ऑनलाइन अटेंडेंस पर सरकार हुई सख्त, हर दिन VSK ऐप पर हाजिरी जरूरी, बिना सूचना गैरहाजिरी पर रुकेगा वेतन

VINAY VERMA | Oct 03, 2026, 16:45 IST
VSK ऐप ऑन​लाइन अटेेंडेंस अनिवार्य
स्कूल शिक्षा विभाग ने कर्मचारियों की ऑनलाइन हाजिरी को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारी अंतिम निर्देश जारी किया है। साफ कहा गया है कि V.S.K. ऐप में दर्ज उपस्थिति के आधार पर ही कर्मचारियों का वेतन निकलेगा। यानी अब स्कूल में मौजूद रहने के साथ ऐप पर हाजिरी लगाना भी जरूरी है।

सितंबर की सैलरी अटकी

जिला शिक्षा अधिकारी के BEO, प्राचार्य और DDO को आदेश में उन कर्मचारियों का सितंबर 2026 का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं, जिनके अभ्यावेदन संतोषजनक नहीं पाए गए हैं या जो बिना सूचना के गायब मिले हैं। ऐसे कर्मचारियों का वेतन फिलहाल आहरित नहीं किया जाएगा। बाकी कर्मचारियों का वेतन भी तभी निकलेगा, जब DDO डाटा अपडेट होने का प्रमाण-पत्र देंगे।



दो दिन में रिकॉर्ड साफ करो

विभाग को ऑनलाइन रिकॉर्ड में बड़ी गड़बड़ी भी मिली है। कई जगह रिटायर हो चुके, मृत और ट्रांसफर किए जा चुके कर्मचारियों के नाम अभी भी सिस्टम में दिखाई दे रहे हैं। DEO ने सभी DDO को दो दिन के भीतर cgschool.in पोर्टल और V.S.K. ऐप से ऐसे नाम हटाने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद इसका प्रमाण-पत्र भी देना होगा।



छुट्टी ली तो ऐप में दर्ज करो

अब छुट्टी का खेल भी ऑनलाइन रिकॉर्ड में दिखाई देगा। कर्मचारी के छुट्टी पर रहने की स्थिति में उसका आवेदन तुरंत स्वीकृत या अस्वीकृत करना होगा। इसके बाद इसकी एंट्री V.S.K. ऐप में करनी होगी। विभाग ने साफ किया है कि बिना छुट्टी मंजूर कराए गैरहाजिर रहना गंभीर लापरवाही माना जाएगा।




प्रतिनियुक्ति पर भी नजर

प्रतिनियुक्ति, विभागीय B.Ed. प्रशिक्षण या किसी दूसरे सरकारी काम से बाहर गए कर्मचारियों के मामले में भी DDO को दस्तावेज लगाना होगा। वेतन निकालते समय संबंधित आदेश या अनुमति की कॉपी साथ लगानी होगी। ऐसा नहीं करने पर जिम्मेदारी DDO की तय होगी।



नेटवर्क का बहाना नहीं चलेगा

सबसे सख्त निर्देश ऑनलाइन हाजिरी को लेकर है। विभाग ने साफ कर दिया है कि रोज V.S.K. ऐप पर उपस्थिति दर्ज करनी होगी। नेटवर्क या तकनीकी दिक्कत को सामान्य बहाना मानकर छोड़ने की तैयारी नहीं है। जिस दिन हाजिरी दर्ज नहीं हो पाए, उसी दिन BEO कार्यालय को इसकी सूचना देनी होगी।



अब सवाल भी उठेंगे

सरकार ऑनलाइन हाजिरी से स्कूलों में कर्मचारियों की मौजूदगी तय करना चाहती है, लेकिन तकनीकी दिक्कत होने पर कर्मचारी क्या करें, इसका सवाल भी खड़ा है। कबीरधाम में अब सितंबर की सैलरी रोकने के आदेश से साफ है कि विभाग ने ऐप की हाजिरी को सीधे वेतन से जोड़ दिया है। इसके बाद एक दिन की ऑनलाइन चूक भी कर्मचारी की जेब पर भारी पड़ सकती है।




  1. .S.K. ऐप में ऑनलाइन हाजिरी क्यों जरूरी की गई है?
    इसका उद्देश्य कर्मचारियों की उपस्थिति का ऑनलाइन रिकॉर्ड रखना और वेतन प्रक्रिया को दर्ज उपस्थिति से जोड़ना है।
  2. V.S.K. ऐप की ऑनलाइन हाजिरी की जिम्मेदारी किसकी होगी?
    उपस्थिति रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेजों को अपडेट रखने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों और DDO स्तर पर तय की गई है।
  3. अगर ऑनलाइन हाजिरी दर्ज नहीं कर पाए तो कर्मचारी को क्या करना चाहिए?
    अगर कर्मचारी ऑनलाइन हाजिरी दर्ज नहीं कर पाते हैं, तो उन्हें उसी दिन BEO कार्यालय को इसकी सूचना देनी होगी। नेटवर्क या तकनीकी दिक्कत को सामान्य बहाना मानकर नहीं छोड़ा जाएगा।
Tags:
  • ddo
  • beo
  • ऑनलाइन हाजिरी
  • VSK App
  • छत्तीसगढ़
  • Online Attendance