स्वतंत्रा दिवस पर तिरंगा फहराने, राष्ट्रगान गाने का आदेश, वक्फ बोर्ड की सहमति
इस बार स्वतंत्रता दिवस पर छत्तीसगढ़ के मदरसों में देशभक्ति का अलग रंग दिखेगा। मस्जिदों, मदरसों और दरगाहों में तिरंगा फहराया जाएगा। राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ गाने की भी तैयारी है। छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड ने इसके लिए प्रदेशभर के मुतवल्लियों और संबंधित संस्थाओं को निर्देश जारी किए हैं।
वक्फ बोर्ड का सीधा आदेश
वक्फ बोर्ड के आदेश में केंद्रीय गृह मंत्रालय के 10 अगस्त 2026 के दिशा-निर्देशों का हवाला दिया गया है। आदेश में साफ कहा गया है कि स्वतंत्रता दिवस गरिमा, उल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया जाए।
हर संस्था में तिरंगा
बोर्ड ने प्रदेश के सभी जिलों में स्थित मदरसों, मस्जिदों और दरगाहों के प्रबंधन को सक्रिय भागीदारी के निर्देश दिए हैं। संस्थानों में ध्वजारोहण होगा। राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत के आयोजन होंगे। यानी इस बार स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम सिर्फ औपचारिकता तक सीमित नहीं रहेगा।
मुतवल्लियों की जिम्मेदारी तय
वक्फ बोर्ड ने आयोजन की जिम्मेदारी संबंधित मुतवल्लियों पर डाली है। उन्हें स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसका मकसद स्वतंत्रता दिवस के आयोजन में वक्फ संस्थाओं की व्यापक भागीदारी तय करना है।
9 बजे बाद ध्वजारोहण
केंद्रीय दिशा-निर्देशों में राज्य, जिला, अनुभाग और पंचायत स्तर पर सुबह 9 बजे के बाद ध्वजारोहण का प्रोटोकॉल बताया गया है। इसके साथ ही स्वतंत्रता दिवस को लेकर स्वच्छता अभियान और बड़े स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम भी चलाने के निर्देश हैं।
देशभर से जुड़ेगा छत्तीसगढ़
गृह मंत्रालय ने ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर भी जोर दिया है। देश के करीब 343 प्रमुख स्थानों पर बैंड प्रस्तुतियां होंगी। इसका उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के माहौल को देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता से जोड़ना है।
खास लोगों को मिलेगा सम्मान
राजभवनों में शाम को ‘एट होम’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें दिव्यांगजन, कोविड वॉरियर्स, पर्यावरणविद, मेधावी छात्र और फ्रंटलाइन स्वास्थ्यकर्मियों सहित उल्लेखनीय योगदान देने वाले नागरिकों को आमंत्रित करने के निर्देश हैं।
कलेक्टर-एसपी तक पहुंचा आदेश
वक्फ बोर्ड का परिपत्र प्रदेश के सभी कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों समेत संबंधित विभागों को भी भेजा गया है। अब नजर इस बात पर होगी कि 15 अगस्त को प्रदेश के मदरसों और वक्फ संस्थानों में इन निर्देशों का पालन किस स्तर पर होता है। इस बार तिरंगा सिर्फ सरकारी इमारतों पर नहीं, बल्कि मदरसों और दरगाहों में भी शान से लहराता नजर आएगा।
यह खबरें भी पढ़ें...
सीएम रायपुर में फहराएंगे तिरंगा, रमन राजनांदगांव में मनाएंगे आजादी पर्व
आज तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे सीएम मोहन यादव, 350 से ज्यादा नावों पर लहराएगा तिरंगा
INDEPENDENCE DAY: देखें 15 अगस्त 1947 की भारत की महत्वपूर्ण तस्वीरें
छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड की सभी समितियां प्रमाणित, जल्द हटेंगे कब्जे