महादेव सट्टा केस में बड़ा खुलासा: जज और अफसरों से मामला सेट कराने के नाम पर लिए 15 करोड़, दिल्ली का वकील गिरफ्तार

Umeshwari Baghel | Published:
महादेव सट्टा केस में 15 करोड़ लेने के आरोप में वकील गिरफ्तार, ED करेगी पूछताछ
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में अब एक वकील की एंट्री ने जांच को नया मोड़ दे दिया है। जिस केस में करोड़ों रुपए के अवैध लेन-देन की जांच चल रही है, उसी मामले को खत्म कराने के नाम पर 15 करोड़ रुपए वसूलने का आरोप सामने आया है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि उसने महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को जजों और बड़े अधिकारियों से मामला सेट कराने का भरोसा दिलाया था। इसके बदले उसने कथित तौर पर 15 करोड़ रुपए लिए। अब ED यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम आखिर कहां गई और इस पूरे खेल में कोई दूसरा व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।



सौरभ चंद्राकर ने पूछताछ में खोला 15 करोड़ का राज

महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान वकील हिमांशु शेखर का नाम सामने आया। ED ने 13 नवंबर को सौरभ को कस्टडी में लेकर 19 नवंबर तक पूछताछ की थी।



जांच एजेंसी के मुताबिक, इसी दौरान सौरभ ने बताया कि उसने अपने खिलाफ चल रहे मामले को खत्म कराने के लिए हिमांशु को 15 करोड़ रुपए दिए थे। उसे भरोसा दिलाया गया था कि जजों और अधिकारियों के जरिए मामले में राहत दिलाई जा सकती है।




इस खुलासे के बाद ED ने हिमांशु की भूमिका की जांच तेज कर दी। एजेंसी अब यह जानना चाहती है कि रकम किस तरीके से दी गई, पैसे कहां पहुंचे और क्या किसी अन्य व्यक्ति को भी इसमें हिस्सा मिला।



तीन साल में कई बार दुबई गया वकील, सौरभ से हुई मुलाकात

जांच में हिमांशु शेखर के दुबई कनेक्शन की जानकारी भी सामने आई है। ED के अनुसार, वह पिछले तीन साल के दौरान कई बार दुबई गया था। वहां उसकी मुलाकात सौरभ चंद्राकर से हुई थी।



जांच एजेंसी इन विदेश यात्राओं और मुलाकातों की वजह जानने में जुटी है। खास तौर पर यह पता लगाया जा रहा है कि कथित 15 करोड़ रुपए के लेन-देन की बातचीत कब और कैसे हुई थी। ED यह भी जांच करना चाहती है कि हिमांशु ने अपने स्तर पर पैसे लिए थे या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था।



दुबई जाने की तैयारी में था, मुंबई एयरपोर्ट पर रोक लिया

मामले में कार्रवाई उस समय तेज हुई, जब हिमांशु शेखर 20 नवंबर को दुबई जाने के लिए मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचा। दोपहर करीब 3 बजकर 3 मिनट पर एयरपोर्ट अधिकारियों ने उसे रोक लिया। दरअसल, ED के रायपुर जोनल कार्यालय की ओर से उसके खिलाफ पहले ही लुक आउट सर्कुलर जारी किया जा चुका था।




एयरपोर्ट पर रोके जाने की सूचना रायपुर ED कार्यालय को दी गई। इसके बाद जांच एजेंसी ने कानूनी प्रक्रिया शुरू की और 21 नवंबर की रात करीब 1 बजकर 10 मिनट पर हिमांशु की औपचारिक गिरफ्तारी दर्ज की। ED उसे रायपुर लाकर पूछताछ करना चाहती थी। इसके लिए मुंबई की विशेष PMLA कोर्ट से दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मांगी गई।



गिरफ्तारी के समय को लेकर कोर्ट में फंसा मामला

हिमांशु की गिरफ्तारी के बाद मामला उस समय उलझ गया, जब अदालत में उसे पेश करने की समय-सीमा पर सवाल उठे। ED की दलील थी कि हिमांशु को एयरपोर्ट पर रोके जाने का समय गिरफ्तारी नहीं माना जा सकता। एजेंसी के मुताबिक, उसकी वास्तविक गिरफ्तारी 21 नवंबर की रात 1 बजकर 10 मिनट पर हुई थी।



दूसरी ओर बचाव पक्ष ने इस दलील का विरोध किया। वकीलों ने कहा कि आरोपी को पहले ही एयरपोर्ट पर रोक लिया गया था, इसलिए उसी समय से हिरासत की अवधि गिनी जानी चाहिए।



मुंबई की विशेष PMLA कोर्ट ने ED की दलील स्वीकार नहीं की। अदालत ने माना कि हिमांशु को रायपुर ED के लुक आउट सर्कुलर के आधार पर 20 नवंबर को दोपहर 3 बजकर 3 मिनट पर रोका गया था। ऐसे में निर्धारित 24 घंटे की समय-सीमा उसी समय से शुरू होगी।



अदालत ने कहा कि आरोपी को तय समय के भीतर पेश किया जाना जरूरी था। केवल यात्रा में लगे समय का हवाला देकर देरी को उचित नहीं ठहराया जा सकता। इसके बाद कोर्ट ने ED की ट्रांजिट रिमांड की मांग खारिज करते हुए हिमांशु को रिहा करने का आदेश दे दिया।



ED ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया, फिर बदला घटनाक्रम

विशेष अदालत से राहत मिलने के बाद भी हिमांशु की कानूनी मुश्किलें खत्म नहीं हुईं। ED ने तुरंत इस आदेश को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी।रायपुर जोनल कार्यालय के असिस्टेंट डायरेक्टर दिब्येंदु मान की ओर से क्रिमिनल रिवीजन याचिका दाखिल की गई।




23 नवंबर को जस्टिस शिवकुमार डिगे की अवकाशकालीन अदालत में मामले की सुनवाई हुई। ED की तरफ से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता और एडिशनल सॉलिसिटर जनरल अनिल सिंह सहित अन्य वकीलों ने पक्ष रखा।



सुनवाई के दौरान आरोपी की ओर से कोई वकील पेश नहीं हुआ। हालांकि, उसे ई-मेल के जरिए सुनवाई की जानकारी दिए जाने की बात सामने आई। हाईकोर्ट से ED के पक्ष में फैसला आने के बाद मामले में फिर नया मोड़ आ गया। इसी बीच रायपुर की विशेष PMLA कोर्ट में भी आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही थी।



रायपुर कोर्ट में पेशी, अब 15 करोड़ का हिसाब खंगालेगी ED

आज सोमवार रात हिमांशु शेखर को रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, रात में ही मामले की सुनवाई होने की संभावना जताई गई थी। ED अब हिमांशु से सौरभ चंद्राकर के साथ उसके संबंधों, दुबई में हुई मुलाकातों और कथित 15 करोड़ रुपए के लेन-देन को लेकर पूछताछ करना चाहती है।



जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि वकील ने जजों और अधिकारियों से मामला सेट कराने का जो भरोसा दिया था, वह केवल पैसे लेने के लिए किया गया दावा था या वास्तव में किसी प्रभावशाली व्यक्ति तक पहुंच होने की बात कही गई थी।



हालांकि, अभी तक किसी जज या अधिकारी की इस कथित लेन-देन में संलिप्तता साबित होने की जानकारी सामने नहीं आई है।




अब सबसे बड़ा सवाल – आखिर किसके पास पहुंचे 15 करोड़?

महादेव ऑनलाइन सट्टा केस में पहले से ही बड़े आर्थिक लेन-देन और कई लोगों की भूमिका की जांच चल रही है। ऐसे में एक वकील पर मामला खत्म कराने के बदले करोड़ों रुपए लेने का आरोप जांच के लिए अहम बन गया है।



अब ED के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि सौरभ चंद्राकर से कथित तौर पर लिए गए 15 करोड़ रुपए का इस्तेमाल कहां हुआ। क्या यह रकम सिर्फ हिमांशु शेखर के पास रही या इसे आगे भी पहुंचाया गया?



इन सवालों के जवाब जांच और पूछताछ के बाद ही सामने आ सकेंगे। फिलहाल हिमांशु शेखर पर लगे आरोपों की जांच जारी है और अदालत में दोष साबित होना बाकी है।

Tags:
  • महादेव सट्टा केस
  • Mahadev Satta Case
  • Lawyer Arrested
  • वकील गिरफ्तार
  • ED Investigation
  • सौरभ चंद्राकर
  • Money Laundering
  • 15 करोड़ का खुलासा