IN vs ZIM Women T20: रायपुर में भिड़ेंगी भारत-जिम्बाब्वे की टीमें, स्मृति मंधाना पहली बार करेंगी फुल-टाइम कप्तानी
मैचों को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं और दर्शकों की सुविधा से जुड़ी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मैचों के लिए टिकटों की बिक्री 10 अक्टूबर से शुरू होने की संभावना है।
ई-टिकट से मिलेगी एंट्री, स्टेडियम में ओपन वाई-फाई
दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश के लिए ई-टिकट की सुविधा दी जाएगी। ई-टिकट की स्कैनिंग के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
टिकट के साथ निर्धारित संख्या में पार्किंग पास भी दिए जाएंगे। स्टेडियम और पार्किंग क्षेत्र में CCTV कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी। दर्शकों के लिए पर्याप्त पेयजल और खाने-पीने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी गठित
मैचों की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इसके बाद रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी का गठन किया गया है।
इस कमेटी में पुलिस, खेल विभाग, परिवहन, लोक निर्माण विभाग (PWD), NRDA और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी शामिल हैं। कमेटी का उद्देश्य मैचों के दौरान सभी व्यवस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करना है।
एम्बुलेंस से लेकर ग्रीन कॉरिडोर तक तैयारी
मैच के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग आसपास के अस्पतालों की मैपिंग करेगा। स्टेडियम में एम्बुलेंस तैनात रहेगी।
VIP मूवमेंट और आपातकालीन परिस्थितियों के लिए ग्रीन कॉरिडोर भी निर्धारित किया जाएगा। इसके अलावा फायर ब्रिगेड, पर्याप्त पानी और इमरजेंसी रूट की व्यवस्था रहेगी।
बिजली आपूर्ति और मोबाइल नेटवर्क को सुचारु बनाए रखने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को दी गई है।
11 अक्टूबर को रायपुर पहुंच सकती है भारतीय टीम
सीरीज से पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम के 11 अक्टूबर को रायपुर पहुंचने की संभावना है। वहीं जिम्बाब्वे की टीम 13 अक्टूबर को रायपुर पहुंच सकती है।
भारतीय टीम को मुकाबलों से पहले करीब चार दिन अभ्यास का मौका मिलेगा। टिकटों की बिक्री 10 अक्टूबर से शुरू होने की संभावना है।
स्मृति मंधाना पहली बार फुल-टाइम कप्तान
भारत-जिम्बाब्वे महिला T20 सीरीज भारतीय टीम के लिए भी खास होगी। स्मृति मंधाना पहली बार फुल-टाइम कप्तान के तौर पर भारतीय टीम की कमान संभालेंगी। शेफाली वर्मा को उप-कप्तान बनाया गया है। पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर भी टीम का हिस्सा हैं।
भारतीय टीम की 15 सदस्यीय टीम में ऋचा घोष, जी. कमलिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता और मिन्नू मणि भी शामिल हैं।
रायपुर में छह दिनों में तीन अंतरराष्ट्रीय मुकाबले
भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीनों T20 मुकाबले रायपुर में ही खेले जाएंगे। इससे स्थानीय क्रिकेट प्रशंसकों को छह दिनों के भीतर तीन अंतरराष्ट्रीय मुकाबले देखने का मौका मिलेगा।
रायपुर में होने वाली यह सीरीज शहर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहने वाली है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और दर्शक सुविधाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
भारत-जिम्बाब्वे महिला T20 सीरीज का शेड्यूल
- पहला T20: 16 अक्टूबर, शाम 7 बजे
- दूसरा T20: 18 अक्टूबर, शाम 7 बजे
- तीसरा T20: 20 अक्टूबर, शाम 7 बजे
- स्थान: शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर
- टिकट बिक्री: 10 अक्टूबर से शुरू होने की संभावना