पान ठेला वाले ने बनाया 3 करोड़ का मकान, रायपुर में 101 सटोरियों की जांच में बड़े खुलासे

Harrison Masih | Jun 01, 2026, 10:25 IST
raipur-betting-network-property-investigation
रायपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई के दौरान 101 सटोरियों की जांच में करोड़ों की अवैध संपत्ति का खुलासा हुआ है। पान ठेला चलाने वाले से लेकर मोबाइल दुकान संचालक तक कई लोगों ने सट्टेबाजी के जरिए करोड़ों की संपत्ति बनाई।

रायपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान पुलिस और आर्थिक जांच एजेंसियों ने बड़े खुलासे किए हैं। महादेव सट्टा ऐप और उससे जुड़े नेटवर्क पर कार्रवाई के बाद पकड़े 101 सटोरिए पकड़े गए। जांच में करोड़ों रूपए की अवैध संपत्ति सामने आई है। जांच में पता चला है कि मामूली व्यवसाय करने वाले कई लोगों ने सट्टेबाजी के जरिए आलीशान संपत्ति खड़ी कर ली।



पुलिस अब इन संपत्तियों को जब्त करने और कुर्की की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों का पूरा रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।



ठेला वाले ने बनाया 3 करोड़ का मकान

जांच में सबसे चौंकाने वाला मामला शिवानंद नगर निवासी एक व्यक्ति का सामने आया है, जो कुछ साल पहले तक सड़क किनारे पान ठेला चलाता था। पुलिस के अनुसार, ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़ने के बाद उसने करोड़ों रूपए कमाए और करीब 3 करोड़ रूपए की लागत से आलीशान मकान तैयार कर लिया।



अधिकारियों का मानना है कि उसकी आय और संपत्ति के बीच बड़ा अंतर है, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है।



कर्ज में डूबा युवक बना करोड़पति

जांच के दौरान एक अन्य आरोपी राहुल फलवानी का मामला भी चर्चा में है। बताया जा रहा है कि कुछ वर्ष पहले तक वह आर्थिक संकट और कर्ज से जूझ रहा था। लेकिन सट्टा नेटवर्क से जुड़ने के बाद उसकी आर्थिक स्थिति तेजी से बदल गई। पुलिस को उसके नाम पर करोड़ों रूपए की संपत्तियों और निवेश की जानकारी मिली है।



मोबाइल दुकान से शुरू हुआ करोड़ों का खेल

महादेव नेटवर्क से जुड़े एक अन्य आरोपी ने मोबाइल दुकान से अपना कारोबार शुरू किया था। जांच एजेंसियों के अनुसार, ऑनलाइन सट्टेबाजी के जरिए उसने करोड़ों रूपए की संपत्ति बनाई। उसके बैंक खातों, निवेश और अचल संपत्तियों की जांच जारी है।



50 से 500 लोगों की टीम से चलता था सट्टा नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया है कि कई सटोरियों ने सट्टेबाजी के संचालन के लिए बड़ी टीमें बना रखी थीं। कुछ आरोपी 50 से 500 लोगों तक के नेटवर्क के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। इन नेटवर्कों के माध्यम से करोड़ों रूपए का लेनदेन किया जाता था।



अब कुर्क होगी अवैध संपत्ति

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जिन आरोपियों की संपत्तियों का स्रोत वैध नहीं पाया जाएगा, उनके खिलाफ कुर्की और जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। संपत्तियों की खरीद, बैंक ट्रांजेक्शन, निवेश और आय के स्रोतों की जांच की जा रही है।



सटोरियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की तैयारी

सूत्रों के अनुसार, रायपुर में पकड़े गए 14 प्रमुख सटोरियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी चल रही है। पुलिस का मानना है कि ये आरोपी संगठित तरीके से सट्टा नेटवर्क का संचालन कर रहे थे और इनके जरिए बड़े स्तर पर अवैध आर्थिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं।



कैसे खुल रही है संपत्ति की परतें?

जांच एजेंसियां आरोपियों के आधार, पैन, बैंक खातों, जमीन-मकान के दस्तावेज, निवेश और डिजिटल लेनदेन की जांच कर रही हैं। इसके अलावा रिश्तेदारों और सहयोगियों के नाम पर खरीदी गई संपत्तियों की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति का पूरा ब्यौरा सामने आ सके।



कार्रवाई से बढ़ी सट्टा कारोबारियों की चिंता

रायपुर में सट्टेबाजी नेटवर्क पर लगातार हो रही कार्रवाई के बाद अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।



FAQ

  1. रायपुर सट्टा मामले में कितने लोगों की जांच जारी है?
    रायपुर में 101 सटोरियों की संपत्तियों और आय के स्रोतों की जांच की जा रही है।
  2. रायपुर सट्टा केस में क्या कार्रवाई हुई है?
    रायपुर सट्टा केस में पुलिस ने 101 सटोरियों की संपत्तियों की जांच शुरू की है और अवैध कमाई से बनी संपत्तियों की कुर्की और जब्ती की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही 14 प्रमुख आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया भी चल रही है।

यह खबरें भी पढ़ें...

महादेव सट्टा एप में 50 करोड़ का अवैध लेन देन, हाईकोर्ट का संदिग्ध बैंक खाते अनफ्रीज करने से इनकार



फेसबुक इंस्टाग्राम पर चालू है महादेव सट्टा, कांग्रेस बोली, उप्पल-चंद्राकर को क्यों नहीं लाई सरकार



रायपुर बन रहा सट्टेबाजी का हब; रडार पर VIP होटल, सट्टा खिलाते युवक का वीडियो वायरल



ऑनलाइन सट्टेबाजी छत्तीसगढ़ का किंग, साइबर क्राइम में भी बना हॉटस्पॉट, NCRB की रिपोर्ट में चौंकाने वाले आंकड़े



Tags:
  • रायपुर
  • ऑनलाइन सट्टा
  • ऑनलाइन सट्टेबाजी छत्तीसगढ़
  • महादेव सट्टा
  • सट्टा