइम फ्री रुपे प्लेटिनम डेबिट कार्ड भी मिलेगा। इसके साथ चयनित श्रेणी का क्रेडिट कार्ड भी मुफ्त देने का प्रावधान है।
परिवार को भी बैंकिंग सुविधा
परिवार के लिए चार खातों तक जीरो बैलेंस की सुविधा दी जाएगी। पति-पत्नी के खातों के लिए मुफ्त रुपे डेबिट कार्ड मिलेगा। चेकबुक, डिमांड ड्राफ्ट, आरटीजीएस, एनईएफटी और एटीएम के असीमित इस्तेमाल जैसी सुविधाएं भी मुफ्त रहेंगी।
अब खाते से सुरक्षा तक
नगर सेना, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ के जवानों का काम पहले से ही जोखिम भरा है। ऐसे में इस योजना में सिर्फ वेतन खाता खोलने की सुविधा नहीं, बल्कि हादसे, विकलांगता, बच्चों की पढ़ाई और बेटी की शादी तक के लिए आर्थिक सुरक्षा जोड़ी गई है। अब देखना यह होगा कि विभाग पात्र कर्मचारियों और स्वयंसेवकों तक इन सुविधाओं को कितनी तेजी से पहुंचाता है।
FAQ
- दुर्घटना बीमा का मुख्य लाभ किस वर्ग के कर्मचारियों को मिलेगा?
इस योजना का मुख्य लाभ निम्न आय वर्ग के कर्मचारियों और स्वयंसेवकों को मिलेगा। - इस दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत कौन-कौन से बीमा कवर शामिल हैं?
इस दुर्घटना बीमा योजना में 1 लाख रुपए तक का जीवन बीमा, 40 लाख रुपए तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, और हवाई दुर्घटना के लिए भी 40 लाख रुपए तक का बीमा कवर शामिल है। - क्या इस योजना के तहत कर्मचारियों को जीरो बैलेंस पर बैंक खाता खोलने की सुविधा मिलेगी?
हाँ, इस योजना के तहत पात्र कर्मचारियों का वेतन खाता जीरो बैलेंस पर खोला जाएगा और साथ में मुफ्त रुपे डेबिट कार्ड भी दिया जाएगा।