AIIMS रायपुर के स्पीड डेटिंग इवेंट पर बवाल, सोशल मीडिया में प्रचार, कमेंट में लोग पूछ रहे एज लिमिट

VINAY VERMA | Published:
रायपुर में स्पीड डेटिंग इवेंट को लेकर बवाल: 2 मिनट की बातचीत, 100 रुपए फीस और AIIMS के नाम पर सवाल
A speed dating event promoted on the ORIANA AIIMS Raipur social media page has sparked controversy, with Bajrang Dal demanding its cancellation.
रायपुर। सिर्फ 100 रुपए दीजिए और डेट पर जाने का मौका पाइए! रायपुर में AIIMS कैंपस से जुड़े एक स्पीड डेटिंग इवेंट ने विवाद खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर इस आयोजन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, बजरंग दल ने इसे अश्लील बताते हुए रद्द करने की मांग की है।

लड़के-लड़कियों को दो-दो मिनट आमने-सामने बैठकर बातचीत करने और अपनी पसंद के आधार पर पार्टनर चुनने का मौका देने का दावा किया गया है। प्रचार सामने आते ही सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे हैं। कोई इसकी एज लिमिट पूछ रहा है तो कोई आयोजन के फॉर्मेट पर सवाल खड़े कर रहा है। वहीं, बजरंग दल ने इसे अश्लील कार्यक्रम बताते हुए आयोजन रद्द करने की मांग की है।



कार्यक्रम का प्रचार ORIANA AIIMS RAIPUR के सोशल मीडिया पेज पर किया जा रहा है। आयोजकों के मुताबिक, 18 से 21 नवंबर तक AIIMS की न्यू एडमिनिस्ट्रेशन बिल्डिंग में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक यह इवेंट आयोजित होना है। इसमें 18 से 30 साल तक के युवाओं को शामिल होने का मौका दिया जा रहा है। एंट्री फीस 100 रुपए रखी गई है। प्रचार में यह भी बताया गया है कि इसके लिए डेलिगेट कार्ड की जरूरत नहीं होगी और मौके पर ही रजिस्ट्रेशन कराया जा सकेगा।



दो मिनट में बातचीत, फिर बदलेगी लड़की

स्पीड डेटिंग का जो फॉर्मेट सामने आया है, वह सबसे ज्यादा चर्चा में है। एक राउंड में 10 लड़के और 10 लड़कियों को आमने-सामने बैठाया जाएगा। हर जोड़ी को बातचीत के लिए सिर्फ दो मिनट मिलेंगे। इसके बाद लड़के अपनी सीट से दाईं ओर शिफ्ट होंगे और अगली लड़की के साथ बातचीत शुरू करेंगे।



इस तरह एक राउंड में हर लड़के को 10 लड़कियों से बात करने का मौका मिलेगा। आयोजकों के मुताबिक, एक राउंड करीब 20 मिनट में पूरा होगा। इसके बाद सभी प्रतिभागियों को एक चिट दी जाएगी। इसमें उन्हें उस व्यक्ति का नाम लिखना होगा, जिसे वे सबसे ज्यादा पसंद करते हैं।



AIIMS कैंपस से जुड़ा स्पीड डेटिंग इवेंट
AIIMS कैंपस से जुड़ा स्पीड डेटिंग इवेंट

लड़कों और लड़कियों की चिट अलग-अलग इकट्ठा की जाएंगी। जिस लड़के और लड़की को सबसे ज्यादा लोगों ने पसंद किया होगा, उन्हें मोस्ट लाइक्ड बॉय और मोस्ट लाइक्ड गर्ल घोषित किया जाएगा। यानी कुछ मिनट की बातचीत के बाद पसंद और वोटिंग के आधार पर विजेता चुने जाएंगे।



एक राउंड के लिए 100 रुपए, हर बार अलग फीस

इस इवेंट में शामिल होने के लिए 100 रुपए एंट्री फीस रखी गई है। खास बात यह है कि कोई प्रतिभागी एक से ज्यादा राउंड में भी हिस्सा ले सकता है, लेकिन हर राउंड के लिए उसे अलग से 100 रुपए देने होंगे। यानी जितने ज्यादा राउंड, उतनी ज्यादा फीस।



इसी फॉर्मेट को लेकर सोशल मीडिया पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि आखिर इस तरह के कार्यक्रम का मकसद क्या है और इसमें शामिल होने वाले युवाओं के लिए क्या नियम तय किए गए हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह आयोजन केवल AIIMS के छात्रों के लिए है या इसमें बाहरी लोग भी हिस्सा ले सकते हैं।



बजरंग दल बोला- रायपुर को मुंबई-दिल्ली बनाने की कोशिश

कार्यक्रम को लेकर बजरंग दल ने विरोध शुरू कर दिया है। संगठन ने इसे अश्लील बताते हुए कहा है कि इस तरह के आयोजन रायपुर की सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान को प्रभावित कर सकते हैं। बजरंग दल का आरोप है कि शहर को मुंबई और दिल्ली की तर्ज पर बनाने की कोशिश की जा रही है। संगठन ने कार्यक्रम को तत्काल रद्द करने की मांग की है।



AIIMS प्रशासन की भूमिका पर सबसे बड़ा सवाल

इस पूरे विवाद में सबसे बड़ा सवाल AIIMS का नाम जुड़ने को लेकर है। कार्यक्रम का प्रचार ORIANA AIIMS RAIPUR के सोशल मीडिया पेज पर किया जा रहा है। ऐसे में यह स्पष्ट होना जरूरी है कि आयोजन AIIMS प्रशासन की आधिकारिक अनुमति से हो रहा है या किसी छात्र समूह की ओर से इसकी तैयारी की गई है।



क्या संस्थान प्रशासन को कार्यक्रम के फॉर्मेट, फीस और आयोजन स्थल की जानकारी है? क्या इसके लिए औपचारिक अनुमति ली गई है? और विरोध के बाद भी 21 नवंबर तक प्रस्तावित कार्यक्रम जारी रहेगा या नहीं? इन सवालों पर AIIMS प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।



फिलहाल, 100 रुपए की डेटिंग ने रायपुर में नया विवाद खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर उम्र और रजिस्ट्रेशन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। बजरंग दल आयोजन रद्द कराने की मांग कर रहा है और AIIMS के नाम को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। अब देखना होगा कि संस्थान प्रशासन इस पूरे मामले पर क्या जवाब देता है।

Tags:
  • Speed Dating Event Raipur
  • रायपुर स्पीड डेटिंग इवेंट
  • AIIMS Raipur Controversy
  • एम्स रायपुर विवाद
  • Dating Event Controversy
  • रायपुर स्पीड डेटिंग
  • स्पीड डेटिंग इवेंट