राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा की कार का एक्सीडेंट, सारागांव मोड़ पर दो गाड़ियों की टक्कर के बाद हुआ हादसा, AIIMS में भर्ती

VINAY VERMA | Published:
छत्तीसगढ़ की राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सड़क हादसे में घायल होने के बाद रायपुर AIIMS में भर्ती हैं।
Chhattisgarh Rajya Sabha MP Laxmi Verma was injured in a road accident and admitted to AIIMS Raipur.
रायपुर। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा शुक्रवार को सड़क हादसे में घायल हो गईं। बलौदाबाजार में एक निजी कार्यक्रम से रायपुर लौटते समय सारागांव मोड़ के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में सांसद के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। उनके ड्राइवर और गनमैन को भी चोटें आई हैं। तीनों को उपचार के लिए रायपुर AIIMS लाया गया है।

ट्रैक्टर और कार की टक्कर से हुआ हादसा

सांसद लक्ष्मी वर्मा के मुताबिक, हादसा सारागांव मोड़ के पास हुआ। उन्होंने 'द सूत्र' से बातचीत में बताया कि धान से भरा एक ट्रैक्टर ब्रेकर पार कर रहा था। इसी दौरान उसका डाला पीछे चल रही एक कार से टकरा गया।



टक्कर के बाद कार अचानक अनियंत्रित होकर उनकी गाड़ी के सामने आ गई। इससे उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सांसद ने बताया कि एयरबैग खुलने के कारण सभी लोग सुरक्षित रहे। हालांकि, हादसे में उन्हें और उनके साथ मौजूद लोगों को चोटें आई हैं।



दुर्घटनाग्रस्त कार।
Chhattisgarh Rajya Sabha MP Laxmi Verma was injured in a road accident and admitted to AIIMS Raipur.

सांसद के हाथ में फ्रैक्चर, AIIMS में चल रहा इलाज

हादसे के बाद लक्ष्मी वर्मा को उपचार के लिए रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया। उनके हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। डॉक्टरों ने जांच के बाद हाथ पर कच्चा प्लास्टर चढ़ा दिया है।



AIIMS में उनका ईको सहित अन्य जरूरी परीक्षण भी किया गया है। शनिवार सुबह कुछ और जांचें की जाएंगी, जिसके बाद उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर तस्वीर स्पष्ट होगी।



वहीं, हादसे में सांसद के ड्राइवर के हाथ और सीने में चोट आने की जानकारी है। गनमैन को भी चोटें आई हैं।



एक ही मार्ग पर लगातार दो सड़क हादसे

सांसद की कार दुर्घटनाग्रस्त होने से कुछ समय पहले इसी मार्ग पर एक और हादसा हुआ था। जानकारी के मुताबिक, रायपुर से खरोरा की ओर जा रही एक कार और खरोरा से रायपुर की तरफ आ रहे ट्रैक्टर के बीच टक्कर हुई थी।



इस दुर्घटना में भी कई लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया था।



इसके कुछ समय बाद इसी मार्ग पर सांसद लक्ष्मी वर्मा की गाड़ी भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। एक ही रास्ते पर लगातार दो हादसे होने से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।



खरोरा पुलिस कर रही हादसे की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद खरोरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों दुर्घटनाओं के घटनाक्रम और वाहनों की स्थिति की जानकारी जुटा रही है।



ट्रैक्टर के ब्रेकर पर मुड़ने, उसके डाले की कार से टक्कर और इसके बाद हुई दूसरी दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।



अप्रैल 2026 में राज्यसभा सांसद बनी थीं लक्ष्मी वर्मा

लक्ष्मी वर्मा छत्तीसगढ़ से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की राज्यसभा सांसद हैं। अप्रैल 2026 में उन्होंने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी।



हादसे की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई जा रही है। फिलहाल उनका रायपुर AIIMS में उपचार जारी है।

Tags:
  • Rajya Sabha MP Lakshmi Verma car accident
  • राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा कार एक्सीडेंट
  • Lakshmi Verma injured in road accident
  • Lakshmi Verma admitted to AIIMS Raipur
  • लक्ष्मी वर्मा को चोट, एम्स में भर्ती