आय प्रमाण पत्र अटका है या राशन कार्ड नहीं बन रहा? 1076 पर फोन करें, तुरंत होगी सुनवाई
आपकी शिकायत संबंधित अधिकारियों तक पहुंचेगी और उस पर हुई कार्रवाई की जानकारी भी आपको मिलेगी। इस व्यवस्था का नाम है सीएम हेल्पलाइन। इसकी शुरुआत का मकसद है कि आम लोगों की समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचें और उनका तय समय में समाधान हो।
यह हेल्पलाइन 24 घंटे, सप्ताह के सातों दिन चालू रहती है। शिकायत दर्ज कराने के लिए किसी खास दिन या समय का इंतजार नहीं करना पड़ता। इस व्यवस्था की निगरानी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सचिवालय से की जा रही है। इसके लिए कर्मचारियों की तीन शिफ्टों में तैनाती की गई है। सचिव स्तर के अधिकारी भी इसकी निगरानी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का कहना है कि हमारी सरकार नागरिक-केंद्रित सुशासन के संकल्प और जवाबदेह शासन के लिए प्रतिबद्ध है। सीएम हेल्पलाइन 1076 यह सुनिश्चित करती है कि छत्तीसगढ़ के आम नागरिकों की हर शिकायत का त्वरित, पारदर्शी और जवाबदेही के साथ निराकरण किया जाए।
आपकी शिकायत कहां पहुंचेगी, कौन करेगा कार्रवाई?
इस हेल्पलाइन से छत्तीसगढ़ के 42 विभाग जुड़े हैं। करीब 8 हजार अधिकारी इसके जरिए शिकायतों पर काम कर रहे हैं। लोगों की अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इसमें 1 हजार 195 से अधिक तरह की शिकायतें दर्ज करने की सुविधा दी गई है। इसका मतलब है कि आय प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, किसान सम्मान निधि, धान खरीदी, जमीन विवाद और नामांतरण जैसी समस्याओं के लिए भी शिकायत की जा सकती है।
शिकायत दर्ज होते ही वह संबंधित जिले के कलेक्टर और विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंच जाती है। ब्लॉक से लेकर राज्य स्तर तक चार स्तरों पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। इससे यह पता रहता है कि शिकायत किस अधिकारी के पास है और उस पर क्या कार्रवाई हुई।
शिकायत के बाद क्या होगा, समझिए प्रक्रिया...
सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने से लेकर उसके समाधान तक की प्रक्रिया इस तरह काम करती है-
1. सबसे पहले 1076 पर फोन करें
आप टोल फ्री नंबर 1076 पर कॉल करके अपनी समस्या बताएं। कॉल सेंटर का कर्मचारी आपकी बात सुनेगा और शिकायत को ऑनलाइन दर्ज करेगा।
2. शिकायत संबंधित अधिकारी तक पहुंचेगी
आपकी समस्या जिस जिले या विभाग से जुड़ी है, वहां के कलेक्टर और संबंधित अधिकारी को जानकारी भेजी जाएगी। शिकायत डिजिटल सिस्टम में दर्ज होने के कारण उसकी आगे की प्रक्रिया पर नजर रखी जा सकेगी।
3. जरूरत पड़ने पर मौके पर होगी जांच
शिकायत के प्रकार के अनुसार तहसीलदार, जनपद सीईओ, थाना प्रभारी या संबंधित अधिकारी जांच कर सकते हैं। जांच और कार्रवाई के बाद रिपोर्ट ऑनलाइन दर्ज की जाएगी।
4. आपसे पूछा जाएगा कि समस्या हल हुई या नहीं
कार्रवाई की रिपोर्ट आने के बाद कॉल सेंटर से आपको दोबारा फोन किया जाएगा। आपसे पूछा जाएगा कि आपकी समस्या का समाधान हुआ या नहीं और आप कार्रवाई से संतुष्ट हैं या नहीं।
आपकी संतुष्टि के बिना शिकायत बंद नहीं होगी
इस हेल्पलाइन की खास बात यह है कि शिकायत का निपटारा दिखा देने भर से मामला बंद नहीं होगा। शिकायत दर्ज होते ही आपको यूनिक आईडी दी जाएगी। इसकी मदद से आप ऑनलाइन अपनी शिकायत की स्थिति देख सकते हैं। जब संबंधित विभाग कार्रवाई पूरी कर लेगा, तब कॉल सेंटर से आपसे संपर्क किया जाएगा। यदि आप बताते हैं कि समस्या अभी भी बनी हुई है या आप समाधान से संतुष्ट नहीं हैं, तो शिकायत दोबारा जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों तक भेज दी जाएगी। यानी किसी अधिकारी की रिपोर्ट में शिकायत का समाधान दिखा देना पर्याप्त नहीं होगा। आपकी प्रतिक्रिया भी इस प्रक्रिया का हिस्सा होगी।
व्हाट्सऐप से भी जुड़ सकेंगे लोग
इस हेल्पलाइन को व्हाट्सऐप से भी जोड़ा गया है। इससे लोग अपने मोबाइल के जरिए शिकायत, सुझाव और प्रतिक्रिया भेज रहे हैं। इसके अलावा 1076 पर फोन करके छत्तीसगढ़ में चल रही योजनाओं और अलग-अलग सेवाओं की जानकारी भी ली जा सकती है।
किन समस्याओं के लिए कर सकते हैं फोन?
आप इन जैसे मामलों में 1076 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं—
- आय प्रमाण पत्र बनने में देरी या परेशानी
- राशन कार्ड बनवाने या उससे जुड़ी समस्या
- किसान सम्मान निधि की राशि नहीं मिलना
- धान खरीदी से जुड़ी शिकायत
- जमीन का नामांतरण अटकना
- जमीन से जुड़े विवाद
- दूसरी योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिलने में परेशानी।
Ro-13847/6