स्कूलों में साउंड बॉक्स से प्रार्थना मंजूर नहीं, लाउड स्पीकर खरीदने का दबाव, फंड नहीं तो शिक्षक अपनी जेब से करें इंतजाम!

VINAY VERMA | Published:
सरकारी स्कूलों में प्रार्थना के लिए पोंगा जरूरी! 3 दिन का अल्टीमेटम, शिक्षक बोले- पैसे कहां से लाएं?
Chhattisgarh government schools face controversy over mandatory loudspeakers for morning prayers, as teachers oppose the order and demand a separate budget for purchasing equipment.
छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में प्रार्थना को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। इस बार विवाद प्रार्थना में गाए जाने वाले गीत, मंत्र या श्लोक को लेकर नहीं, बल्कि उन्हें बजाने के तरीके को लेकर है। शिक्षा विभाग के अधिकारी चाहते हैं कि स्कूलों में प्रार्थना लाउडस्पीकर यानी पोंगा के जरिए कराई जाए। वहीं, शिक्षक पहले से उपलब्ध साउंड बॉक्स को पर्याप्त बता रहे हैं।

उनका सवाल है कि जब स्कूलों के पास पोंगा खरीदने के लिए अलग से कोई बजट ही नहीं है, तो इसकी व्यवस्था कहां से होगी? क्या शिक्षक अपनी जेब से सरकारी स्कूलों के लिए उपकरण खरीदेंगे?



विवाद बढ़ने पर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले के शिक्षकों ने शासन से शिकायत तक कर दी है। शिक्षकों का आरोप है कि जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से संकुल समन्वयकों के माध्यम से स्कूलों पर पोंगा लगाने का दबाव बनाया जा रहा है। जिन स्कूलों में लाउडस्पीकर नहीं हैं, उन्हें तीन दिन के भीतर इसकी व्यवस्था करने के लिए कहा गया है। ऐसा नहीं करने पर संस्था प्रमुख के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दिए जाने का भी आरोप है। इस फरमान से शिक्षक नाराज हैं। उनका कहना है कि विभाग पहले बजट उपलब्ध कराए, उसके बाद उपकरण खरीदने की बाध्यता तय करे।



डीईओ उपेंद्र देवांगन से बातचीत में उन्होंने ज्वाइंट डायरेक्टर के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि उसमें लाउडस्पीकर यानी पोंगा का स्पष्ट उल्लेख है। उनका कहना था कि वे उसी आदेश के अनुसार काम कर रहे हैं।




साउंड बॉक्स से क्यों है परहेज?

दरअसल, शासन के 12 जून 2026 के आदेश के तहत स्कूलों में राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान, राज्यगीत, सरस्वती वंदना, गुरु वंदना, गायत्री मंत्र, शांति मंत्र और भोजन मंत्र का नियमित गायन कराया जाना है। इसके लिए स्कूलों में उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। कई स्कूलों में पहले से साउंड बॉक्स मौजूद हैं, जिनके जरिए प्रार्थना कराई जा रही है।



इसके बाद स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने रायपुर में एक बैठक में लाउडस्पीकर यानी पोंगा शब्द का इस्तेमाल किया था। अधिकारियों ने उसी का अक्षरशः पालन करते हुए बैठकों में इसे अनिवार्य बताना शुरू कर दिया।



शिक्षकों का कहना है कि शासन के आदेश में उपलब्ध संसाधनों से प्रार्थना कराने की व्यवस्था है। इसमें पोंगा खरीदने की अनिवार्यता का उल्लेख नहीं है। इसके बावजूद केसीजी जिले में साउंड बॉक्स से प्रार्थना कराने को पर्याप्त नहीं माना जा रहा है। अधिकारियों की ओर से लाउडस्पीकर लगाने पर जोर दिया जा रहा है। सवाल यह है कि जब प्रार्थना कराने का उद्देश्य पूरा हो रहा है, तो फिर उपकरण के नाम पर अलग से बाध्यता क्यों बनाई जा रही है?




तीन दिन में पोंगा खरीदने का फरमान

शिक्षक संगठनों के मुताबिक, संकुल समन्वयकों के वाट्सऐप ग्रुप में संदेश भेजकर उन स्कूलों को तीन दिन के भीतर पोंगा की व्यवस्था करने के लिए कहा गया है, जहां लाउडस्पीकर नहीं हैं। संदेश में व्यवस्था नहीं होने पर संस्था प्रमुख के खिलाफ कार्रवाई की बात भी कही गई है।



शिक्षक संघ का कहना है कि प्राथमिक स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या कम होने के कारण शाला आकस्मिक निधि भी सीमित रहती है। जून में मिली राशि पहले ही स्कूलों की जरूरी गतिविधियों पर खर्च हो चुकी है। अभी इस मद में कोई नया आवंटन नहीं हुआ है। ऐसे में स्कूलों के पास पोंगा खरीदने के लिए पैसे नहीं हैं।



छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के जिलाध्यक्ष रामलाल साहू का आरोप है कि जब इस समस्या को लेकर डीईओ उपेंद्र देवांगन से चर्चा की गई, तो उन्होंने शिक्षकों को अपने वेतन से पोंगा खरीदने की बात कही। संघ का दावा है कि अधिकारी ने साफ कहा कि फंड नहीं है, तो शिक्षक या प्रधान पाठक अपने वेतन से व्यवस्था करें, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें।




कलेक्टर तक पहुंचा मामला, फिर भी विवाद

इस मामले में शिक्षक फेडरेशन ने जिला शिक्षा अधिकारी और खैरागढ़ के एसडीएम को ज्ञापन सौंपा था। संगठन का दावा है कि मामला कलेक्टर के संज्ञान में आने के बाद डीईओ से स्पष्टीकरण भी मांगा गया और कार्रवाई की जानकारी देने को कहा गया। इसके बावजूद संकुल स्तर पर बैठकों और संदेशों के जरिए पोंगा लगाने का दबाव जारी है।



शिक्षकों ने सवाल उठाया है कि यदि लाउडस्पीकर से ही प्रार्थना कराने का कोई अनिवार्य आदेश है, तो उसकी लिखित प्रति उपलब्ध क्यों नहीं कराई जा रही? क्या किसी अधिकारी के मौखिक निर्देश से स्कूलों पर नया खर्च थोपना उचित है? उनका कहना है कि प्रदेश के दूसरे जिलों में भी स्कूलों में प्रार्थना कराई जा रही है, लेकिन वहां इस तरह पोंगा लगाने की बाध्यता सामने नहीं आई है।




1000 शिक्षकों के साथ आंदोलन की चेतावनी

विवाद अब प्रशासनिक निर्देश से आगे बढ़कर शिक्षक आंदोलन का मुद्दा बनता जा रहा है। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के प्रांताध्यक्ष रविंद्र राठौर ने सरकार को आंदोलन की चेतावनी दी है। संगठन की मांग है कि यदि पोंगा अनिवार्य है, तो शासन इसके लिए अलग से बजट जारी करे। शिक्षकों को अपने वेतन से उपकरण खरीदने के लिए बाध्य नहीं किया जाए। साथ ही, पोंगा अनिवार्य करने वाले लिखित आदेश की प्रति भी उपलब्ध कराई जाए।



जिलाध्यक्ष रामलाल साहू ने चेतावनी दी है कि यदि दबाव की यह व्यवस्था बंद नहीं हुई, तो जिले के करीब एक हजार शिक्षकों के साथ बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।



अब सवाल यह है कि स्कूलों में प्रार्थना कराने के लिए संसाधन उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है या शिक्षकों की? जब शासन ने प्रार्थना का निर्देश दिया है, तो उसके लिए जरूरी उपकरणों का बजट दिए बिना खरीदारी की बाध्यता कैसे तय की जा सकती है?

Tags:
  • सरकारी स्कूलों में प्रार्थना
  • School Prayer Loudspeaker Mandate
  • स्कूलों में लाउडस्पीकर से प्रार्थना
  • Government School Funding Issues
  • छत्तीसगढ़
  • स्कूलों में पोंगा विवाद