मंत्रालय में बड़ा फेरबदल, 38 अनुभाग अधिकारियों की बदली जिम्मेदारी; वित्त-गृह समेत कई विभागों में नई तैनाती

VINAY VERMA | Sept 28, 2026, 22:04 IST
मंत्रालय में बड़ा फेरबदल
छत्तीसगढ़ के सामान्य प्रशासन विभाग ने हाल ही में 38 अनुभाग अधिकारियों की नई पदस्थापना की है, जिसमें 36 अधिकारियों को नए विभागों में भेजा गया है। गृह, वित्त, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में ये बदलाव हुए हैं। इससे मंत्रालय का कामकाज और कार्यप्रणाली में बड़ा परिवर्तन देखने को मिल सकता है, जिससे नए जिम्मेदारियों से कार्यक्षमता में भी बदलाव आएगा।

रायपुर। छत्तीसगढ़ मंत्रालय में एक बार फिर बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। सामान्य प्रशासन विभाग ने 28 सितंबर को आदेश जारी कर 38 अनुभाग अधिकारियों की नई पदस्थापना और प्रभार तय किया है। इनमें 36 अधिकारियों को नए विभागों में भेजा गया है, जबकि 2 अधिकारियों को उनके मौजूदा विभाग में ही रखा गया है। यानी मंत्रालय में एक साथ बड़ी संख्या में अनुभाग अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल दी गई हैं।



गृह से वित्त तक बदलाव

नई सूची में गृह, वित्त, राजस्व, वन, शिक्षा, जल संसाधन, वाणिज्य एवं उद्योग, चिकित्सा शिक्षा समेत कई अहम विभाग शामिल हैं। दिनकर गजभिये को योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग से गृह के NRI Cell में भेजा गया है। घासीराम नेताम को समाज कल्याण से जल संसाधन और गुलाब साव को वाणिज्य एवं उद्योग से वित्त विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।




मुख्यमंत्री सचिवालय में पदस्थ प्रतिभा हुमने को समाज कल्याण विभाग भेजा गया है। जयश्री सोनकर को आवास एवं पर्यावरण से योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग की जिम्मेदारी मिली है। वहीं शकुन्तला तिर्की को परिवहन से राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग भेजा गया है।



वित्त विभाग से कई अफसर बाहर

फेरबदल में वित्त विभाग भी खास तौर पर प्रभावित हुआ है। प्रतिभा पंचभावे को उच्च शिक्षा से वित्त विभाग, मधुकांत चौबे को खनिज से वित्त, रमा डण्डोतिया को गृह के NRI Cell से वित्त और मनीराम रात्रे को गृह से पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग भेजा गया है।



मेरी रोज कुजूर को वित्त से कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग और आरती भोंसले को वित्त से उच्च शिक्षा विभाग भेजा गया है। सुमन गढ़पाले को वित्त विभाग से परिवहन विभाग की जिम्मेदारी मिली है।




शिक्षा और स्वास्थ्य में भी बदलाव

स्कूल शिक्षा विभाग में भी नई जिम्मेदारी दी गई है। कमलेश कुमार धनगर को जल संसाधन से स्कूल शिक्षा विभाग भेजा गया है, जबकि सुनीता मरसकोले को स्कूल शिक्षा से सहकारिता विभाग में पदस्थ किया गया है।



स्वास्थ्य से जुड़े अनुभाग अधिकारियों में भी बदलाव हुआ है। डीआर ध्रुव को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण से राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग भेजा गया है। डॉ. संयोगिता चन्द्राकर को स्वास्थ्य से योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग की जिम्मेदारी मिली है। ग्रीष्मा राठौर और संदीप शेण्डे को चिकित्सा शिक्षा विभाग भेजा गया है।




कुछ अफसरों को राहत

पूरी सूची में दो अधिकारियों की जिम्मेदारी नहीं बदली गई है। ओंकार राम भूआर्य को धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग में ही रखा गया है, जबकि कांति सूर्यवंशी महिला एवं बाल विकास विभाग में यथावत रहेंगी। कुमुदनी एक्का को भी वित्त विभाग में ही रखा गया है। यानी सूची में कुल तीन अधिकारियों की मौजूदा जिम्मेदारी कायम रही है।



मंत्रालय में फिर बढ़ी हलचल

इसके अलावा हीरामणी राणा को वन एवं जलवायु परिवर्तन, विद्याभुषण को गृह, दीपिका देवांगन को वाणिज्य एवं उद्योग, संतोष कुमार महिलांग को वन एवं जलवायु परिवर्तन, अरूण कुमार रोहिदास को मछली पालन, इन्द्रपाल सिंह को सामान्य प्रशासन विभाग के विधिक प्रकोष्ठ और राजपाल बघेल को खनिज साधन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।




विजय लाल जाटवर को साप्रवि की लेखा शाखा, मिर्जा आयाज को लोकभवन सचिवालय, अश्वनी भतपहरी को खनिज साधन और संगीता नायक को ग्रामोद्योग विभाग भेजा गया है। आदेश के बाद मंत्रालय के कई विभागों में कामकाज का समीकरण बदलना तय है।

Tags:
  • छत्तीसगढ़ मंत्रालय लाबदला
  • मंत्रालय में बड़ा फेरबदल
  • छत्तीसगढ़ प्रशासनिक बदलाव
  • गृह विभाग
  • वित्त विभाग नई जिम्मेदारी