पूर्व बीजेपी विधायक के शोरूम में मिली युवती की लाश, परिजन बोले- रेप कर मार डाला, शॉप में तोड़फोड़
उसके प्राइवेट पार्ट के पास सूजन भी थी। वहां रुई मिलने का भी दावा किया गया है। इन बातों के सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
परिजनों ने युवती के साथ गलत काम होने के बाद हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि हत्या के बाद शव को फंदे पर लटकाया गया होगा। परिवार ने शोरूम में लगे CCTV कैमरों की फुटेज सामने लाने की मांग की है। उनका सवाल है कि 2 नवंबर को शोरूम में आखिर क्या हुआ था? उस दिन वहां कौन-कौन मौजूद था? युवती की मौत कैसे हुई? इन सभी सवालों के जवाब जांच से मिलने चाहिए।
मंगलवार को परिवार और वार्ड के लोगों ने युवती की तस्वीर लेकर रैली निकाली। लोगों ने न्याय की मांग की। आक्रोशित भीड़ House of Bafna पहुंची। यहां लोगों ने शोरूम के बाहर रखे गमले तोड़ दिए। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
21 अक्टूबर से शोरूम में काम करने जा रही थी युवती
जानकारी के मुताबिक, युवती 21 अक्टूबर से जगदलपुर के House of Bafna में काम करने जा रही थी। यहां कपड़े और ज्वेलरी का कारोबार होता है। परिजनों के मुताबिक, यह शोरूम पूर्व विधायक और भाजपा के वरिष्ठ नेता संतोष बाफना का है।
परिवार के अनुसार, 2 नवंबर को शोरूम में युवती का शव मिला था। शव जमीन पर पड़ा हुआ था। उसके गले में चुन्नी का टूटा हुआ फंदा था। चुन्नी का आधा हिस्सा ऊपर लटक रहा था।
शव मिलने के बाद से ही परिजन युवती की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार कर रहे हैं। उन्हें आशंका है कि युवती के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
शाम को परिजनों से फोन पर हुई थी बात
परिजनों के मुताबिक, शव मिलने से एक दिन पहले शाम करीब 6 से 6:30 बजे युवती की परिवार के लोगों से फोन पर बात हुई थी। मौसी ने बताया कि बातचीत के दौरान युवती ने कहा था कि अभी बात नहीं कर सकती। वह बाद में बात करेगी।
इसके बाद परिवार का उससे संपर्क नहीं हो पाया। रात करीब 9:30 बजे तक जब युवती घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने शोरूम के स्टाफ से जानकारी ली।
स्टाफ ने बताया कि युवती शाम करीब 6:30 बजे से गायब है। उसका मोबाइल शॉप में ही छूट गया है। इसके बाद स्टाफ के लोग मोबाइल लेकर घर पहुंचे।
परिजन इसके बाद House of Bafna पहुंचे। लेकिन उस समय शोरूम बंद था। अगले दिन यानी 2 नवंबर की सुबह परिवार के लोग दोबारा वहां पहुंचे। ऊपर जाकर देखा तो युवती का शव फंदे से लटका हुआ था।
चाची का आरोप- शरीर पर थे चोट और नोचने के निशान
युवती की चाची ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अंतिम संस्कार से पहले जब परिवार के लोग शव को नहला रहे थे, तब शरीर पर कई जगह चोट के निशान दिखाई दिए थे। उन्होंने शरीर पर नोचने के निशान होने का भी दावा किया है।
चाची के मुताबिक, युवती के प्राइवेट पार्ट के पास सूजन थी। वहां रुई भी मिली थी। इन बातों के आधार पर परिवार ने युवती के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
परिजनों का कहना है कि पूरे मामले की बारीकी से जांच होनी चाहिए। खासतौर पर शोरूम में लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी जानी चाहिए। परिवार चाहता है कि 2 नवंबर की पूरी फुटेज की जांच हो। इससे यह पता चल सकता है कि युवती के साथ आखिरी बार क्या हुआ था और शाम करीब 6:30 बजे के बाद वह कहां थी।
परिवार को मामला दबाए जाने का डर
परिजनों का कहना है कि House of Bafna पूर्व विधायक और भाजपा नेता संतोष बाफना से जुड़ा है। ऐसे में उन्हें आशंका है कि प्रभावशाली व्यक्ति का शोरूम होने के कारण मामले को दबाने की कोशिश हो सकती है।
परिवार ने पुलिस से बिना किसी दबाव के जांच करने की मांग की है। उनका कहना है कि उन्होंने अपनी बेटी को खो दिया है। अब वे सिर्फ न्याय चाहते हैं।
परिजनों की मांग है कि शोरूम की CCTV फुटेज की जांच की जाए। घटना के समय वहां मौजूद लोगों से पूछताछ हो। युवती के आखिरी समय की गतिविधियों का पता लगाया जाए। साथ ही मौत से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
पुलिस ने क्या बताया?
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि पुलिस को House of Bafna में एक युवती के फांसी लगाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
वहां पुलिस ने देखा कि जिस चुन्नी से फंदा बनाया गया था, वह टूट चुका था। युवती का शव जमीन पर पड़ा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।