1812 पद, हजारों युवाओं को मौका, 1 अक्टूबर से आवेदन, 21 अक्टूबर तक भर सकेंगे फॉर्म, अधिकतम छूट 45 साल तक
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ा मौका आया है। लोक शिक्षण संचालनालय ने 1,812 शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक संविदा पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 अक्टूबर से शुरू होकर 21 अक्टूबर की रात 12 बजे तक चलेगी। यानी उम्मीदवारों के पास फॉर्म भरने के लिए करीब तीन हफ्ते हैं।
सबसे ज्यादा सहायक शिक्षक
भर्ती में सबसे ज्यादा 590 पद सहायक शिक्षक के हैं। इसके बाद 480 व्याख्याता, 336 शिक्षक, 170 प्रयोगशाला सहायक, 60 ग्रंथपाल और 50 व्यायाम शिक्षक के पद हैं। इसके अलावा पूर्व माध्यमिक स्कूल के प्रधानपाठक के 24 और प्राथमिक स्कूल के प्रधानपाठक के 27 पद भी शामिल हैं। कंप्यूटर शिक्षक के 40 पद हैं।
38 हजार तक मानदेय
व्याख्याता और पूर्व माध्यमिक स्कूल के प्रधानपाठक को ₹38,100 प्रतिमाह एकमुश्त मानदेय मिलेगा। प्राथमिक प्रधानपाठक और विभिन्न विषयों के शिक्षकों के लिए ₹35,400, सहायक शिक्षक और प्रयोगशाला सहायक के लिए ₹25,300 और ग्रंथपाल के लिए ₹22,400 मासिक मानदेय तय है।
अंग्रेजी माध्यम सबसे बड़ी शर्त
इस भर्ती में सबसे अहम शर्त अंग्रेजी माध्यम को लेकर है। कक्षा 6वीं से लेकर उम्मीदवार की सबसे ऊंची शैक्षणिक योग्यता तक की पढ़ाई अंग्रेजी माध्यम से होना जरूरी है। हालांकि हिन्दी और संस्कृत के व्याख्याता या शिक्षक पद के लिए यह शर्त लागू नहीं होगी। इसके साथ उम्मीदवार का छत्तीसगढ़ का स्थानीय निवासी होना भी जरूरी है।
21 से 35 साल उम्र
उम्र की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर होगी। उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 21 और अधिकतम 35 साल होनी चाहिए। छत्तीसगढ़ के आरक्षित वर्गों, महिलाओं और सरकारी कर्मचारियों को नियमों के मुताबिक अधिकतम उम्र में छूट मिलेगी। यह छूट अधिकतम 45 साल तक हो सकती है।
सात पदों के लिए आवेदन
एक उम्मीदवार अपनी योग्यता के हिसाब से अधिकतम सात अलग-अलग पदों के लिए अलग-अलग आवेदन कर सकता है। यानी पात्रता पूरी होने पर एक ही भर्ती में कई मौके मिलेंगे। हालांकि SAGES में पहले से काम कर रहे संविदा कर्मचारी उसी पद के लिए दोबारा आवेदन नहीं कर सकेंगे। वे केवल उससे ऊंचे पद के लिए आवेदन कर पाएंगे।
परीक्षा भी जल्द
भर्ती परीक्षा31 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 के बीच अलग-अलग पालियों में होने की संभावित तारीख दी गई है। परीक्षा कंप्यूटर आधारित यानी CBT होगी और इसका माध्यम अंग्रेजी रहेगा। आवेदन केवल ऑनलाइन होंगे। डाक से भेजे गए फॉर्म स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उम्मीदवारों को eduportal.cg.nic.in के जरिए आवेदन करना होगा।
FAQ - अक्सर पूछे जानें वाले सवाल
- स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में भर्ती के लिए आवेदन कब से कब तक किया जा सकता है?
आवेदन प्रक्रिया 1 अक्टूबर से शुरू होकर 21 अक्टूबर की रात 12 बजे तक चलेगी। - इस भर्ती के लिए आयु सीमा क्या है?
उम्मीदवारों की न्यूनतम उम्र 21 साल और अधिकतम उम्र 35 साल होनी चाहिए, जबकि छत्तीसगढ़ के आरक्षित वर्गों, महिलाओं और सरकारी कर्मचारियों को अधिकतम उम्र में 45 साल तक छूट मिलेगी। - इस भर्ती में अंग्रेजी माध्यम की क्या स्थिति है?
इस भर्ती के लिए सबसे अहम शर्त यह है कि उम्मीदवार की कक्षा 6वीं से लेकर उच्चतम शैक्षणिक योग्यता की पढ़ाई अंग्रेजी माध्यम से होना आवश्यक है, हालांकि हिन्दी और संस्कृत के व्याख्यता या शिक्षक पद के लिए यह शर्त लागू नहीं होगी।