सीएम हेल्पलाइन में मंत्री गजेंद्र यादव की शिकायत, पोर्टल में ही अटक गई कम्प्लेंट

Arun Tiwari | Jun 12, 2026, 11:57 IST
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के खिलाफ शिकायत
छत्तीसगढ़ में सीएम हेल्पलाइन का नया विवाद! सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के अभ्यर्थियों ने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पोर्टल पर माननीयों के खिलाफ शिकायत की श्रेणी न होने के कारण उनकी आवाज दर्ज नहीं हो सकी।

Raipur. छत्तीसगढ़ में हाल ही में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सीएम हेल्पलाइन की शुरुआत की है। इस हेल्पलाइन में कोई भी किसी भी तरह की शिकायत दर्ज कर सकता है। इस पोर्टल में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की शिकायत हुई। शिकायत करने वाले युवाओं ने कहा कि कोर्ट के ऑर्डर के बाद भी मंत्री उनको नियुक्ति नहीं दे रहे हैं। पोर्टल पर मंत्री के खिलाफ शिकायत दर्ज नहीं कि गई। शिकायत करने वालों से कह दिया गया कि इस तरह की कैटेगरी न होने से शिकायत दर्ज नहीं की जा सकती। सवाल पैदा होता है कि क्या माननीय के खिलाफ शिकायत के लिए यह पोर्टल नहीं है।



माननीय के खिलाफ शिकायत नहीं:

सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी नियुक्ति की मांग कर रहे हैं और इस संबंध में स्कूल शिक्षा मंत्री के खिलाफ शिकायत दर्ज कराना चाहते थे। लेकिन पोर्टल पर शिकायत स्वीकार नहीं की गई। उनका आरोप है कि शिकायत की श्रेणी ही उपलब्ध नहीं कराई गई, जिसके कारण वे अपनी बात दर्ज नहीं करा सके।



कोर्ट के आर्डर के बाद भी नियुक्ति नहीं:

अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया से जुड़े करीब 2300 पद न्यायालय में लंबित मामले के कारण प्रभावित हुए हैं। उनका दावा है कि कोर्ट के आदेश के बावजूद कई योग्य अभ्यर्थियों को अब तक नियुक्ति नहीं मिल सकी है। इसी मुद्दे को लेकर वे लगातार सरकार और शिक्षा विभाग का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास कर रहे हैं।



6 माह से कर रहे प्रदर्शन:

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का यह भी कहना है कि मेरिट सूची में नाम आने के बावजूद उन्हें अब तक जॉइनिंग लेटर नहीं मिला है। उनका आरोप है कि विभागीय स्तर पर लगातार देरी हो रही है, जिससे उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है। उनका कहना है कि यदि शिकायत दर्ज कराने का मंच भी प्रभावी ढंग से उपलब्ध नहीं होगा तो अपनी समस्या संबंधित अधिकारियों तक कैसे पहुंचाई जाए।



अंधकार में भविष्य:

आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने सरकार से जल्द नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने और लंबित मामलों का समाधान निकालने की मांग की है। उनका कहना है कि यह लड़ाई केवल नौकरी की नहीं, बल्कि उनके भविष्य और परिवार की आजीविका से जुड़ी है। वहीं सरकार के सामने चुनौती यह है कि एक ओर आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए और दूसरी ओर भर्ती जैसे संवेदनशील मामलों में पारदर्शिता और समयबद्ध निर्णय लेकर युवाओं का भरोसा भी कायम रखा जाए।



दो दिन में इतनी शिकायतें:

सरकारी आंकड़ों के अनुसार इस विशेष अभियान के पहले दो दिनों में कुल 7,769 शिकायतें पोर्टल पर दर्ज की गईं। इनमें से 17 शिकायतों का तत्काल निराकरण कर दिया गया, जबकि शेष हजारों शिकायतें प्रक्रिया में बताई जा रही हैं। सरकार का दावा है कि आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन लगातार सक्रिय है और त्वरित कार्रवाई की जा रही है।



बड़ा सवाल:

इस पूरे मामले में यह सवाल खड़ा होता है कि क्या यह हेल्पलाइन सिर्फ छोटी-छोटी समस्याओं के लिए है। माननीयों के सामने सीएम हेल्पलाइन भी हेल्पलेस हो जाती है।



FAQ

  1. सीएम हेल्पलाइन क्या है?
    सीएम हेल्पलाइन राज्य सरकार का एक ऑनलाइन और टेलीफोन आधारित शिकायत निवारण सिस्टम है, जिसके जरिए नागरिक अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सीधे सरकार तक पहुंचा सकते हैं ताकि उनका समय पर समाधान किया जा सके।
  2. सीएम हेल्पलाइन में कौन शिकायत दर्ज कर सकता है?
    सीएम हेल्पलाइन आम नागरिकों के साथ-साथ राज्य में सरकारी विभागों से संबंधित शिकायतों के लिए खुली है। लेकिन कुछ मामलों में जैसे मंत्री या उच्च अधिकारियों के खिलाफ शिकायत, पोर्टल पर श्रेणी उपलब्ध नहीं होने के कारण सीधे दर्ज नहीं हो पाती।
  3. शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के खिलाफ शिकायत क्यों की गई?
    सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के खिलाफ शिकायत इसलिए की क्योंकि कोर्ट के आदेश के बावजूद उन्हें नियुक्ति नहीं दी जा रही थी। अभ्यर्थियों का आरोप है कि विभागीय देरी और प्रक्रियाओं के कारण मेरिट सूची में शामिल कई योग्य उम्मीदवारों को अभी तक जॉइनिंग लेटर नहीं मिला, जिससे उनका भविष्य और आजीविका प्रभावित हो रही है।

ये खबरें भी पढ़ें...

साय सरकार का बड़ा फैसला; जल्द शुरू होगा सीएम हेल्पलाइन नंबर, लापरवाह अफसरों की अब खैर नहीं



घर बैठे दूर होगी हर परेशानी : सीएम हेल्पलाइन 1076 शुरू करने की तैयारी में छत्तीसगढ़ सरकार



इंदौर जिला प्रशासन के राजस्व में बुरे हाल, सीएम हेल्पलाइन में भी ए से डी ग्रेड में पहुंचा



सीएम हेल्पलाइन की वीडियो मीटिंग में हंसी पड़ी भारी, बालाघाट SP ने ASI को किया सस्पेंड



Tags:
  • मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
  • छत्तीसगढ़
  • सीएम हेल्पलाइन
  • शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव
  • सहायक शिक्षक भर्ती 2023