छत्तीसगढ़ में निजी अस्पतालों की मनमानी पर लगाम, बकाया बिल के लिए नहीं रोक सकते शव, जानें अपने 5 अधिकार

Umeshwari Baghel | Published:
निजी अस्पताल बकाया बिल के लिए नहीं रोक सकते शव, जानें मरीजों के अधिकार
Chhattisgarh Nursing Home Act :परिवार में जब कोई गंभीर रूप से बीमार पड़ता है तो सबसे बड़ी चिंता उसकी जान बचाने की होती है। ऐसे समय में परिजन पैसों की चिंता किए बिना मरीज को निजी अस्पताल में भर्ती करा देते हैं। लेकिन कई बार इलाज के बाद अस्पताल का बिल देखकर परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाता है।

अनावश्यक जांच, महंगी दवाइयां और अतिरिक्त शुल्क जैसी शिकायतें भी सामने आती रहती हैं। ऐसी परिस्थितियों में मरीजों और उनके परिजनों को अपने कानूनी अधिकारों की जानकारी होना बेहद जरूरी है।



छत्तीसगढ़ नर्सिंग होम एक्ट, 2010 और स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत निजी अस्पतालों के संचालन के लिए नियम निर्धारित किए गए हैं। इन नियमों का उल्लंघन करने वाले अस्पतालों के खिलाफ जांच और कार्रवाई हो सकती है।



बकाया भुगतान के लिए शव रोकना गलत

इलाज के दौरान यदि किसी मरीज की मौत हो जाती है और उसके उपचार का बिल बकाया है, तो अस्पताल प्रबंधन भुगतान के लिए शव को नहीं रोक सकता। अस्पताल को मृतक का शव नियमानुसार परिजनों को सौंपना होगा।



अस्पताल अपनी बकाया राशि की वसूली के लिए कानूनी प्रक्रिया अपना सकता है, लेकिन इसके लिए शोक में डूबे परिवार पर शव रोककर दबाव बनाना उचित नहीं है। ऐसी स्थिति में परिजन स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन से तत्काल मदद मांग सकते हैं।



अस्पताल में दिखनी चाहिए इलाज की रेट लिस्ट

निजी अस्पतालों में उपचार से जुड़े शुल्क की जानकारी मरीजों को आसानी से उपलब्ध होनी चाहिए। अस्पताल के रिसेप्शन या प्रमुख स्थान पर ओपीडी शुल्क, सामान्य वार्ड, निजी कमरे, आईसीयू, ऑपरेशन और प्रमुख जांचों की दरें प्रदर्शित की जानी चाहिए।



इससे मरीज और उसके परिजन भर्ती होने से पहले संभावित खर्च का अंदाजा लगा सकते हैं। निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने की शिकायत होने पर संबंधित दस्तावेजों के आधार पर जांच कराई जा सकती है।



ऑपरेशन से पहले खर्च की जानकारी मांग सकते हैं परिजन

किसी बड़े ऑपरेशन या महंगे उपचार से पहले मरीज और उसके परिवार को इलाज की प्रक्रिया, संभावित जोखिम और अनुमानित खर्च की जानकारी पाने का अधिकार है।



इलाज के दौरान मरीज की स्थिति बदलने से खर्च बढ़ सकता है। ऐसे में अस्पताल प्रबंधन को परिजनों को इसकी जानकारी देनी चाहिए। मरीज के परिवार को अस्पताल से खर्च का लिखित अनुमान और भुगतान की पक्की रसीद मांगनी चाहिए।



जांच रिपोर्ट और मेडिकल रिकॉर्ड पर मरीज का अधिकार

अस्पताल में भर्ती मरीज अपनी जांच रिपोर्ट, उपचार से संबंधित दस्तावेज और दवाइयों का विवरण प्राप्त कर सकता है। दूसरे अस्पताल में इलाज कराने या विशेषज्ञ डॉक्टर से सलाह लेने के लिए भी इन दस्तावेजों की जरूरत पड़ती है।



अस्पताल से छुट्टी मिलने के दौरान मरीज को डिस्चार्ज समरी उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इसमें बीमारी, किए गए उपचार और आगे ली जाने वाली दवाइयों की जानकारी होती है।



महंगी दवाइयों और गैरजरूरी जांच के लिए दबाव नहीं बना सकते

मरीज को बिना चिकित्सकीय जरूरत के बार-बार जांच कराने या किसी विशेष मेडिकल स्टोर से महंगी दवाइयां खरीदने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। मरीज के परिजन डॉक्टर से जांच और दवाइयों की आवश्यकता के बारे में सवाल पूछ सकते हैं। जरूरत पड़ने पर दूसरे विशेषज्ञ की सलाह भी ले सकते हैं।



अस्पताल की शिकायत कहां और कैसे करें?

निजी अस्पताल में मनमाना शुल्क वसूलने या मरीजों के अधिकारों का उल्लंघन होने पर स्वास्थ्य विभाग की हेल्पलाइन 104 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा संबंधित जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय में लिखित शिकायत दी जा सकती है।



शिकायत के साथ अस्पताल का बिल, भुगतान की रसीद, जांच रिपोर्ट और अन्य जरूरी दस्तावेज संलग्न करें। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर अस्पताल के खिलाफ जुर्माना लगाने से लेकर पंजीयन निरस्त करने तक की कार्रवाई नियमानुसार हो सकती है।

Tags:
  • Chhattisgarh Nursing Home Act, 2010
  • अस्पताल बिल विवाद
  • Hospital bill dispute
  • निजी अस्पताल अधिकार
  • Private hospital rights
  • Health Department
  • Medical records access
  • अस्पताल शिकायत