डीएसपी कल्पना को फंसाने वाले दीपक टंडन का नया कांड: ASP और TI समेत कई अफसरों से ट्रांसफर के नाम पर वसूले पैसे

Umeshwari Baghel | Nov 12, 2026, 11:58 IST
दीपक टंडन पर पुलिस अफसरों से ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर पैसे लेने का आरोप।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में डीएसपी कल्पना वर्मा पर लव ट्रैप में फंसाकर पैसे ऐंठने का आरोप लगाने वाले होटल कारोबारी दीपक टंडन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब दीपक पर पुलिस विभाग के बड़े अधिकारियों को भी ठगने के आरोप सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि उसने मनचाही जगह ट्रांसफर और अच्छी पोस्टिंग दिलाने का भरोसा

देकर चार एडिशनल एसपी, तीन डीएसपी और कुछ थाना प्रभारियों से पैसे लिए थे। हालांकि, रकम लेने के बाद किसी अधिकारी का काम नहीं हुआ। इस मामले में सामने आए आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।



पोस्टिंग के लिए दिए पैसे, काम नहीं हुआ तो शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, पिछली सरकार के कार्यकाल में कुछ पुलिस अधिकारी अपनी पसंद की जगह पोस्टिंग चाहते थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात दीपक टंडन से हुई। आरोप है कि दीपक ने बड़े नेताओं और अधिकारियों से अपनी पहचान होने का दावा करते हुए ट्रांसफर कराने का भरोसा दिलाया।



उसकी बातों में आकर कई अधिकारियों ने उसे पैसे दे दिए, लेकिन काफी समय गुजरने के बाद भी उनकी पोस्टिंग नहीं हुई। जब अधिकारियों ने अपनी रकम वापस मांगी तो दीपक अलग-अलग बहाने बनाकर बात टालता रहा।




बताया जा रहा है कि एक एडिशनल एसपी ने दबाव बनाकर अपनी रकम वापस ले ली, जबकि तीन अन्य अधिकारियों के पैसे फंस गए। यहां तक दावा किया जा रहा है कि अपनी रकम निकालने के लिए कुछ अधिकारी दीपक का होटल भी संभालने लगे थे। हालांकि, इस दावे की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।



कभी आईएएस तो कभी आईपीएस बनकर करता था फोन

दीपक टंडन पर केवल पुलिस अधिकारियों को झांसा देने के आरोप नहीं हैं। पुलिस तक पहुंची शिकायतों के अनुसार, वह अलग-अलग विभागों का बड़ा अधिकारी बनकर भी लोगों से संपर्क करता था।



कभी खुद को आईएएस या आईपीएस अधिकारी बताता तो कभी आईएफएस, कमिश्नर या किसी सरकारी विभाग का एमडी होने का दावा करता था। इसके बाद सामने वाले व्यक्ति को सरकारी काम दिलाने या किसी विभाग में उसकी मदद करने का भरोसा देता था।



आरोप है कि वह अपनी पहचान मजबूत दिखाने के लिए नेताओं और बड़े अफसरों के साथ खिंचवाई गई तस्वीरें भी दिखाता था। लोगों से मुलाकात के लिए अक्सर उन्हें अपने होटल बुलाता था।




सरकारी ठेके दिलाने के नाम पर कारोबारियों से वसूली का आरोप

दीपक पर सरकारी विभागों में ठेके दिलाने के बहाने कारोबारियों से पैसे लेने के भी आरोप लगे हैं। शिकायतों में कोयला कारोबार, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग और पर्यटन मंडल से जुड़े कामों का जिक्र सामने आया है।



बताया जा रहा है कि वह ठेकेदारों और सामान सप्लाई करने वाले कारोबारियों को फोन करके खुद को बड़े पद पर बैठा अधिकारी बताता था। इसके बाद सरकारी ठेका दिलाने का भरोसा देकर उनसे रकम मांगता था।



कुछ कारोबारियों ने उस पर धमकाकर पैसे मांगने के आरोप भी लगाए हैं। पुलिस के पास ऐसी कई शिकायतें पहुंचने की बात सामने आई है, जिनकी जांच की जा रही है।




सक्ती के कारोबारी ने लगाया 15 लाख रुपए की ठगी का आरोप

सक्ती के रहने वाले कारोबारी किशन शर्मा ने भी दीपक टंडन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। किशन का कहना है कि दीपक ने सरकारी विभाग में बड़ा टेंडर दिलाने का भरोसा देकर उनसे 15 लाख रुपए लिए थे।



दीपक ने दावा किया था कि उसकी बड़े लोगों से पहचान है और वह आसानी से काम दिला सकता है। भरोसा दिलाने के लिए उसने एचडीएफसी बैंक का चार लाख रुपए का चेक भी दिया था।



जब कारोबारी को टेंडर नहीं मिला तो उसने अपने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि दीपक लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में जब कारोबारी ने चेक बैंक में लगाया तो पता चला कि जिस खाते का चेक दिया गया था, वह पहले ही बंद हो चुका था।



हनी बायजर न्यूज पोर्टल की भूमिका भी सवालों में

दीपक टंडन के एक न्यूज पोर्टल को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, उसने करीब चार महीने पहले हनी बायजर नाम से एक न्यूज पोर्टल शुरू किया था।



आरोप है कि इस पोर्टल का इस्तेमाल अपने विरोधियों और कुछ अधिकारियों के खिलाफ खबरें चलाने के लिए किया जाता था। यह भी दावा किया जा रहा है कि जिन अधिकारियों से उसके संबंध थे, उनके विरोधियों को निशाना बनाने के लिए पोर्टल पर खबरें प्रकाशित होती थीं।




होटल के कमरों में खुफिया कैमरों की चर्चा, पुष्टि नहीं

दीपक टंडन के होटल को लेकर भी नई चर्चाएं सामने आई हैं। होटल के कमरों में खुफिया कैमरे लगाकर लोगों की रिकॉर्डिंग किए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि, इस संबंध में कोई पुख्ता जानकारी या पुलिस की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। ऐसे में फिलहाल इसे केवल चर्चा और अपुष्ट दावे के तौर पर ही देखा जा रहा है।



पत्नी बरखा टंडन भी गिरफ्तार, मोबाइल से मिले कई चैट

दीपक टंडन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी पत्नी बरखा टंडन को भी गिरफ्तार किया है। बुधवार को कोर्ट में पेश करने के बाद बरखा को जेल भेज दिया गया।



पुलिस ने बरखा का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। शुरुआती जांच में मोबाइल से कई चैट और बातचीत के स्क्रीनशॉट मिलने की जानकारी सामने आई है। इनमें एक पूर्व मंत्री, आईएएस अधिकारी और डीएसपी से जुड़ी बातचीत होने की बात कही जा रही है।



इसके अलावा मोबाइल की फोटो गैलरी में भी कई लोगों से हुई बातचीत के स्क्रीनशॉट मिले हैं। पुलिस इनकी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनका संबंधित मामलों से कोई संबंध है या नहीं।



पूछताछ में सहयोग नहीं करने का पुलिस का दावा

पुलिस के अनुसार, बरखा टंडन पूछताछ में सहयोग नहीं कर रही है। अधिकारियों के सवालों पर वह किसी भी मामले की जानकारी होने से इनकार कर रही है।



मोबाइल से मिले चैट और स्क्रीनशॉट के बारे में पूछे जाने पर भी उसने कोई जानकारी नहीं दी। अब पुलिस इन डिजिटल सबूतों की जांच के जरिए पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने की कोशिश कर रही है।



दूसरे की संपत्ति बेचने और साधना मंडपम हड़पने का भी आरोप

टीआई अजय झा के मुताबिक, दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा पर डॉ. सरिता वाजपेयी के साधना मंडपम पर कब्जा करने की कोशिश का भी आरोप है। इसके अलावा दोनों पर दूसरे व्यक्ति के रेस्टोरेंट और गाड़ी का सौदा करके ठगी करने के आरोप भी लगे हैं।



इसी मामले में बरखा की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस अब इन आरोपों से जुड़े दस्तावेजों और दूसरे सबूतों की जांच कर रही है।



दीपक को रायपुर लाकर पूछताछ की तैयारी

पुलिस अब दीपक टंडन को प्रोडक्शन वारंट के जरिए बिलासपुर से रायपुर लाने की तैयारी कर रही है। उससे पूछताछ में ठगी से जुड़ी दूसरी शिकायतों की जानकारी मिलने की उम्मीद है।



इसके साथ ही पुलिस बरखा टंडन को भी रिमांड पर लेकर दोनों से आमने-सामने पूछताछ करने की तैयारी में है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि अलग-अलग लोगों से ली गई रकम कहां गई और इन मामलों में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।



फिलहाल दीपक और बरखा टंडन के खिलाफ सामने आए कई आरोप जांच के दायरे में हैं। पुलिस की जांच और आधिकारिक पुष्टि के बाद ही इनकी सच्चाई पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Tags:
  • दीपक टंडन पोस्टिंग ठगी
  • बरखा टंडन गिरफ्तार
  • एडिशनल एसपी पैसे
  • हनी बायजर न्यूज पोर्टल
  • साधना मंडपम कब्जा
  • सरकारी ठेका ठगी
  • Deepak Tandon postings fraud
  • Barkha Tandon arrested