सड़क पर चल रही महिला पर गिरी बिजली, कैमरे में कैद हुआ मौत का मंजर
समझें क्या है पूरा मामला
- मुंगेली आकाशीय बिजली गिरने से 46 वर्षीय महिला की मौत।
- महिला खेत से काम कर सिर पर बर्तन रखकर घर लौट रही थीं।
- अचानक तेज बिजली गिरने से वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं।
- परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
- घटना कैमरे में कैद हुई, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। हादसा रविवार, 23 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे ग्राम पंडारभट्ठा के मुख्य मार्ग पर हुआ। महिला खेत में काम करने के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान अचानक उसके ऊपर बिजली गिर गई।
इस दर्दनाक घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में महिला के आकाशीय बिजली की चपेट में आने की घटना दिखाई दे रही है। घटना के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सिर पर बर्तन लेकर घर लौट रही थी महिला
मृतका की पहचान 46 वर्षीय गीता बाई, निवासी ग्राम पंडारभट्ठा, थाना सिटी कोतवाली मुंगेली के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, गीता बाई खेत में काम करने गई थीं। काम खत्म करने के बाद वह सिर पर बर्तन रखकर पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान मौसम खराब हो गया और अचानक तेज आकाशीय बिजली गिरी।
बिजली की चपेट में आने से गीता बाई गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गईं।
परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन गीता बाई को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
कैमरे में कैद हुआ पूरा हादसा
महिला पर बिजली गिरने की यह घटना कैमरे में कैद हो गई। सामने आए वीडियो में गीता बाई को सिर पर बर्तन लेकर सड़क से गुजरते हुए देखा जा सकता है। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरती है और महिला उसकी चपेट में आ जाती है।
हादसे का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना ने इलाके में लोगों को भी झकझोर दिया है।
FAQ
- बिजली गिरने से कैसे बचना चाहिए?
गरज-चमक शुरू होते ही खुले मैदान, खेत, पेड़, बिजली के खंभे और पानी वाली जगहों से दूर होकर किसी सुरक्षित पक्की इमारत में चले जाएं। बाहर फंसने पर जमीन पर लेटने के बजाय पैरों को पास रखकर नीचे झुकें।
ये खबरें भी पढ़ें...
बिजली गिरने से उपसरपंच समेत 3 लोगों की मौत, पेड़ के नीचे थे 70 मजदूर
सरगुजा में बिजली गिरने से दो बच्चों समेत 3 की मौत, एक मासूम गंभीर रूप से झुलसी
कोरबा में 3 की बिजली गिरने से मौत, खेत में रोपा लगा रहे थे ग्रामीण
बलरामपुर में बिजली गिरने से मां-बेटी की मौके पर मौत, पेड़ के नीचे रुकना पड़ा भारी