भाजपा नेता ने खोला मोर्चा, सीएम से कहा-रायपुर को नया कलेक्टर चाहिए

VINAY VERMA | Jul 07, 2026, 21:42 IST
रायपुर में कलेक्टर हटाओ अभियान
रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के खिलाफ भाजपा नेता खूबलाल ध्रुव ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को शिकायत पत्र भेजकर कलेक्टर को हटाने और कार्यशैली की जांच की मांग की है।

समझें क्या है पूरा मामला

Raipur : रायपुर के कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह अब सीधे राजनीतिक निशाने पर हैं। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति अनुसूचित जनजाति मोर्चा के सदस्य और पूर्व जिला पंचायत सदस्य खूबलाल ध्रुव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को दो पन्नों का शिकायत पत्र भेजा है। पत्र में कलेक्टर को तत्काल हटाने और उनकी कार्यशैली की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की गई है। इस अभियान को श्कलेक्टर हटाओश् नाम दिया गया है।



आरोप- जनता नहीं, सिर्फ वीआईपी सुनते हैं

शिकायत पत्र में सबसे बड़ा आरोप कलेक्टर के व्यवहार पर लगाया गया है। कहा गया है कि दूर-दराज से आने वाले ग्रामीण, गरीब और पीड़ित लोगों को समय नहीं मिलता। आम लोगों की शिकायतें अनसुनी रहती हैं, जबकि प्रभावशाली और वीआईपी लोगों को प्राथमिकता दी जाती है। पत्र में इसे जनता के साथ भेदभाव और प्रशासनिक मर्यादा के खिलाफ बताया गया है।



प्रशासन पर भी उठाए सवाल

खूबलाल ध्रुव ने आरोप लगाया कि गलत फैसलों और कमजोर प्रशासनिक प्रबंधन की वजह से राजधानी की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। शासन की कई योजनाएं जमीन पर असर नहीं दिखा रहीं। पत्र में दावा किया गया है कि जनता को मानसिक और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही राजधानी जैसे संवेदनशील जिले में ऐसी कार्यशैली को अनुचित बताया गया है।



सरकार की छवि खराब हो रही

शिकायत में यह भी कहा गया है कि कलेक्टर के रवैये से सरकार की छवि पर असर पड़ रहा है। पत्र में उन्हें तानाशाही और वीआईपी केंद्रित कार्यशैली वाला अधिकारी बताया गया है। आरोप है कि इससे संवेदनशील सरकार की साख जनता के बीच कमजोर हो रही है। यही वजह है कि सरकार को समय रहते फैसला लेना चाहिए।





तीन बड़ी मांगें रखीं

शिकायत पत्र में तीन प्रमुख मांगें की गई हैं। पहली, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह को तत्काल पद से हटाया जाए। दूसरी, उनकी कार्यप्रणाली की उच्च स्तरीय प्रशासनिक जांच कराई जाए। तीसरी, राजधानी की जिम्मेदारी किसी अनुभवी, संवेदनशील और व्यवहार-कुशल वरिष्ठ अधिकारी को सौंपी जाए। शिकायतकर्ता का कहना है कि रायपुर जैसे जिले में जनता से संवाद सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए।



अब सरकार क्या करेगी?

इस पत्र ने राजधानी की राजनीति और प्रशासन में नई चर्चा छेड़ दी है। फिलहाल यह भाजपा के एक पदाधिकारी की ओर से भेजी गई शिकायत है। सरकार या कलेक्टर कार्यालय की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि मुख्यमंत्री कार्यालय इस शिकायत पर क्या रुख अपनाता है और क्या इस मामले में किसी तरह की प्रशासनिक कार्रवाई होती है।



महत्वपूर्ण तथ्य

भाजपा नेता खूबलाल ध्रुव ने रायपुर कलेक्टर के खिलाफ शिकायत की।



सीएम विष्णुदेव साय और डॉ. रमन सिंह को पत्र भेजा गया।



कलेक्टर हटाने और जांच की मांग की गई।



आरोप: आम जनता की सुनवाई नहीं होती, वीआईपी को प्राथमिकता मिलती है।



सरकार और कलेक्टर कार्यालय की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।



FAQ

  1. रायपुर कलेक्टर के खिलाफ शिकायत किसने की है?
    भाजपा नेता और पूर्व जिला पंचायत सदस्य खूबलाल ध्रुव ने शिकायत की है।
  2. शिकायत में क्या मांग की गई है?
    कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह को हटाने और उनकी कार्यशैली की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की गई है।
  3. कलेक्टर पर क्या आरोप लगाए गए हैं?
    आरोप है कि आम लोगों की समस्याओं को पर्याप्त समय नहीं मिलता और वीआईपी लोगों को प्राथमिकता दी जाती है।

यह खबरें भी पढ़े...

महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ के बाद भाजपा नेता गिरफ्तार, बैड टच का लगा था आरोप



नवा रायपुर में फिर भड़का जमीन विवाद, ग्रामीण और प्रशासन आमने-सामने



कोरिया ट्रिपल मर्डर : भाजपा नेता समेत 3 को जिंदा जलाने के केस की जांच CBI को सौंपने की सिफारिश



मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज जगदलपुर दौरा: पंडुम कैफे और बुढ़ादेव महोत्सव में देंगे विकास की सौगातें







Tags:
  • मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
  • भाजपा नेता
  • कलेक्टर कार्यालय
  • भाजपा
  • नवा रायपुर