रायपुर में गुटखा कारोबारी के ठिकाने पर DGGI की छापेमारी, गोदाम से मिले सितार गुटखे के 50 से ज्यादा बोरे
रायपुर में गुटखा कारोबार को लेकर डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) ने बड़ी कार्रवाई की है। महाराष्ट्र से मिले इनपुट के आधार पर मंगलवार को DGGI की टीम ने शहर के शदाणी दरबार मार्केट स्थित एक गोदाम पर छापा मारा। करीब तीन गाड़ियों में पहुंची टीम ने गोदाम की जांच की और वहां रखे दस्तावेजों के साथ गुटखा स्टॉक की भी पड़ताल की।
जांच के दौरान अधिकारियों को गोदाम में सितार कंपनी के गुटखे के 50 से ज्यादा बोरे मिले हैं। फिलहाल टीम यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में रखा गया गुटखा किसका है और इसे कहां से लाया गया था। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ भी की है।
महाराष्ट्र से मिले इनपुट के बाद हुई कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र से मिले कुछ अहम इनपुट के बाद DGGI अधिकारियों ने रायपुर में कार्रवाई की योजना बनाई थी। इसके बाद मंगलवार दोपहर टीम शदाणी दरबार मार्केट पहुंची और संबंधित गोदाम की जांच शुरू की।
कार्रवाई के दौरान गोदाम मालिक और वहां मौजूद कुछ लोगों को मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों ने उनसे गुटखे के स्टॉक और उससे जुड़े दस्तावेजों की जानकारी मांगी। पूरी कार्रवाई की रिकॉर्डिंग भी टीम ने अपने कैमरों में की है।
DGGI अधिकारियों ने गोदाम में मौजूद गुटखे की मात्रा, पैकिंग और सप्लाई से जुड़े रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही इस मामले में आगे की कार्रवाई तय होगी।
गुटखा कारोबारी बंटी से जुड़े होने की जांच
DGGI सूत्रों के अनुसार शुरुआती जांच में यह गोदाम गुटखा कारोबारी बंटी से जुड़ा होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि अधिकारियों ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बताया जा रहा है कि बंटी का छत्तीसगढ़ के दुर्ग में भी कारोबार से जुड़ा नेटवर्क है। कुछ समय पहले दुर्ग में भी गुटखा निर्माण से जुड़े ठिकाने पर कार्रवाई की गई थी। जांच एजेंसी अब रायपुर और दुर्ग की कार्रवाई के बीच कनेक्शन तलाश रही है।
सूत्रों के मुताबिक बंटी महाराष्ट्र से अपना कारोबार संचालित करता है। महाराष्ट्र के कल्याण क्षेत्र के पास गुटखा बनाने की फैक्ट्री होने की जानकारी सामने आई है। वहां से छत्तीसगढ़ सहित मध्य प्रदेश, मुंबई और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में सप्लाई किए जाने की जांच की जा रही है।
9 दिन पहले दुर्ग में हुई थी बड़ी कार्रवाई
इससे पहले करीब 9 दिन पहले सेंट्रल GST इंटेलिजेंस की टीम ने दुर्ग जिले के कुम्हारी इलाके में छापेमारी की थी। स्टेशन चौक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में सितार कंपनी का गुटखा बनाए जाने की जानकारी के बाद टीम वहां पहुंची थी।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने गुटखा बनाने वाली दो मशीनें और करीब 30 बोरे तैयार गुटखे के जब्त किए थे। टीम नेफैक्ट्रीसे जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की थी।
दुर्ग की कार्रवाई के बाद अब रायपुर में हुई छापेमारी को उसी जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। अधिकारियों को आशंका है कि गुटखा सप्लाई नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है।
दस्तावेजों और सप्लाई नेटवर्क की होगी जांच
DGGIकी टीम अब गोदाम से मिले दस्तावेजों की जांच करेगी। इसके अलावा गुटखा कहां से आया, किसे सप्लाई किया जाना था और इसके लिए कौन जिम्मेदार है, इन सभी बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है।
गुटखा कारोबार में टैक्स चोरी और अवैध सप्लाई की शिकायतों को लेकर GST विभाग समय-समय पर कार्रवाई करता रहा है। इस मामले में भी जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ होगी।
फिलहाल रायपुर के गोदाम से मिले गुटखे को टीम ने अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आने वाले दिनों में जांच के आधार पर और भी ठिकानों पर कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है।
FAQ
- DGGI ने रायपुर में गुटखा कारोबार के खिलाफ छापामारी क्यों की?
DGGI ने रायपुर में गुटखा कारोबार के खिलाफ छापामारी महाराष्ट्र से मिले इनपुट के आधार पर की, जिसमें शदाणी दरबार मार्केट स्थित एक गोदाम को लक्षित किया गया था। - छापे के दौरान DGGI को क्या मिला?
छापे के दौरान DGGI को गोदाम में सितार कंपनी के गुटखे के 50 से ज्यादा बोरे मिले, जिनकी जांच जारी है। - क्या मामले में गुटखा कारोबारी 'बंटी' का नाम सामने आया है?
हां, प्रारंभिक जांच में यह गोदाम गुटखा कारोबारी बंटी से जुड़ा होने की जानकारी सामने आई है, लेकिन अधिकारियों ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।