पुलिस का एक्शन प्लान शोएब ढेबर तक पहुंचा रहा था इंस्पेक्टर विनीत दुबे, कमिश्नर की रिपोर्ट पर आईजी ने किया सस्पेंड

VINAY VERMA | Published:
शोएब ढेबर केस में बड़ा एक्शन, इंस्पेक्टर विनीत दुबे सस्पेंड
Raipur Police suspends Inspector Vineet Dubey over suspected leaks of confidential information to absconding accused Shoeb Dhebar.
रायपुर। फरार शोएब ढेबर को पुलिस की दबिश से पहले ही हर बार खबर कैसे मिल जाती थी? पुलिस की टीम कहां पहुंचेगी, कब दबिश देगी और किस ठिकाने पर छापा पड़ने वाला है, इसकी जानकारी आखिर कौन लीक कर रहा था? अब इस सवाल के घेरे में एक इंस्पेक्टर भी आ गया है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट से जुड़े रहे इंस्पेक्टर विनीत दुबे को सस्पेंड कर दिया गया है।

यानी शोएब तक पुलिस की अंदरूनी जानकारी पहुंचाने के मामले में अब तक दो आरक्षकों के बाद एक इंस्पेक्टर पर भी कार्रवाई हुई है।



बस्तर रेंज के IG बद्री नारायण मीणा ने 16 नवंबर को दुबे के निलंबन का आदेश जारी किया। रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की 30 अक्टूबर की रिपोर्ट और शुरुआती जांच के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। तेलीबांधा थाने में दर्ज FIR नंबर इस कार्रवाई का आधार है। पुलिस कमिश्नर के प्रतिवेदन में इंस्पेक्टर के आचरण को संदिग्ध बताया गया था।



दबिश से पहले ही निकल गया था शोएब

पूरा मामला कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से कथित तौर पर 25 करोड़ रूपए की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने से जुड़ा है। इस केस में फरार शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए रायपुर पुलिस ने बाकायदा प्लान तैयार किया था। कोर्ट से अनुमति लेकर करीब आधा दर्जन संभावित ठिकानों पर एक साथ दबिश देने की तैयारी थी।



3 अक्टूबर को पुलिस ने खम्हारडीह समेत संभावित ठिकानों पर कार्रवाई की, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही शोएब वहां से निकल चुका था। पुलिस की पूरी टीम खाली हाथ लौट आई। इसके बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठा कि पुलिस का सीक्रेट ऑपरेशन आरोपी तक कैसे पहुंच गया?



अगर दबिश की जानकारी पहले ही शोएब को मिल रही थी, तो पुलिस के अंदर उसका मुखबिर कौन था? इसी शक ने पूरे पुलिस कमिश्नरेट के सूचना तंत्र को सवालों के घेरे में ला दिया।



दो आरक्षक पहले ही हो चुके हैं सस्पेंड

गोपनीय सूचना लीक होने के मामले में ACCU के आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम पर पहले ही कार्रवाई हो चुकी है। दोनों को सस्पेंड कर विभागीय जांच शुरू की गई थी। अब इंस्पेक्टर विनीत दुबे की बारी आई है। लगातार तीन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई से साफ है कि पुलिस के अंदर से सूचना बाहर जाने का मामला जांच के दायरे में है।



खबरी कौन, जांच में खुलेगा राज!

अब जांच का सबसे अहम सवाल यह है कि शोएब तक पुलिस की गतिविधियों की जानकारी पहुंचाने वाला नेटवर्क कितना बड़ा था? क्या इसमें सिर्फ कुछ कर्मचारियों की भूमिका थी या पुलिस के अंदर कोई और भी इस नेटवर्क से जुड़ा था?



निलंबन आदेश में होटल में शोएब के साथ कथित सांठगांठ का कोई विशिष्ट विवरण नहीं दिया गया है। कार्रवाई संदिग्ध आचरण और पुलिस कमिश्नर की रिपोर्ट के आधार पर हुई है। दुबे का निलंबन भी आरोपों की अंतिम पुष्टि नहीं है। फिलहाल शोएब की गिरफ्तारी से पहले पुलिस का प्लान लीक होने का पूरा मामला जांच के घेरे में है।



FAQ:

  1. इंस्पेक्टर विनीत दुबे को क्यों सस्पेंड किया गया?
    शोएब ढेबर तक पुलिस की गोपनीय जानकारी पहुंचने के मामले में संदिग्ध आचरण के आधार पर इंस्पेक्टर विनीत दुबे को सस्पेंड किया गया है।
  2. शोएब ढेबर कौन है?
    शोएब ढेबर इस मामले में फरार आरोपी है। उस पर कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
  3. पुलिस की दबिश से पहले शोएब ढेबर कैसे फरार हो गया?
    पुलिस के पहुंचने से पहले ही शोएब ठिकाने से निकल चुका था। इसी के बाद पुलिस की गोपनीय जानकारी लीक होने का शक गहराया।
Tags:
  • Shoaib Dhebar case
  • शोएब ढेबर
  • इंस्पेक्टर विनीत दुबे सस्पेंड
  • कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा
  • रायपुर रंगदारी मामला
  • इंस्पेक्टर विनीत दुबे