छत्तीसगढ़ को 100% साक्षर बनाने सरकार का मिशन उल्लास 100, 30 नवंबर से घर-घर पहुंचेगी सर्वे टीम
इस दौरान 15 साल या उससे अधिक उम्र के ऐसे लोगों की पहचान की जाएगी, जो अब तक पढ़ना-लिखना नहीं जानते हैं। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2026-27 में छत्तीसगढ़ को पूर्ण साक्षर राज्य बनाना है।
राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण ने सभी कलेक्टरों को अभियान के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके मुताबिक, अब तक हुए साक्षरता महापरीक्षा अभियानों में सामुदायिक भागीदारी से काफी लोगों को साक्षर बनाया गया है। अब जिलों में बहुत कम लोग असाक्षर बचे हैं। इन्हें खोजने और पढ़ाई से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
मतदाता सूची से होगी असाक्षरों की तलाश
सर्वे के लिए केवल घरों तक पहुंचने पर निर्भर नहीं रहा जाएगा। मतदाता सूची, राशन कार्ड, वीबी जी राम जी के मस्टर रोल और पिछली महापरीक्षा में अनुपस्थित या अनुत्तीर्ण रहे लोगों की सूची का भी इस्तेमाल किया जाएगा। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्वास्थ्यकर्मी सर्वे में मदद करेंगे।
ईंट-भट्ठों, निर्माण स्थलों, पलायन करने वाले परिवारों, दूरस्थ पारा-टोलों, जेलों और नक्सली पुनर्वास केंद्रों में भी असाक्षरों की तलाश की जाएगी। यानी अभियान में उन लोगों को भी शामिल करने की कोशिश होगी, जो सामान्य सर्वे में छूट जाते हैं।
5-6 लोगों की बनेगी पढ़ाई की टोली
सर्वे में जिन लोगों की पहचान होगी, उनकी जानकारी मोबाइल ऐप में दर्ज की जाएगी। इसके बाद सुविधानुसार 5 से 6 शिक्षार्थियों का समूह बनाकर साक्षरता कक्षाएं चलाई जाएंगी। इन कक्षाओं में 200 घंटे का निर्धारित पाठ्यक्रम पूरा कराया जाएगा।
इस काम में विद्यार्थियों के साथ एनसीसी, स्काउट, जनप्रतिनिधियों और पहले से साक्षर हो चुके लोगों की मदद ली जाएगी। पहले महापरीक्षा पास कर चुके नवसाक्षर भी अपने आसपास के निरक्षर लोगों को पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित करेंगे।
हर शनिवार स्कूलों में चलेगा उल्लास कार्यक्रम
अभियान को सिर्फ सर्वे और कक्षाओं तक सीमित नहीं रखा जाएगा। गांवों और मोहल्लों में दीवारों पर उल्लास के नारे लिखवाए जाएंगे। हर शनिवार बैगलेस डे पर स्कूलों में नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। इसके जरिए बच्चों और समुदाय को भी साक्षरता अभियान से जोड़ा जाएगा।
31 दिसंबर तक जांचेंगे सर्वे की हकीकत
अभियान के लिए चार चरणों में समय-सारणी तय की गई है।
- 30 नवंबर से 15 दिसंबर: घर-घर सर्वे और असाक्षरों की पहचान।
- 15 से 25 दिसंबर: छूटे हुए परिवारों का सत्यापन, ग्रामसभा में सूची का वाचन और घोषणा पत्र तैयार करना।
- 25 से 31 दिसंबर: हर ग्राम और वार्ड के 5 से 10 प्रतिशत घरों का रैंडम भौतिक सत्यापन।
- 31 दिसंबर से महापरीक्षा तक: उल्लास केंद्रों में नियमित कक्षाएं और परीक्षा की तैयारी।
कलेक्टरों को हर सप्ताह समय-सीमा की बैठक में अभियान की समीक्षा करनी होगी। सर्वे, कक्षाओं और महापरीक्षा की तैयारियों पर नजर रखने के साथ ग्राम से जिला स्तर तक प्रमाण पत्र भी तैयार किए जाएंगे। अब देखना होगा कि घर-घर सर्वे के बाद वास्तव में कितने छूटे हुए लोगों तक शिक्षा पहुंच पाती है।
FAQ:
- छत्तीसगढ़ में साक्षरता अभियान का उद्देश्य क्या है?
छत्तीसगढ़ में साक्षरता अभियान का उद्देश्य वर्ष 2026-27 तक राज्य को पूर्ण साक्षर बनाना है, जिसमें 15 साल या उससे अधिक उम्र के असाक्षर लोगों की पहचान कर उन्हें पढ़ाई से जोड़ना शामिल है। - इस अभियान में असाक्षरों की पहचान कैसे की जाएगी?
इस अभियान में असाक्षरों की पहचान मतदाता सूची, राशन कार्ड, और पिछली महापरीक्षा में अनुपस्थित या अनुत्तीर्ण रहे लोगों की सूची के माध्यम से की जाएगी, साथ ही घर-घर सर्वे भी किया जाएगा। - साक्षरता कक्षाएं कैसे संचालित की जाएंगी और इसमें कौन-कौन शामिल होगा?
साक्षरता कक्षाएं 5 से 6 शिक्षार्थियों के समूहों में चलाई जाएंगी, जिनमें विद्यार्थियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्यकर्मियों और नवसाक्षरों को शामिल किया जाएगा।