इलेक्ट्रोपैथी को होम्योपैथी बताकर नहीं कर सकेंगे प्रचार, NCH ने डॉक्टर की उपाधि और पंजीकरण के इस्तेमाल पर भी लगाई रोक
आयोग ने इस संबंध में 12 नवंबर 2026 को सार्वजनिक सूचना जारी कर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को जरूरी निर्देश दिए हैं।
आयोग की इस सूचना का सीधा असर उन संस्थानों, क्लीनिकों और इलेक्ट्रोपैथी से जुड़े लोगों पर पड़ेगा, जो अपनी पहचान स्थापित करने के लिए होम्योपैथी से जुड़ी उपाधियों और पंजीकरण का इस्तेमाल करते हैं। NCH ने स्पष्ट किया है कि ऐसी गतिविधियों से आम लोगों के बीच चिकित्सा पद्धतियों को लेकर भ्रम पैदा होता है। इसलिए अब दोनों की पहचान और कानूनी स्थिति को अलग-अलग रखना होगा।
होम्योपैथी की शाखा बताना गलत
NCH ने अपने सार्वजनिक नोटिस में कहा है कि इलेक्ट्रोपैथी, होम्योपैथी नहीं है। यह होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति की कोई शाखा, उपशाखा, विशेषज्ञता या हिस्सा भी नहीं है। दोनों की अपनी अलग पहचान है। ऐसे में कोई व्यक्ति या संस्थान इलेक्ट्रोपैथी को होम्योपैथी से जुड़ा हुआ बताकर प्रचार नहीं कर सकता।
आयोग ने इस तरह के प्रचार को गलत और भ्रामक माना है। इसका मकसद आम मरीजों को यह समझाना है कि वे जिस चिकित्सा पद्धति के तहत इलाज करा रहे हैं, उसकी वास्तविक पहचान क्या है। किसी दूसरी चिकित्सा पद्धति का नाम या पहचान इस्तेमाल करके मरीजों को भ्रमित नहीं किया जाना चाहिए।
Dr. लिखने और रजिस्ट्रेशन पर भी रोक
सार्वजनिक सूचना में सबसे अहम निर्देश पेशेवर उपाधियों को लेकर है। NCH ने स्पष्ट किया है कि इलेक्ट्रोपैथी से जुड़े चिकित्सक होम्योपैथी के पंजीकृत चिकित्सकों के लिए वैधानिक रूप से आरक्षित उपाधियों, उपसर्गों और पंजीकरण विवरणों का इस्तेमाल नहीं कर सकते।
इसमें नाम के आगे लगाए जाने वाले 'Dr.' जैसे संबोधन और होम्योपैथी से जुड़े वैधानिक पंजीकरण की जानकारी भी शामिल है। यानी इलेक्ट्रोपैथी से जुड़े होने के बावजूद कोई व्यक्ति होम्योपैथिक चिकित्सक के रूप में अपनी पहचान पेश नहीं कर सकेगा। आयोग का जोर इस बात पर है कि पेशेवर पहचान वही होनी चाहिए, जिसका इस्तेमाल करने का कानूनी अधिकार संबंधित व्यक्ति के पास हो।
साइनबोर्ड और विज्ञापन में भी बतानी होगी पहचान
NCH ने इलेक्ट्रोपैथी से जुड़े शैक्षणिक केंद्रों, क्लीनिकों और संस्थानों को भी निर्देश दिए हैं। उन्हें अपने साइनबोर्ड, विज्ञापनों और प्रचार सामग्री में चिकित्सा पद्धति का नाम और पहचान साफ-साफ बतानी होगी। ऐसा कोई प्रचार नहीं होना चाहिए, जिससे मरीज इलेक्ट्रोपैथी को होम्योपैथी समझ बैठें।
यह सार्वजनिक सूचना सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के होम्योपैथी एवं आयुष आयुक्तों, निदेशकों के साथ होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों और डीन को भेजी गई है। इस पर आयोग के प्रभारी सचिव डॉ. रजत चट्टोपाध्याय के हस्ताक्षर हैं। NCH के इस कदम से चिकित्सा पद्धतियों के नाम पर होने वाले प्रचार और पेशेवर पहचान के इस्तेमाल को लेकर बहस तेज हो सकती है। अब सवाल यह है कि आयोग के निर्देशों के बाद राज्यों में इन नियमों के पालन की निगरानी कैसे होगी और गलत पहचान के साथ संचालित संस्थानों पर क्या कार्रवाई की जाएगी।