1000 करोड़ के कथित घोटाले में महेंद्र गोयनका परिवार समेत गायब, वारंट लेकर रायपुर पहुंची कोलकाता पुलिस खाली हाथ लौटी
शेयरों में कथित हेराफेरी से जुड़ा मामला
यह मामला करीब 1000 करोड़ रुपए की संपत्ति और शेयरों में कथित हेराफेरी से जुड़ा है। कोलकाता में दर्ज एफआईआर में महेंद्र गोयनका के अलावा अभिषेक अग्रवाल और कई अन्य लोगों के नाम शामिल हैं। महेंद्र गोयनका एंड संस और सुशील गोयनका एंड संस को भी एफआईआर में नामजद किया गया है।
आरोप है कि संपत्ति और शेयरों के लेनदेन में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी की गई। इसी मामले में गिरफ्तारी की कार्रवाई आगे बढ़ाने के लिए कोलकाता पुलिस रायपुर पहुंची थी, लेकिन आरोपी के नहीं मिलने से पुलिस की योजना सफल नहीं हो सकी।
गिरफ्तारी वारंट लेकर रायपुर पहुंची पुलिस
इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोलकाता हाई कोर्ट से नया वारंट जारी हुआ था। वारंट मिलने के बाद कोलकाता पुलिस ने कार्रवाई की तैयारी की और एक टीम रायपुर रवाना की। पुलिस की योजना महेंद्र गोयनका को रायपुर स्थित उसके ठिकाने से गिरफ्तार करने की थी। इसके बाद उसे कोलकाता ले जाकर अदालत में पेश किया जाना था।
पुलिस को उम्मीद थी कि आरोपी अपने रायपुर स्थित ठिकाने पर मिल जाएगा, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही पूरा परिवार गायब हो गया। सूत्रों के मुताबिक, महेंद्र गोयनका को पुलिस की कार्रवाई की भनक लग गई थी। इसके बाद उसने परिवार के साथ अपना ठिकाना छोड़ दिया। हालांकि, उसे पुलिस कार्रवाई की जानकारी कैसे मिली और वह कब से गायब है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घर पर ताला मिला, दूसरे ठिकानों पर भी दबिश
कोलकाता पुलिस की टीम ने रायपुर में महेंद्र गोयनका के घर पर दबिश दी तो वहां ताला लगा मिला। इसके बाद पुलिस ने उसके अन्य संभावित ठिकानों पर भी तलाश की। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन आरोपी और उसके परिवार का कोई पता नहीं चला। गिरफ्तारी के लिए पहुंची टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा। अब पुलिस उसकी लोकेशन पता करने में जुटी है।
इस मामले में पुलिस की नजर सिर्फ महेंद्र गोयनका पर नहीं है। एफआईआर में नामजद अभिषेक अग्रवाल और अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है। जांच का दायरा संपत्ति और शेयरों से जुड़े कथित लेनदेन तक फैला हुआ है।
अब रायपुर पुलिस से मांगी मदद
कोलकाता पुलिस की योजना गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को अपने साथ ले जाकर अदालत में पेश करने की थी। इसके लिए वारंट के आधार पर कार्रवाई की तैयारी भी कर ली गई थी, लेकिन आरोपी के नहीं मिलने से पुलिस को अपनी रणनीति बदलनी पड़ी।
अब कोलकाता पुलिस ने रायपुर पुलिस से सहयोग मांगा है, ताकि महेंद्र गोयनका और उसके परिवार का पता लगाया जा सके।
पुलिस के पहुंचने से पहले कैसे गायब हो गया परिवार?
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतने बड़े कथित आर्थिक धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बावजूद आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले कैसे गायब हो गया?
क्या उसे पहले ही पुलिस कार्रवाई की जानकारी मिल गई थी? अगर ऐसा है तो यह सूचना उस तक किसने पहुंचाई? क्या किसी ने उसे गिरफ्तारी से बचने में मदद की?
फिलहाल इन सवालों का कोई आधिकारिक जवाब सामने नहीं आया है। पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि महेंद्र गोयनका को कार्रवाई की भनक कैसे लगी और वह परिवार समेत कहां गया।