रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त का खुलासा, जाति-धर्म बताकर 5 से 10 लाख रुपए में होता था सौदा

Harrison Masih | Published:
रायपुर में नवजात बच्चों के सौदे का सनसनीखेज खुलासा, जाति, धर्म और वजन के हिसाब से तय होती थी कीमत
Raipur Police Bust Newborn Baby Trafficking Racket, Three Women Arrested in Connection with an Alleged Multi-State Network.
रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त का ऐसा खौफनाक खेल सामने आया है, जिसने पुलिस को भी चौंका दिया। यहां मासूम बच्चों को बेचने के लिए बाकायदा उनकी तस्वीरें दिखाई जाती थीं। खरीदार को बच्चे की जाति, धर्म और वजन बताया जाता था और फिर उसकी पसंद के हिसाब से 5 से 10 लाख रुपए में सौदा तय होता था।

बच्चे को नए परिवार का दिखाने के लिए फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तक तैयार कराया जाता था।



इस पूरे खेल का खुलासा तब हुआ, जब ओडिशा के सुंदरगढ़ की 21 वर्षीय महिला ने पुलिस से शिकायत की। आजाद चौक थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में इस गिरोह के तार कई राज्यों से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पुलिस को 15 से 20 नवजात बच्चों की तस्वीरें और उनसे जुड़ा डेटा भी मिला है। अब पुलिस इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और बच्चों की खरीद-फरोख्त के पीछे छिपे पूरे खेल की जांच कर रही है।



8 लाख रुपए में होने वाला था बच्चे का सौदा

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने शिकायत करने वाली महिला के नवजात बच्चे का सौदा 8 लाख रुपए में करने की तैयारी की थी। इसमें कृतिका साहू को 5 लाख और अहिल्या नामदेव को 3 लाख रुपए मिलने थे। हालांकि, सौदा पूरा होने से पहले महिला पुलिस के संपर्क में आ गई।




मुफ्त इलाज का भरोसा देकर महिलाओं को फंसाते थे

जांच में सामने आया है कि गिरोह आर्थिक रूप से कमजोर गर्भवती महिलाओं को निशाना बनाता था। उन्हें मुफ्त इलाज, अस्पताल में डिलीवरी और बच्चे की देखभाल का भरोसा दिया जाता था। इसके बाद प्रसव होने पर नवजात को बेचने की तैयारी की जाती थी।



ऐसे हुआ पूरे मामले का खुलासा

पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को सुंदरगढ़ की महिला ने बच्चे को जन्म दिया था। कृतिका साहू ने महिला और उसके नवजात बच्चे को अहिल्या नामदेव के घर पर रखा था। आरोप है कि यहां बच्चे को बेचने की तैयारी चल रही थी।



इसी दौरान महिला घर से बाहर निकल गई और सड़क पर घूम रही थी। तभी पुलिस की नजर उस पर पड़ी। पुलिस ने महिला और बच्चे को रेस्क्यू कर सखी सेंटर पहुंचाया। बाद में महिला को अस्पताल ले जाकर उसका बयान दर्ज किया गया। महिला ने बच्चे को बेचे जाने की आशंका जताई। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।




अस्पतालों की भूमिका भी जांच के दायरे में

पुलिस की जांच में तीन निजी अस्पतालों में प्रसव कराने की जानकारी सामने आई है। आरोप है कि अस्पताल के रजिस्टर और मेडिकल पर्ची में गर्भवती महिला की जगह उस महिला का नाम दर्ज कराया जाता था, जिसे बच्चा चाहिए होता था। इससे जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में आसानी होती थी।



सुंदरगढ़ की महिला का प्रसव गुढ़ियारी के एकता नगर स्थित श्री साईं अस्पताल में कराया गया था। पुलिस ने गुढ़ियारी के शांति अस्पताल के एक डॉक्टर को हिरासत में लिया है। दो अन्य अस्पतालों के डॉक्टरों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, अस्पताल को 10 हजार रुपए और प्रसव का खर्च अलग से दिया जाता था।



फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने का भी आरोप

DCP राबिनसन गुड़िया के मुताबिक, कुछ अस्पतालों की ओर से नगर निगम को गलत जन्म पंजीयन भेजे जाने की जानकारी मिली है। इन्हीं के आधार पर जन्म प्रमाण पत्र तैयार किए जाते थे। पुलिस अस्पतालों के रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच कर रही है। सबूत मिलने पर अलग से FIR दर्ज की जाएगी।




WhatsApp ग्रुप में भेजते थे बच्चों की तस्वीरें

आरोपियों के मोबाइल से WhatsApp चैट और डिजिटल जानकारी मिली है। पुलिस के मुताबिक, ग्रुप में बच्चों की तस्वीरें भेजी जाती थीं। साथ में उनकी जाति, धर्म, जन्म की तारीख और वजन की जानकारी भी साझा की जाती थी। इन्हीं जानकारियों के आधार पर खरीदारों से कीमत को लेकर बातचीत होती थी।



कई राज्यों तक फैले नेटवर्क के तार

पुलिस की शुरुआती जांच में इस नेटवर्क के तार ओडिशा, रायगढ़, बिलासपुर, मुंबई, गुजरात, विशाखापट्टनम, हैदराबाद, चेन्नई और अहमदाबाद तक जुड़े होने के संकेत मिले हैं। बच्चों को सड़क, ट्रेन और फ्लाइट से दूसरे शहरों तक पहुंचाया जाता था। कुछ मामलों में आरोपी खुद बच्चों को सौंपने जाते थे।



पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क में अलग-अलग लोगों की भूमिका थी। कुछ लोग बच्चों की व्यवस्था करते थे। कुछ खरीदार तलाशते थे और कुछ पैसों का लेनदेन संभालते थे। बच्चों की देखभाल के लिए रोजाना 500 रुपए दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है।




15 से 20 बच्चों की तस्वीरें मिलीं

पुलिस को शुरुआती जांच में 15 से 20 बच्चों की तस्वीरें और उनसे जुड़ा डेटा मिला है। हालांकि, इसे अंतिम संख्या नहीं माना जा रहा है। आरोपियों के मोबाइल से डेटा डिलीट किए जाने की जानकारी भी मिली है। अब मोबाइल फोन की Forensic जांच कराई जाएगी। इससे पता चलेगा कि कितने बच्चों के सौदे हुए और कितनों को दूसरे परिवारों तक पहुंचाया गया।



पुलिस ने 17 नवंबर 2026 को अपराध क्रमांक 307/26 के तहत BNS की धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले की जांच ACP आजाद चौक और उनकी टीम कर रही है। फिलहाल तीनों महिलाएं पुलिस रिमांड पर हैं। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पैसों के लेनदेन की जानकारी जुटा रही है।



यह खबर क्यों जरूरी है

यह खबर जरूरी है क्योंकि नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त जैसे गंभीर अपराध का खुलासा हुआ है। इससे पता चलता है कि आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को लालच देकर उनके बच्चों को बेचने की कोशिश की जा रही थी। कई राज्यों तक फैले इस नेटवर्क और फर्जी जन्म प्रमाण पत्र की आशंका ने बच्चों की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

Tags:
  • Newborn trafficking
  • नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त
  • Child sale network
  • रायपुर में बच्चों की खरीद-फरोख्त
  • Illegal child trade
  • बच्चों की तस्करी
  • रायपुर