छत्तीसगढ़ के बस्तर में पर्यटकों के लिए रोमांचक खबर, तय समय से 10 दिन पहले खुलेगी प्रसिद्ध कोटमसर गुफा
बस्तर घूमने की योजना बना रहे लोगों के लिए इस बार दोहरी खुशी है। एक तरफ बस्तर दशहरा की धूम है, तो दूसरी तरफ पर्यटकों को अब प्रसिद्ध कोटमसर गुफा देखने के लिए नवंबर तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वन विभाग ने गुफा को 20 अक्टूबर की सुबह 8 बजे से पर्यटकों के लिए खोलने का फैसला किया है। इससे दशहरा देखने बस्तर पहुंचे लोग गुफा की सैर भी कर सकेंगे।
हर साल नवंबर में खुलती थी गुफा
कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में स्थित कोटमसर गुफा आमतौर पर बारिश के मौसम में पर्यटकों के लिए बंद रहती है। हर साल 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर इसे दोबारा खोला जाता था। इस बार मौसम ने साथ दिया है। गुफा के भीतर पानी जमा नहीं होने के कारण इसे करीब 10 दिन पहले खोलने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
मौसम साफ, गुफा के अंदर भी हालात बेहतर
कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के डीएफओ गौतम नारायण के मुताबिक, इस साल मौसम की स्थिति अच्छी है। फिलहाल बारिश नहीं हो रही है और पहले हुई बारिश का पानी भी गुफा के अंदर नहीं रुका है। इससे अंदर फिसलन और पानी से होने वाली परेशानियां कम होने की उम्मीद है। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए पर्यटकों की एंट्री पहले शुरू करने का फैसला लिया गया।
गुफा के भीतर दिखेगा प्रकृति का अनोखा नजारा
कोटमसर गुफा अपनी प्राकृतिक बनावट के लिए मशहूर है। जमीन के नीचे बनी इस गुफा में चट्टानों की अनोखी आकृतियां और प्राकृतिक संरचनाएं देखने को मिलती हैं। यही वजह है कि इसे देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में सैलानी बस्तर पहुंचते हैं। गुफा के भीतर की दुनिया पर्यटकों के लिए किसी रोमांच से कम नहीं होती।
बस्तर दशहरा देखने वालों को मिलेगा एक और मौका
इन दिनों बस्तर में ऐतिहासिक दशहरा उत्सव चल रहा है। इसे देखने के लिए छत्तीसगढ़ के साथ दूसरे राज्यों से भी पर्यटक पहुंच रहे हैं। ऐसे समय में कोटमसर गुफा खुलने से सैलानियों को घूमने का एक और विकल्प मिल जाएगा। दशहरा उत्सव के साथ पर्यटक बस्तर की प्राकृतिक खूबसूरती का भी आनंद ले सकेंगे।
अभी सिर्फ कोटमसर गुफा में मिलेगी एंट्री
कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में कोटमसर के अलावा कैलाश, दंडक, अरण्य और हरी गुफा भी हैं। हालांकि, फिलहाल इनमें पर्यटकों के प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई है। वन विभाग ने अभी केवल कोटमसर गुफा को खोलने का निर्णय लिया है। बाकी गुफाओं को लेकर फिलहाल कोई नई जानकारी सामने नहीं आई है।
ऐसे में अगर आप बस्तर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो 20 अक्टूबर से कोटमसर गुफा को भी अपनी यात्रा में शामिल कर सकते हैं। हालांकि, जाने से पहले प्रवेश के समय और स्थानीय नियमों की जानकारी लेना बेहतर होगा।