रायपुर एप्पल स्टोर चोरी कांड : 2 करोड़ की सेंधमारी का पर्दाफाश, 1.50 करोड़ के 125 आईफोन के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मध्यप्रदेश के एक अंतरराज्यीय गिरोह के कथित सरगना समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे और निशानदेही पर करीब डेढ़ करोड़ रुपए के 125 आईफोन बरामद किए गए हैं।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के देवास जिले के टोंककला निवासी राजेश अजय सिंह झाला और इंदौर निवासी सफान खान के रूप में हुई है। वहीं, मामले में राजा झाला और राजेश लोधी की तलाश जारी है।
एक ही रात में पार कर दिए थे 173 आईफोन
दरअसल, 31 अक्टूबर और एक नवंबर की दरम्यानी रात तेलीबांधा थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर में चोरी हुई थी। चोर दुकान से 173 आईफोन, एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड समेत करीब दो करोड़ रुपए का सामान लेकर फरार हो गए थे।
एक नवंबर को दुकान संचालक ऋषभ डागा ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। चोरी की बड़ी वारदात को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अलग-अलग टीमें बनाकर जांच शुरू की थी।
250 किलोमीटर तक खंगाले सीसीटीवी कैमरे
जांच के दौरान पुलिस को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में बाइक सवार तीन संदिग्ध दिखाई दिए। हालांकि, रात का समय होने और फुटेज साफ नहीं होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो पा रही थी।
पुलिस ने एक के बाद एक सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालनी शुरू की। संदिग्धों की तलाश में पुलिस की टीम रायपुर से महाराष्ट्र के मौधा तक पहुंच गई। करीब 250 किलोमीटर के रास्ते में लगे कैमरों की जांच की गई।
लावारिस बाइक बनी जांच का सबसे बड़ा सुराग
महाराष्ट्र के मौधा में कुल्हान नदी के पास पुलिस को एक लावारिस मोटरसाइकिल मिलने की जानकारी मिली। जांच करने पर पता चला कि यह बाइक 25 अक्टूबर को रायपुर के तेलीबांधा इलाके से चोरी हुई थी।
इस जानकारी के बाद पुलिस को चोरी की वारदात और बाइक के बीच संबंध होने का अहम सुराग मिला। इसके बाद मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और दिल्ली में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
जयपुर में हुई चोरी से जुड़ने लगे तार
आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस ने देश के अलग-अलग राज्यों में एप्पल स्टोर में हुई चोरी की घटनाओं की जानकारी जुटाई। इसी बीच वर्ष 2024 में जयपुर के एक एप्पल स्टोर में हुई चोरी का मामला सामने आया।
उस मामले में मध्यप्रदेश के देवास और इंदौर के आसपास सक्रिय एक गिरोह का नाम सामने आया था। रायपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश पुलिस से संपर्क किया और जांच आगे बढ़ाई। इसके बाद देवास पुलिस की मदद से राजेश झाला को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, राजेश के खिलाफ मध्यप्रदेश और राजस्थान में 47 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पूछताछ में सामने आया चोरी का पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वारदात से पहले रायपुर पहुंचकर एप्पल स्टोर की रेकी की थी। पूरी योजना बनाने के बाद चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था।
पूछताछ में राजेश ने अपने बेटे राजा झाला और राजेश लोधी की कथित भूमिका का खुलासा किया। साथ ही चोरी के आईफोन इंदौर निवासी सफान खान को सौंपने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने सफान की तलाश तेज कर दी।
विदेश भागने की आशंका, मुंबई एयरपोर्ट के पास दबोचा
राजेश की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही सफान खान फरार हो गया था। पुलिस को आशंका थी कि वह देश छोड़कर भाग सकता है। उसकी तलाश में उपनिरीक्षक सतीश पुरिया के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम जुटी हुई थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सफान मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास मौजूद है। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सफान की निशानदेही पर मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया से 125 आईफोन बरामद किए गए। इनकी कीमत करीब एक करोड़ 50 लाख रुपए बताई जा रही है।
40 से ज्यादा पुलिसकर्मी जुटे रहे, 10 लाख मोबाइल नंबरों की जांच
इस हाईप्रोफाइल चोरी का खुलासा करने के लिए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर छह विशेष टीमें बनाई गई थीं। इन टीमों में 40 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे।
करीब 25 दिनों तक चली जांच के दौरान पुलिस ने 1000 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके अलावा 1100 से ज्यादा मोबाइल टावरों की सेल आईडी और 10 लाख से अधिक मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया गया।
अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम काम्बले के मार्गदर्शन और डीसीपी स्मृतिक राजनाला, तारकेश्वर पटेल एवं रॉबिन्सन गुरिया के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
नेपाल और बांग्लादेश से जुड़े हो सकते हैं तार
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी के महंगे आईफोन आखिर कहां बेचे जाते थे। आशंका है कि आरोपियों का नेटवर्क नेपाल और बांग्लादेश तक फैला हो सकता है। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस दूसरे राज्यों में हुई इसी तरह की चोरी की घटनाओं से भी आरोपियों का कनेक्शन तलाश रही है। फिलहाल दो फरार आरोपियों के साथ बाकी 48 आईफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान की तलाश जारी है।