पटवारी से RI बनने के लिए लाखों का खेल, परीक्षा से पहले ही अभ्यर्थियों तक पहुंच गए सवाल, होटल और फार्म हाउस में रटवाए जवाब

Umeshwari Baghel | Published:
पटवारी से RI पदोन्नति परीक्षा में पेपर लीक और लाखों की वसूली का आरोप
रायपुर। जिस परीक्षा को पास करने के लिए अभ्यर्थियों को महीनों तक किताबों में सिर खपाना था, उसी परीक्षा के सवाल कुछ लोगों को एक रात पहले ही मिल गए। रायपुर के होटल, रिसॉर्ट और फार्म हाउस में अभ्यर्थियों को ठहराया गया। यहां उन्हें पढ़ाई नहीं, बल्कि परीक्षा में आने वाले सवालों के जवाब याद कराए गए।

बदले में किसी से 50 हजार तो किसी से एक लाख रुपए तक लिए गए। पटवारी से राजस्व निरीक्षक (RI) बनने की पदोन्नति परीक्षा में हुई गड़बड़ी की जांच में अब कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं।



आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की जांच के मुताबिक, इस पूरे मामले में अब तक 1 करोड़ 4 लाख रुपए के लेनदेन का पता चला है। इसके अलावा करीब एक करोड़ रुपए और वसूले जाने की आशंका है। जांच एजेंसी अब इस रकम और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।




परीक्षा से एक दिन पहले तैयार हुआ पेपर, फिर शुरू हुआ खेल

मामला 7 जनवरी 2024 को हुई पटवारी से आरआई पदोन्नति परीक्षा का है। जांच में सामने आया है कि परीक्षा से ठीक एक दिन पहले यानी 6 जनवरी को प्रश्नपत्र तैयार किया गया था।



ईओडब्ल्यू के अनुसार, इस मामले के मुख्य आरोपी सहायक सांख्यिकी अधिकारी वीरेंद्र जाटव अपना निजी लैपटॉप लेकर तत्कालीन संचालक के रोहिणीपुरम स्थित घर पहुंचे थे। वहां 30 हस्तलिखित सवाल कंप्यूटर पर टाइप किए गए, जबकि बाकी 20 सवाल किताबों से लिए गए।



इसके बाद प्रश्नपत्र का डेटा पेनड्राइव के जरिए इंद्रावती भवन स्थित भू-अभिलेख कार्यालय के कंप्यूटर में पहुंचाया गया। यहां प्रश्नपत्र के चार सेट ए, बी, सी और डी तैयार किए गए।



जांच में पता चला कि पेपर की छपाई के दौरान निकली अतिरिक्त प्रतियों और खराब कागजों का सही हिसाब नहीं रखा गया। एजेंसी को संदेह है कि इसी दौरान प्रश्नपत्र की कॉपियां बाहर पहुंचाई गईं।




आधी रात को पहुंचा पेपर, सुबह की परीक्षा के लिए रटवाए जवाब

जांच में सामने आया कि 6 जनवरी की रात वीरेंद्र जाटव रायपुर के बोरियाखुर्द में सहायक सांख्यिकी अधिकारी हेमंत कौशिक के घर पहुंचे थे। वहां पहले से बस्तर, सुकमा, बीजापुर और कोंडागांव के कुछ पटवारी मौजूद थे।



आरोप है कि इन अभ्यर्थियों को हाथ से लिखे सवाल दिए गए और उनके जवाब याद कराए गए। इसके लिए प्रत्येक अभ्यर्थी से 50 हजार रुपए लिए गए। यानी परीक्षा शुरू होने से पहले ही कुछ अभ्यर्थियों को सवालों की जानकारी मिल चुकी थी।



होटल और रिसॉर्ट बने तैयारी के ठिकाने, एक-एक लाख रुपए तक लिए

पेपर पहुंचाने और अभ्यर्थियों को जवाब याद कराने के लिए अलग-अलग जगह व्यवस्था की गई थी। रायपुर के होटल उत्सव इन, ऑल-इन-वन, वी.डब्ल्यू. कैनियन और पामविला रिसॉर्ट में अभ्यर्थियों को ठहराने की बात जांच में सामने आई है।



इसके अलावा अमलेश्वर के एक फार्म हाउस में भी कुछ अभ्यर्थियों को रखा गया था। आरोप है कि इन ठिकानों पर अभ्यर्थियों को परीक्षा में आने वाले सवालों के उत्तर रटवाए गए। इसके बदले उनसे एक लाख रुपए तक वसूले गए।




जांच एजेंसी के मुताबिक, सरगुजा क्षेत्र में प्रश्नपत्र पहुंचाने और अभ्यर्थियों से संपर्क करने के लिए राजस्व निरीक्षक नरेश मौर्य, अभिषेक सिंह, धर्मदेव लकड़ा, गौरीशंकर राम, धर्मजीत मिंज और फूल सिंह की भूमिका सामने आई है। वहीं नवा रायपुर में सहायक प्रोग्रामर सतीश उईके और कोरबा-जांजगीर क्षेत्र में संदीप पांडेय के जरिए पेपर पहुंचाने की बात कही गई है।



किसने कितने रुपए वसूले? जांच में सामने आया हिसाब

ईओडब्ल्यू की जांच में रकम जुटाने का पूरा नेटवर्क भी सामने आया है। आरोप है कि अलग-अलग इलाकों में अभ्यर्थियों से पैसे लेकर मुख्य आरोपी वीरेंद्र जाटव तक पहुंचाए गए।



जांच के मुताबिक, आरआई गौरीशंकर राम और धर्मजीत मिंज ने 18 पटवारियों से 26 लाख 50 हजार रुपए जुटाए। इसमें से 21 लाख रुपए वीरेंद्र जाटव को दिए गए।



इसी तरह अभिषेक सिंह और धर्मदेव लकड़ा ने करीब 14 से 15 अभ्यर्थियों से 20 लाख रुपए इकट्ठा किए। इसमें से 16 लाख 50 हजार रुपए वीरेंद्र तक पहुंचाए जाने की बात सामने आई है।



इसके अलावा नरेश मौर्य के माध्यम से 18 लाख 50 हजार, अनिल साहू से 11 लाख, संदीप पांडेय से 10 लाख और हेमंत कौशिक के जरिए 8 लाख रुपए जुटाए जाने की जानकारी मिली है।



जांच में अब तक कुल 1.04 करोड़ रुपए के लेनदेन का पता चला है। एजेंसी को आशंका है कि इस पूरे मामले में वसूली का आंकड़ा इससे कहीं ज्यादा हो सकता है।




OMR शीट ने भी खोला राज, सही ही नहीं गलत जवाब भी मिले एक जैसे

इस मामले में सबसे अहम सुराग अभ्यर्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं से मिला है। ईओडब्ल्यू ने परीक्षा की ओएमआर शीट की जांच कराई तो कई अभ्यर्थियों के जवाबों में काफी समानता मिली।



जांच के अनुसार, सत्तू सिंह मन्नाड़े और मनोज मन्नाड़े ने सेट-सी का प्रश्नपत्र हल किया था। दोनों के 50 में से 42 जवाब एक जैसे पाए गए। इनमें 36 सही जवाब समान थे, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि दोनों ने 6 सवालों के गलत जवाब भी एक जैसे भरे थे।



सिर्फ इन दो अभ्यर्थियों की ही नहीं, बल्कि अन्य परीक्षार्थियों की ओएमआर शीट में भी 70 से 85 प्रतिशत तक जवाब समान पाए गए। जांच एजेंसी इसे पेपर लीक के आरोपों से जोड़कर देख रही है।



कॉल रिकॉर्ड और मोबाइल लोकेशन से भी जोड़ी जा रही कड़ियां

ईओडब्ल्यू अब केवल पैसों के लेनदेन और ओएमआर शीट के आधार पर ही जांच नहीं कर रही है। आरोपियों और संबंधित लोगों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल टावर लोकेशन और डिजिटल फॉरेंसिक साक्ष्यों की भी पड़ताल की गई है।



इन साक्ष्यों के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि परीक्षा से पहले कौन किसके संपर्क में था, प्रश्नपत्र किन-किन लोगों तक पहुंचा और रकम किस रास्ते से मुख्य आरोपी तक गई।

Tags:
  • पेपर लीक
  • पटवारी
  • राजस्व निरीक्षक
  • ओएमआर शीट
  • होटल उत्सव इन
  • Patwari exam Chhattisgarh
  • Paper leak Raipur
  • प्रश्नपत्र