छत्तीसगढ़ में चार लोगों की सनसनीखेज हत्या: डोंगरगढ़ में मां-बेटे का कत्ल, रायपुर में बुजुर्ग पति-पत्नी की हत्या
फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हुई है।
डोंगरगढ़ में मां-बेटे की हत्या, बेटी गंभीर
डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के चौथना गांव में शुक्रवार रात यह वारदात हुई। जानकारी के मुताबिक, कमला सोनकर का परिवार सब्जी बेचने का काम करता है। रात में एक आरोपी घर में घुसा और धारदार हथियार से कमला सोनकर पर हमला कर दिया। इसके बाद उनके 21 वर्षीय बेटे हमेंद्र सोनकर पर भी हमला किया। हमले में मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि बेटी ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल ममता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ग्रीन कॉरिडोर बनाकर रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के समय कमला सोनकर का पति घर से बाहर था। शुरुआती जानकारी में पारिवारिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है। परिवार के एक रिश्तेदार पर भी संदेह है, लेकिन उसकी भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
डोंगरगढ़ SDOP केसरी नंदन नायक के मुताबिक, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
आरंग में बुजुर्ग पति-पत्नी की हत्या
दूसरी घटना रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम बीरबीरा की है। यहां सदासीराम साहू (65) और उनकी पत्नी आसबाती (62) के शव गुरुवार को उनके घर में मिले। शुरुआती जांच में दोनों की हत्या धारदार या नुकीली वस्तु से किए जाने की आशंका है। पुलिस के मुताबिक, हत्या करीब दो दिन पहले हुई होगी।
बुजुर्ग दंपती गांव में अकेले रहते थे और खेती-किसानी करते थे। उनके बेटे और बेटी की शादी हो चुकी है और सभी रायपुर में रहते हैं।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को आसपास के लोगों ने दंपती को देखा था। इसके बाद दो दिन तक उनके घर से कोई हलचल नहीं हुई। गुरुवार को पड़ोस में रहने वाला एक बुजुर्ग उन्हें देखने पहुंचा। आवाज लगाने पर कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने दरवाजे को धक्का दिया। दरवाजा खुलने पर घर के अंदर दोनों के शव पड़े मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जमीन विवाद से लेकर पारिवारिक रंजिश तक की जांच
सूचना मिलने के बाद आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। डॉग स्क्वाड और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस घर में जबरन प्रवेश के निशान, सामान की स्थिति और नकदी या जेवर गायब होने जैसी बातों की जांच कर रही है।
इसके अलावा जमीन-जायदाद के विवाद, पारिवारिक रंजिश और लेन-देन से जुड़े मामलों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले दंपती से कौन मिला था और मंगलवार के बाद गांव में कोई संदिग्ध व्यक्ति तो नहीं देखा गया।
मोबाइल कॉल और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मिलेगी मदद
आरंग हत्याकांड में पुलिस दंपती के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और हाल के संपर्कों की जांच भी करेगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत के संभावित समय और चोटों की प्रकृति का पता चलेगा। एफएसएल टीम से मिले साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जाएगा।
फिलहाल दोनों घटनाओं में हत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। डोंगरगढ़ में पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है, जबकि आरंग में बुजुर्ग दंपती की हत्या के मामले में अलग-अलग पहलुओं से जांच जारी है।