रायपुर में भीषण अग्निकांड: ऑक्टोपस बार, होटल और कई दुकानें जलकर खाक
समझें क्या है पूरा मामला...
राजधानी रायपुर के तेलीबांधा इलाके में मंगलवार देर रात करीब 1 बजे भीषण आग लग गई। आग ऑक्टोपस बार के पास स्थित एक हार्डवेयर दुकान से शुरू हुई थी।
देखते ही देखते इसने विकराल रूप ले लिया और ऑक्टोपस बार सहित आसपास की चार दुकानों और एक होटल को अपनी चपेट में ले लिया। तेज बारिश के बावजूद आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 13 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
सुबह तक घटनास्थल से धुआं उठता रहा। इस हादसे ने इलाके में दहशत फैला दी। पुलिस और फायर विभाग की टीम अब आग लगने के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है।
हार्डवेयर दुकान से शुरू हुई आग
तेलीबांधा थाना प्रभारी यानी टीआई (TI - Thana Incharge) अजय झा के मुताबिक प्रारंभिक जांच में आग की शुरुआत हार्डवेयर दुकान से होना सामने आया है। हालांकि आग लगने की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
हार्डवेयर दुकान में लगी आग तेजी से फैलते हुए ऑक्टोपस बार समेत आसपास की अन्य दुकानों तक जा पहुंची। आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि दुकानों में रखा सामान देखते ही देखते जलकर राख हो गया।
आसपास खड़े वाहन भी हुए क्षतिग्रस्त
आग की चपेट में आसपास खड़े कई वाहन भी आ गए और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के समय रायपुर में बारिश हो रही थी, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने में फायर ब्रिगेड को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
दमकल की 13 गाड़ियां लगातार पानी की बौछार करती रहीं। इसके बावजूद सुबह करीब 5:30 बजे तक आग पूरी तरह नहीं बुझ सकी। सुबह भी बार और हार्डवेयर की दुकान से धुआं उठता रहा।
दुकानदार बोले, सामान बचाने का मौका ही नहीं मिला
घटना में प्रभावित भोजनालय संचालक बॉबी तोलानी के मुताबिक रात करीब 1 बजे उन्हें आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वे बिना देर किए दुकान पहुंचे, लेकिन तब तक आग पूरी इमारत में फैल चुकी थी।
उनके मुताबिक सामान बचाने का कोई मौका नहीं मिला और देखते ही देखते सब कुछ जल गया। यह उनके लिए बड़ा आर्थिक नुकसान साबित हुआ।
होटल तक पहुंची आग की लपटें
आग की लपटें पास के होटल तक भी पहुंच गईं। होटल में ठहरे लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को अपना सामान निकालने तक का समय नहीं मिल पाया। होटल को भी आग से भारी नुकसान पहुंचा है।
भारी नुकसान, जांच अभी जारी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ऑक्टोपस बार समेत कम से कम तीन दुकानों को भारी नुकसान हुआ है। कई वाहन भी जलकर खाक हो गए हैं।
प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और फायर विभाग की संयुक्त जांच जारी है।
रातभर चला बचाव अभियान
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरी रात आग बुझाने का अभियान चलाया। दमकलकर्मियों ने आसपास की इमारतों तक आग फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास किए।
फिलहाल आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है। हालांकि एहतियात के तौर पर टीम अभी भी मौके पर तैनात है और कूलिंग का काम जारी है।
ये खबरें भी पढ़ें...
मेकाहारा के इमरजेंसी वार्ड में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी
रायपुर अग्निकांड: रायपुर कलेक्टर के बंगले में लगी आग, पोर्च और फर्नीचर जलकर खाक
रायपुर PNB बैंक में लगी भीषण आग, दमकल की तत्परता से बड़ा हादसा टला
रायपुर स्टील प्लांट में भीषण आग, टर्बाइन लीकेज से हुआ हादसा