महादेव सट्टे की कमाई से रायपुर में खड़ा किया 200 करोड़ का कारोबार! VIP रोड के 7 होटल-क्लब जांच के घेरे में, बिलासपुर तक फैला निवेश का नेटवर्क

VINAY VERMA | Published:
महादेव सट्टा केस, रायपुर के होटल-क्लब में 200 करोड़ के निवेश की जांच
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा कारोबार की जांच अब सिर्फ सट्टे के नेटवर्क और उसकी कमाई तक सीमित नहीं रह गई है। इस अवैध कमाई से खड़े किए गए होटल, क्लब और रेस्टोरेंट कारोबार की परतें भी खुलने लगी हैं। जांच एजेंसियों को सौरभ चंद्राकर से जुड़े करीब 200 करोड़ रुपए के निवेश के सुराग मिले हैं।

यह निवेश होटल, क्लब और रेस्टोरेंट कारोबार में किए जाने की जानकारी सामने आई है। रायपुर के VIP रोड स्थित 7 बड़े प्रतिष्ठान जांच के दायरे में हैं। वहीं बिलासपुर में भी करीब 10 करोड़ रुपए के निवेश की जानकारी सामने आई है।



जांच एजेंसियों का फोकस अब इस बात पर है कि इन कारोबारों में पैसा कहां से आया? निवेश किसके नाम पर हुआ और असली हिस्सेदार कौन हैं? आशंका है कि सट्टे से हुई कमाई को कारोबार में लगाकर उसे वैध दिखाने की कोशिश की गई। हालांकि, इन निवेशों और सौरभ चंद्राकर के बीच संबंधों की जांच अभी जारी है।




VIP रोड के 7 प्रतिष्ठान जांच के घेरे में

रायपुर का VIP रोड बड़े होटल, क्लब और रेस्टोरेंट कारोबार का प्रमुख केंद्र बन चुका है। अब इसी इलाके के 7 बड़े प्रतिष्ठान जांच एजेंसियों के रडार पर हैं। इन प्रतिष्ठानों में निवेश की रकम, बैंक खातों और कारोबार में शामिल साझेदारों की भूमिका खंगाली जा रही है।



इसके अलावा पंडरी इलाके के एक क्लब के बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच तेज कर दी गई है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्लब के संचालन में किन लोगों का पैसा लगा है और कारोबार की वास्तविक कमान किसके हाथ में है।



बिलासपुर में भी मिला निवेश का सुराग

जांच का दायरा सिर्फ रायपुर तक सीमित नहीं है। बिलासपुर के होटल और क्लब कारोबार में भी करीब 10 करोड़ रुपए के निवेश की जानकारी सामने आई है। एजेंसियां इन कारोबारों में हुई साझेदारी, निवेश के दस्तावेज और रकम के स्रोत की जांच कर रही हैं।




जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं कारोबार में दूसरे लोगों के नाम का इस्तेमाल तो नहीं किया गया। यानी कागजों में हिस्सेदार कोई और है, लेकिन असल में निवेश और कारोबार का नियंत्रण किसी दूसरे व्यक्ति के पास तो नहीं है।



संचालकों से हो सकती है पूछताछ

जांच एजेंसियां होटल, क्लब और रेस्टोरेंट संचालकों से पूछताछ की तैयारी कर रही हैं। उनसे निवेश की रकम, साझेदारी और कारोबार शुरू करने के लिए जुटाई गई पूंजी के बारे में सवाल किए जा सकते हैं। बैंक खातों और वित्तीय दस्तावेजों के जरिए पैसों के लेनदेन की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है।



इस पूरे मामले में सबसे अहम सवाल यही है कि सौरभ चंद्राकर से जुड़े बताए जा रहे निवेश का वास्तविक स्रोत क्या है? क्या सट्टे से कमाई गई रकम इन कारोबारों में लगाई गई थी? जांच एजेंसियां इसी एंगल पर दस्तावेजी सबूत जुटा रही हैं।




92 हजार करोड़ की कमाई का अनुमान

महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में ED के मुताबिक अपराध से हुई कमाई 92 हजार करोड़ रुपए से अधिक होने का अनुमान है। इतनी बड़ी रकम के नेटवर्क में अब जांच का एक बड़ा हिस्सा उस संपत्ति और कारोबार की पहचान करना है, जहां कथित तौर पर अपराध की कमाई लगाई गई।



सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के लिए अब छत्तीसगढ़ की जांच एजेंसी भी रिमांड लेने की प्रक्रिया अपना सकती है। इससे राज्य में फैले निवेश और कारोबार से जुड़े नेटवर्क के बारे में नए खुलासे होने की संभावना है।




अब तक महादेव सट्टा केस में चर्चा सट्टे के कारोबार, ऑनलाइन नेटवर्क और विदेशों में बैठे आरोपियों की रही है। लेकिन होटल, क्लब और रेस्टोरेंट में निवेश के सुराग मिलने के बाद जांच का फोकस उस कथित आर्थिक साम्राज्य पर है, जिसे खड़ा करने के लिए सट्टे की कमाई का इस्तेमाल किए जाने का संदेह है।

Tags:
  • महादेव सट्टा
  • Mahadev Betting App
  • Money Laundering
  • सट्टे की कमाई
  • Investment in Hotels and Clubs
  • सौरभ चंद्राकर
  • ईडी जांच
  • Saurabh Chandrakar
  • बिलासपुर निवेश