महतारी वंदन योजना: पते पर नहीं मिलीं 50 हजार महिलाएं, 17 हजार का बायोमेट्रिक फेल
समझें क्या है पूरा मामला
- 67 हजार महिलाओं का भुगतान अटका, ई-केवाईसी बनी वजह
- 50 हजार महिलाएं खोजने पर भी नहीं मिलीं
- 17 हजार महिलाओं का फिंगरप्रिंट आधार से नहीं हुआ मैच
- ई-केवाईसी जांच में 1.61 लाख नाम हटाए गए
- मृत और अपात्र हितग्राहियों पर विभाग की सख्ती
Raipur। छत्तीसगढ़ की महतारी वंदन योजना में करीब 67 हजार महिलाओं को मिलने वाली राशि फिलहाल रोक दी गई है। इसकी वजह ई-केवाईसी पूरी नहीं होना है। इनमें बड़ी संख्या उन महिलाओं की है, जो दिए गए पते पर नहीं मिलीं। वहीं कई महिलाओं के फिंगर प्रिंट और रेटिना आधार रिकॉर्ड से मैच नहीं हो पाए हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने योजना में पारदर्शिता लाने के लिए पहली बार सभी हितग्राहियों की ई-केवाईसी करवाई है। इसके बाद बड़ी संख्या में अपात्र नाम हटाए गए हैं।
ई-केवाईसी के बाद हटे 1.61 लाख नाम
महतारी वंदन योजना की शुरुआत मार्च 2024 में हुई थी। योजना के तहत करीब 70 लाख महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब तक करीब 1.61 लाख महिलाओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। इनमें 1.33 लाख महिलाएं ऐसी हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है। वहीं करीब 27 हजार 700 महिलाएं योजना के लिए अपात्र पाई गई हैं। इसके अलावा 912 महिलाओं ने खुद योजना का लाभ लेना बंद करने की इच्छा जताई है।
50 हजार महिलाओं की तलाश नहीं हुई पूरी
विभाग के अनुसार करीब 50 हजार महिलाएं ई-केवाईसी कराने नहीं पहुंचीं। इसके बाद विभागीय टीमों ने उनके दिए गए पते पर जाकर जानकारी जुटाई।
जांच में पता चला कि कई महिलाएं दूसरे जिले या दूसरे राज्य में शिफ्ट हो चुकी हैं। अब अगर वे अपने पुराने आवेदन वाले क्षेत्र में जाकर ई-केवाईसी पूरी कराती हैं तो उनकी रुकी हुई राशि जारी की जा सकती है।
17 हजार महिलाओं का बायोमेट्रिक फेल
ई-केवाईसी के दौरान करीब 17 हजार महिलाओं के फिंगर प्रिंट और रेटिना आधार रिकॉर्ड से मैच नहीं हो पाए हैं। इसके कारण उनकी पहचान प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।
इन महिलाओं को लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग ने शासन को जानकारी भेजी है। विभाग इस बात पर विचार कर रहा है कि ऐसी महिलाओं को किस प्रक्रिया के तहत योजना का लाभ दिया जाए।
अपात्र लोगों से हुई वसूली
ई-केवाईसी के दौरान विभाग को कई ऐसे मामले मिले, जिनमें महिलाएं योजना के लिए पात्र नहीं थीं। करीब 12 हजार 700 लोग ऐसे मिले, जिनके परिवार में सरकारी नौकरी करने वाले सदस्य थे या वे आयकरदाता थे।
वहीं करीब 15 हजार आवेदन डुप्लीकेट पाए गए। इनमें से अतिरिक्त आवेदनों को निरस्त किया गया। विभाग के अनुसार अब तक करोड़ों रुपए की राशि का समायोजन और वसूली की जा चुकी है।
मृत महिलाओं के नाम पर भी जा रही थी राशि
जांच के दौरान कुछ ऐसे मामले भी सामने आए, जहां मृत महिलाओं के नाम पर योजना की राशि जारी हो रही थी। अधिकारियों के मुताबिक कई मामलों में नाम और परिवार की जानकारी में समानता के कारण रिकॉर्ड में गलती हुई थी। ऐसे मामलों में गलत तरीके से जारी राशि की वसूली की प्रक्रिया शुरू की गई है। अगर राशि बैंक खाते में मौजूद है तो उसे वापस लिया जा रहा है।
98 प्रतिशत महिलाओं की ई-केवाईसी पूरी
महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार राज्य में करीब 68.6 लाख महिलाओं की ई-केवाईसी की जानी थी। इसमें से 67.4 लाख से ज्यादा महिलाओं की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
विभाग का कहना है कि बची हुई महिलाओं के लिए समय बढ़ाया गया है। अब वे जल्द से जल्द ई-केवाईसी पूरी कराकर योजना का लाभ दोबारा शुरू करा सकती हैं।
मंत्री ने कहा, चिंता न करें महिलाएं
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि जिन महिलाओं के फिंगर प्रिंट आधार से मैच नहीं हो रहे हैं, उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। ऐसे मामलों पर शासन स्तर पर विचार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं ने दो साल पहले जिस जगह से आवेदन किया था, वे वहीं जाकर ई-केवाईसी पूरी कराएं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनकी राशि जारी करने पर निर्णय लिया जाएगा।
FAQ
- महतारी वंदन योजना में कितनी महिलाओं की राशि रोकी गई है?
महतारी वंदन योजना में करीब 67 हजार महिलाओं की राशि फिलहाल रोक दी गई है। इसकी मुख्य वजह ई-केवाईसी पूरी नहीं होना है। - 67 हजार महिलाओं की ई-केवाईसी क्यों पूरी नहीं हो पाई?
करीब 50 हजार महिलाएं दिए गए पते पर नहीं मिलीं, जबकि 17 हजार महिलाओं के फिंगरप्रिंट और रेटिना आधार रिकॉर्ड से मैच नहीं हो पाए। - रुकी हुई राशि दोबारा कैसे मिलेगी?
जो महिलाएं पात्र हैं, उन्हें अपने पुराने आवेदन वाले क्षेत्र में जाकर ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करानी होगी। इसके बाद सरकार के निर्णय के अनुसार उनकी राशि जारी की जा सकती है।
ये खबरें भी पढ़े...
महतारी वंदन योजना में फर्जीवाड़ा: सरकारी कर्मियों की पत्नियों से होगी वसूली
महतारी वंदन योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा : 27 हजार अपात्रों से 9 करोड़ वसूले
महतारी वंदन योजना का पैसा पुरुष के खाते में, सत्यापन व्यवस्था फेल
महतारी वंदन योजना : डेढ़ लाख महिलाओं की जुलाई किस्त अटकी