द सूत्र की खबर के बाद अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन ने राज्यपाल को लिखा पत्र, PSC अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने पर उठाए सवाल

VINAY VERMA | Published:
भर्ती से प्रमोशन तक पर असर! छत्तीसगढ़ PSC में नियुक्ति की देरी पर उठे सवाल
Chhattisgarh’s vacant PSC chairman post has stalled promotions, prompting the Gazetted Officers Association to seek the Governor’s intervention.
छत्तीसगढ़ में लोक सेवा आयोग (PSC) के अध्यक्ष का पद लंबे समय से खाली है। इसका असर अब अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति पर भी दिखाई देने लगा है। भर्ती और प्रमोशन की प्रक्रिया में देरी का मुद्दा पहले द सूत्र ने प्रमुखता से उठाया था। अब इस मामले ने राजभवन तक दस्तक दे दी है।

छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ ने राज्यपाल रमेन डेका को पत्र लिखकर PSC अध्यक्ष की जल्द नियुक्ति की मांग की है। संघ का कहना है कि अध्यक्ष का पद खाली रहने से अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति सहित कई महत्वपूर्ण प्रकरणों के निराकरण में देरी हो रही है।



दरअसल, प्रदेश में PSC के अलावा वित्त आयोग और निर्वाचन आयोग जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों में भी नियुक्तियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इन संस्थानों में पद खाली रहने या नियुक्तियों में देरी का असर उनके कामकाज और उनसे जुड़े फैसलों पर पड़ सकता है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि सरकार इन महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां क्यों नहीं कर रही है?




पद खाली, प्रमोशन का इंतजार

छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल वर्मा ने राज्यपाल को भेजे पत्र में कहा है कि लोक सेवा आयोग राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्थान है। आयोग के माध्यम से विभिन्न शासकीय सेवाओं में भर्ती, चयन और पदोन्नति से जुड़ी प्रक्रियाएं पूरी की जाती हैं। अध्यक्ष का पद रिक्त होने से इन कामों के संचालन और लंबित मामलों के निराकरण पर असर पड़ रहा है।



संघ ने खास तौर पर अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति का मुद्दा उठाया है। उसका कहना है कि पदोन्नति के प्रकरण लंबित रहने से पात्र अधिकारियों-कर्मचारियों को आर्थिक और सेवागत लाभ समय पर नहीं मिल पा रहे हैं। विभागों में उच्च पदों पर रिक्तियां बनी रहने से प्रशासनिक कामकाज भी प्रभावित होने की आशंका है।




सितंबर से अटकी पदोन्नति की प्रक्रिया

इस पूरे मामले का असर राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों पर भी दिखाई दे रहा है। सितंबर के बाद से विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने की बात सामने आई है। अधिकारियों को अगली पदस्थापना और जिम्मेदारी का इंतजार है। PSC अध्यक्ष का पद खाली होने के कारण आयोग से जुड़े मामलों में निर्णय और प्रक्रिया को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।



PSC अध्यक्ष पद के लिए सेवानिवृत्त IAS अधिकारी महादेव कांवरे का नाम प्रशासनिक हलकों में चर्चा में है। हालांकि, शासन की तरफ से उनकी नियुक्ति को लेकर अब तक कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। इनके अलावा IAS अधिकारी नरेंद्र दुग्गा और भगवान उईके भी PSC अध्यक्ष की दौड़ में बताए जा रहे हैं।




राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग

राजपत्रित अधिकारी संघ ने राज्यपाल से आग्रह किया है कि PSC अध्यक्ष की नियुक्ति को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के लिए आवश्यक पहल की जाए। साथ ही, लंबित पदोन्नति और अन्य महत्वपूर्ण प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।



अब सवाल यह है कि जब PSC जैसी संस्था में अध्यक्ष का पद लंबे समय से खाली है और इससे जुड़े मामलों में देरी की शिकायतें सामने आ रही हैं, तो सरकार नियुक्ति की प्रक्रिया कब पूरी करेगी? भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं से लेकर पदोन्नति की बाट जोह रहे अधिकारियों तक, इस देरी का असर अलग-अलग स्तर पर दिखाई दे रहा है। द सूत्र की खबर के बाद अधिकारी-कर्मचारी संगठन का राज्यपाल तक पहुंचना बताता है कि मामला अब केवल प्रशासनिक नियुक्ति तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि सरकारी सेवाओं से जुड़े लोगों के हितों का मुद्दा भी बन गया है।



FQS:

  1. छत्तीसगढ़ राजपत्रित अधिकारी संघ ने राज्यपाल को पत्र में क्या बातें लिखी हैं?
    संघ ने पत्र में कहा है कि PSC अध्यक्ष का पद खाली रहने से अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति सहित कई महत्वपूर्ण मामलों के निराकरण में देरी हो रही है, जिससे राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
  2. PSC अध्यक्ष के खाली पद का असर किन-किन प्रकरणों पर पड़ रहा है?
    PSC अध्यक्ष का खाली पद अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति के प्रकरणों पर असर डाल रहा है, जिससे पात्र अधिकारियों को समय पर आर्थिक और सेवागत लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा, विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की प्रक्रिया भी रुकी हुई है।
  3. सरकार PSC अध्यक्ष की नियुक्ति में देरी क्यों कर रही है?
    सरकार की तरफ से PSC अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर अब तक कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है, और राज्यपाल द्वारा की गई अपील के बावजूद नियुक्ति प्रक्रिया में कोई स्पष्टता नहीं है, जिससे नियुक्तियों में देरी हो रही है।
Tags:
  • Chhattisgarh PSC Chairman Appointment
  • छत्तीसगढ़ PSC अध्यक्ष नियुक्ति
  • Delay in Promotions Chhattisgarh
  • छत्तीसगढ़
  • PSC अध्यक्ष की नियुक्ति में देरी
  • अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन