छत्तीसगढ़ के 3 बड़े आयोगों में पद खाली, PSC भर्ती से प्रमोशन तक अटके, सरकार क्यों नहीं कर रही नियुक्ति?

VINAY VERMA | Published:
PSC से निर्वाचन आयोग तक पद खाली, सरकार की सुस्ती से अटके भर्ती और प्रमोशन
Three key commissions in Chhattisgarh are functioning without full-time heads, raising questions over delayed appointments, stalled PSC recruitments, pending promotions and the impact on local development.
छत्तीसगढ़ में सरकारी व्यवस्था को लेकर अब यह बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है। लोक सेवा आयोग (PSC) में अध्यक्ष नहीं होने से भर्तियां प्रभावित हैं। राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की पदोन्नति अटकी हुई है। राज्य वित्त आयोग में नियुक्ति नहीं होने से पंचायतों और नगरीय निकायों को मिलने वाली राशि का हिसाब-किताब प्रभावित हो रहा है।

वहीं, राज्य निर्वाचन आयोग में भी नए आयुक्त की नियुक्ति का इंतजार है। सवाल यह है कि जब इन आयोगों का सीधा संबंध युवाओं के भविष्य, अधिकारियों के प्रमोशन और शहरों-गांवों के विकास से है, तो सरकार इन पदों को भरने में देरी क्यों कर रही है? आखिर नियुक्तियों की फाइल कहां अटकी है और इसका खामियाजा प्रदेश की जनता क्यों भुगते?



तीनों संस्थानों की जिम्मेदारियां प्रदेश की व्यवस्था के लिए बेहद अहम हैं। इसके बावजूद सरकार की ओर से खाली पदों को भरने के लिए अब तक आधिकारिक आदेश जारी नहीं किए गए हैं। प्रशासनिक हलकों में संभावित नियुक्तियों को लेकर चर्चाएं जरूर हैं, लेकिन इन चर्चाओं का असर सरकारी फैसलों में नजर नहीं आ रहा है।



PSC अध्यक्ष नहीं, भर्ती और प्रमोशन अटके

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में अध्यक्ष का पद खाली होने का असर भर्ती व्यवस्था पर पड़ रहा है। आयोग प्रदेश की प्रशासनिक सेवाओं सहित विभिन्न सरकारी पदों पर भर्ती की प्रक्रिया संचालित करता है। अध्यक्ष नहीं होने से भर्ती संबंधी फैसलों और प्रक्रियाओं को लेकर स्थिति प्रभावित हो रही है।



इसका असर सिर्फ नई भर्तियों तक सीमित नहीं है। राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की विभागीय पदोन्नति भी सितंबर के बाद से नहीं हुई है। अधिकारियों को अगली जिम्मेदारी और पद का इंतजार है, लेकिन DPC की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।



PSC अध्यक्ष पद के लिए सेवानिवृत्त IAS अधिकारी महादेव कांवरे का नाम प्रशासनिक हलकों में चर्चा में है। उनके प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए इस पद के लिए विचार किए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि, शासन की ओर से अब तक नियुक्ति को लेकर कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है।



वित्त आयोग की सिफारिशें लागू नहीं

राज्य वित्त आयोग का काम पंचायतों और नगरीय निकायों के बीच वित्तीय संसाधनों के बंटवारे को लेकर सिफारिशें करना है। पिछली सरकार में जीएस मिंज इस आयोग के अध्यक्ष थे। उनके कार्यकाल में यह व्यवस्था तय हुई थी कि निगमों और पंचायतों को उनकी जरूरत के हिसाब से राशि देने में वित्त आयोग की सिफारिशों की अहम भूमिका होगी।



लेकिन सर्जियस मिंज का कार्यकाल समाप्त होने के बाद आयोग में नई नियुक्ति नहीं हुई। उनकी सिफारिशें भी लागू नहीं हो सकीं। अब पंचायतों और नगरीय निकायों को कितना पैसा दिया जाना है, इसका फैसला शासन स्तर पर ही किया जा रहा है। इससे स्थानीय निकायों के विकास कार्यों पर असर पड़ने की बात सामने आ रही है।



वित्त आयोग के अध्यक्ष पद के लिए IAS अधिकारी भगवान सिंह उइके का नाम चर्चा में है। वे 31 दिसंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। हालांकि, उनकी भर्ती प्रक्रिया को लेकर मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन होने की बात भी सामने आई है। ऐसे में उनकी संभावित नियुक्ति के साथ कानूनी पहलू भी महत्वपूर्ण हो जाता है। फिलहाल सरकार की ओर से इस पद पर किसी नियुक्ति की घोषणा नहीं हुई है।



निर्वाचन आयुक्त की नियुक्ति भी लंबित

राज्य निर्वाचन आयोग में भी नए आयुक्त की नियुक्ति नहीं हुई है। फिलहाल सेवानिवृत्त IAS अधिकारी अजय सिंह इस पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनका जन्म 12 फरवरी 1960 को हुआ था। इस हिसाब से वे 12 फरवरी 2025 को 65 साल की उम्र पूरी कर चुके हैं।



ऐसे में उनकी उम्र और पद पर बने रहने की स्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। नई नियुक्ति नहीं होने से मौजूदा व्यवस्था जारी है। राज्य निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के संचालन की है। ऐसे महत्वपूर्ण संस्थान में नए आयुक्त की नियुक्ति नहीं होना भी प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।



तीन आयोग खाली, सरकार से पांच सवाल

  • PSC अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने से भर्ती और विभागीय पदोन्नति प्रभावित हो रही है, इसकी जिम्मेदारी किसकी है?
  • राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष का कार्यकाल खत्म होने के बाद नई नियुक्ति क्यों नहीं हुई? पिछली सिफारिशें लागू क्यों नहीं की गईं?
  • पंचायतों और नगरीय निकायों को मिलने वाली राशि का बंटवारा वित्त आयोग की सिफारिशों के बिना किस आधार पर हो रहा है?
  • 65 साल की उम्र पूरी कर चुके राज्य निर्वाचन आयुक्त की जगह नई नियुक्ति क्यों नहीं की गई?
  • क्या सरकार को इन संवैधानिक पदों के लिए योग्य अधिकारी नहीं मिल रहे या फिर खाली पदों को भरना उसकी प्राथमिकता में नहीं है?

तीनों आयोगों की स्थिति एक ही सवाल खड़ा करती है

जब इन संस्थानों का काम प्रदेश की भर्ती, वित्तीय व्यवस्था और स्थानीय चुनावों से जुड़ा है, तो इनके शीर्ष पद लंबे समय तक खाली क्यों रखे जा रहे हैं? सरकार को यह स्पष्ट करना होगा कि नियुक्तियों में देरी की वजह क्या है और इन संस्थानों को पूरी क्षमता से काम करने लायक कब बनाया जाएगा।

Tags:
  • अफसरों की कमी
  • Chhattisgarh PSC Recruitment
  • छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग अध्यक्ष
  • Chhattisgarh Administrative Service Promotion
  • राज्य प्रशासनिक सेवा पदोन्नति
  • Chhattisgarh State Finance Commission
  • छत्तीसगढ़