गवाही देने से डरिए मत! छत्तीसगढ़ में अब सरकार देगी सुरक्षा, जरूरत पड़ी तो बदलेगी नाम और पहचान, जानिए क्या है नई योजना

Umeshwari Baghel | Published:
छत्तीसगढ़ में गवाहों और उनके परिवार की सुरक्षा करेगी राज्य सरकार
रायपुर। किसी अपराध को अपनी आंखों से देखने के बावजूद कई लोग अदालत में गवाही देने से पीछे हट जाते हैं। इसकी बड़ी वजह अपराधियों का डर और परिवार की सुरक्षा की चिंता होती है। कई बार गवाहों पर बयान बदलने का दबाव भी बनाया जाता है। अब छत्तीसगढ़ में ऐसे लोगों की मदद के लिए सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

यदि किसी गवाह को जान का खतरा है तो सरकार उसकी पहचान बदलने के साथ उसे ऐसी जगह भेजने की व्यवस्था भी कर सकेगी, जहां वह सुरक्षित रह सके। राज्य सरकार ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 398 के तहत छत्तीसगढ़ साक्षी संरक्षण योजना 2026 अधिसूचित की है। इसका मकसद गवाहों को ऐसा सुरक्षित माहौल देना है, जिसमें वे बिना किसी डर या दबाव के अदालत में अपनी बात रख सकें।




खतरे की गंभीरता देखकर तय होगी सुरक्षा

सरकार ने योजना के तहत गवाहों को मिलने वाली सुरक्षा को तीन श्रेणियों में बांटा है। पुलिस खतरे का आकलन करेगी और उसी के आधार पर सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे।



श्रेणी ए: ऐसे गवाह, जिनकी या उनके परिवार के सदस्यों की जान को विश्वसनीय खतरा हो।



श्रेणी बी: ऐसे मामले, जिनमें शारीरिक सुरक्षा, स्वतंत्रता, सामाजिक प्रतिष्ठा या बड़ी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का खतरा हो।



श्रेणी सी: फोन या सोशल मीडिया के जरिए धमकी देने, परेशान करने, सामाजिक दबाव बनाने और गवाही में बाधा डालने जैसे मामले।



इस व्यवस्था से अलग-अलग परिस्थितियों में गवाहों की जरूरत के मुताबिक सुरक्षा के उपाय तय किए जा सकेंगे।



घर से अदालत तक सुरक्षा का इंतजाम

योजना के तहत जरूरतमंद गवाहों को सुरक्षित स्थान पर ठहराने की सुविधा दी जा सकेगी। अदालत में पेशी के दौरान पुलिसकर्मी उनके साथ रह सकेंगे। गवाह के घर के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने की व्यवस्था भी होगी।



इसके अलावा विशेष परिस्थितियों में आर्थिक सहायता देने का प्रावधान रखा गया है। यदि मौजूदा स्थान पर रहना जोखिम भरा है तो गवाह और उसके परिवार को दूसरी जगह बसाने का फैसला लिया जा सकेगा।




कौन और कहां कर सकेगा आवेदन?

सुरक्षा हासिल करने के लिए गवाह खुद आवेदन कर सकता है। इसके अलावा उसका अधिकृत परिजन या वकील भी आवेदन दे सकेगा। जांच अधिकारी, थाना प्रभारी, एसडीओपी, जेल अधीक्षक और लोक अभियोजक को भी लिखित कारणों के साथ आवेदन करने का अधिकार होगा।



आवेदन उस जिले के सक्षम प्राधिकारी के पास जमा करना होगा, जहां संबंधित अपराध हुआ है। इसके लिए ऑफलाइन के साथ सुरक्षित ऑनलाइन माध्यम का विकल्प भी रखा गया है।



तत्काल खतरा होने पर एसपी देंगे सुरक्षा

आवेदन मिलने के बाद पुलिस पांच कार्यदिवस के भीतर खतरे से जुड़ी गोपनीय रिपोर्ट तैयार करेगी। रिपोर्ट मिलने के अगले पांच कार्यदिवस में सक्षम प्राधिकारी को आवेदन पर फैसला लेना होगा।



हालांकि, यदि किसी गवाह की जान या शारीरिक सुरक्षा को तत्काल गंभीर खतरा है तो उसे पूरी प्रक्रिया खत्म होने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। ऐसी स्थिति में पुलिस अधीक्षक अधिकतम सात दिनों के लिए अंतरिम सुरक्षा उपलब्ध करा सकेंगे।




तीन महीने बाद होगी सुरक्षा की समीक्षा

योजना के तहत सामान्य तौर पर अधिकतम तीन महीने के लिए सुरक्षा आदेश जारी किया जाएगा। इसके बाद परिस्थितियों की समीक्षा होगी। सुरक्षा आगे भी जारी रखने के लिए राज्य साक्षी संरक्षण प्राधिकरण की मंजूरी जरूरी होगी।



नई पहचान देने, दूसरे राज्य में स्थानांतरित करने और निर्धारित सीमा से अधिक बार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी प्राधिकरण की सहमति लेनी होगी।



जिला स्तर पर बनेगी स्थायी समिति

योजना को लागू करने के लिए राज्य और जिला स्तर पर अलग-अलग व्यवस्था बनाई गई है। राज्य स्तरीय प्राधिकरण की अध्यक्षता गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव या प्रमुख सचिव करेंगे। वहीं, जिले में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली स्थायी समिति आवेदनों पर निर्णय लेगी। सुरक्षा आदेश का पालन कराने की जिम्मेदारी संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक की होगी।



Tags:
  • छत्तीसगढ़ साक्षी संरक्षण योजना 2026
  • Witness Protection Program Chhattisgarh
  • गवाह सुरक्षा योजना छत्तीसगढ़
  • Chhattisgarh Witness Protection Scheme 2026
  • Witness Safety India
  • भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023
  • सुरक्षित स्थान गवाह
  • Indian Citizen Protection Code 2023