GST असिस्टेंट कमिश्नर आंचल गिरी सस्पेंड, डेढ़ लाख की रिश्वत लेते ACB ने किया था गिरफ्तार

Umeshwari Baghel | Published:
डेढ़ लाख की रिश्वत मामले में GST असिस्टेंट कमिश्नर आंचल गिरी सस्पेंड, ACB का एक्शन
छत्तीसगढ़ के कांकेर में GST विभाग की एक बड़ी अधिकारी को रिश्वत लेना महंगा पड़ गया। कबाड़ से भरी गाड़ी छोड़ने के बदले डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत मांगने के मामले में गिरफ्तार असिस्टेंट कमिश्नर आंचल गिरी को अब नौकरी से निलंबित कर दिया गया है। ACB ने कल शनिवार को उन्हें रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा था।

इस कार्रवाई के बाद राज्य कर विभाग ने भी सख्त रुख अपनाते हुए उनके निलंबन का आदेश जारी कर दिया है।



रिश्वत मामले में गिरफ्तारी के बाद विभाग ने लिया एक्शन

राज्य कर आयुक्त की ओर से जारी आदेश में आंचल गिरी के खिलाफ लगे आरोपों को गंभीर माना गया है। विभाग के मुताबिक, ड्यूटी के दौरान रिश्वत मांगने का मामला छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम, 1965 के नियम 3 के उल्लंघन से जुड़ा है।




इसी आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय राज्य कर संयुक्त आयुक्त कार्यालय, जगदलपुर संभाग तय किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।



3 लाख के कबाड़ पर 10 लाख की पेनाल्टी का आरोप

पूरा मामला 18 नवंबर का है। कबाड़ कारोबारी मोहम्मद शौएब रंगरेज की गाड़ी स्क्रैप लेकर जा रही थी। कारोबारी का कहना है कि गाड़ी में मौजूद माल के सभी जरूरी बिल होने के बावजूद उसे रास्ते में रोक लिया गया।



आरोप है कि GST असिस्टेंट कमिश्नर आंचल गिरी ने गाड़ी पर 10 लाख रुपए की पेनाल्टी लगाने की बात कही, जबकि गाड़ी में लदे कबाड़ की कुल कीमत करीब 3 लाख रुपए ही थी।




कारोबारी ने यह भी आरोप लगाया कि आंचल गिरी उस कार्रवाई के लिए अधिकृत नहीं थीं, फिर भी उन्होंने गाड़ी रुकवाई और उसे जब्त करने की धमकी दी। इसके बाद गाड़ी छोड़ने और मामला खत्म करने के बदले पैसों की मांग शुरू हो गई।



पहले मांगे 2 लाख, फिर डेढ़ लाख में तय हुई बात

शिकायत के मुताबिक, गाड़ी छोड़ने के लिए शुरुआत में 2 लाख रुपए मांगे गए थे। बातचीत के बाद रकम घटाकर डेढ़ लाख रुपए कर दी गई। इसमें से 50 हजार रुपए पेनाल्टी के नाम पर काटने और बाकी रकम घर पहुंचाने की बात तय हुई।



लगातार पैसों की मांग से परेशान कारोबारी ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) से कर दी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले की जांच की और अधिकारी को पकड़ने के लिए योजना तैयार की।




ACB ने बिछाया जाल, रिश्वत लेते ही पकड़ा

ACB की रायपुर और जगदलपुर की संयुक्त टीम ने रिश्वत के लेन-देन पर नजर रखी। तय योजना के मुताबिक जैसे ही रिश्वत की रकम ली गई, टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए आंचल गिरी को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद मामला विभाग के बड़े अधिकारियों तक पहुंचा और अब उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई भी हो गई है।



रिश्वत के लेन-देन में मदद करने वाला इमरान मेमन भी पकड़ाया

इस मामले में आंचल गिरी के अलावा एक और व्यक्ति का नाम सामने आया है। ACB के मुताबिक, कांकेर के संजयनगर में रहने वाले 30 वर्षीय इमरान मेमन ने कथित तौर पर रिश्वत की रकम पहुंचाने में भूमिका निभाई थी। आरोप है कि अधिकारी ने कारोबारी से रकम इमरान के जरिए ली थी।



ACB ने इमरान मेमन को भी पकड़ लिया है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है।



फिलहाल आंचल गिरी को निलंबित कर दिया गया है और रिश्वत के इस पूरे मामले की जांच जारी है। जांच के बाद ही साफ होगा कि इस लेन-देन में और किसी की भूमिका थी या नहीं।



Tags:
  • आंचल गिरी
  • GST Assistant Commissioner suspended
  • जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर निलंबित
  • Bribery case
  • डेढ़ लाख की रिश्वत
  • ACB arrests official
  • निलंबन
  • राज्य कर विभाग