17 सूत्रीय मांगों को लेकर आर-पार के मूड में सर्व आदिवासी समाज, 90 विधायकों के दरवाजे पर नगाड़ा बजाने से लेकर विधानसभा घेराव तक का ऐलान
इसके बाद जिला मुख्यालयों में पुतला दहन और राजधानी रायपुर में विधानसभा का घेराव किया जाएगा। समाज ने 17 सूत्रीय मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर ली है।
राजधानी रायपुर में आयोजित सर्व आदिवासी समाज की महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश के आदिवासियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में जमीन, आरक्षण, धार्मिक पहचान, शिक्षा, रोजगार और संवैधानिक अधिकारों से संबंधित मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। समाज ने सरकार से इन विषयों पर जल्द निर्णय लेने की मांग करते हुए आंदोलन की तारीखों का ऐलान किया है।
तीन चरणों में होगा प्रदेशव्यापी आंदोलन
आंदोलन की शुरुआत 1 दिसंबर 2026 से होगी। इस दिन प्रदेश के सभी 90 विधायकों के निवास के सामने नगाड़ा बजाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। दूसरे चरण में 11 दिसंबर को सभी जिला मुख्यालयों में मंत्रियों का पुतला दहन किया जाएगा। वहीं, तीसरे चरण में 15 दिसंबर को विधानसभा घेराव का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। समाज इन कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाएगा।
आदिवासी जमीनों के अधिग्रहण पर रोक लगाने की मांग
सर्व आदिवासी समाज ने आदिवासियों की जमीन से जुड़े मामलों को आंदोलन का प्रमुख मुद्दा बनाया है। समाज का कहना है कि बस्तर और सरगुजा सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आदिवासियों की जमीनों के अवैध अधिग्रहण और लीज से संबंधित प्रक्रियाओं पर रोक लगाई जानी चाहिए। इसके अलावा डिजिटल रजिस्ट्री व्यवस्था को तत्काल बंद करने की मांग भी उठाई गई है।
समाज ने आदिमजाति कल्याण विभाग का नाम बदलने संबंधी निर्णय को वापस लेने और आगामी जनगणना में आदिवासी धर्म के लिए अलग कॉलम उपलब्ध कराने की मांग की है।
नौकरी और पदोन्नति में 32 प्रतिशत आरक्षण की मांग
सरकारी नौकरियों में आदिवासी समुदाय की हिस्सेदारी को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। समाज ने शासकीय सेवाओं में भर्ती और पदोन्नति के दौरान 32 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग रखी है। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर सरकारी, अर्धशासकीय संस्थानों और निजी कंपनियों में जनसंख्या के अनुपात के आधार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
फर्जी जाति प्रमाणपत्रों के मामलों में जांच प्रक्रिया में हो रही देरी पर भी समाज ने नाराजगी जताई है। ऐसे प्रकरणों की जल्द जांच पूरी कर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई है।
विस्थापित परिवारों को मूल गांवों में बसाने की मांग
बस्तर में सलवा जुडूम के दौरान विस्थापित हुए आदिवासी परिवारों का मुद्दा भी आंदोलन में शामिल किया गया है। समाज का दावा है कि उस दौरान करीब 600 गांव उजड़ गए थे। इन गांवों की वर्तमान स्थिति स्पष्ट करने के साथ ही दूसरे राज्यों में रह रहे विस्थापित परिवारों की वापसी सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई है।
ओडिशा, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में रह रहे विस्थापितों को उनके मूल गांवों में दोबारा बसाने तथा उस दौरान बंद हुए स्कूलों को फिर से संचालित करने की मांग भी की गई है।
पेसा कानून के पालन और UCC के विरोध का ऐलान
सर्व आदिवासी समाज ने अनुसूचित क्षेत्रों में पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग की है। इसके साथ ही 24 दिसंबर को प्रदेशभर में पेसा दिवस मनाने की बात कही गई है। समाज ने समान नागरिक संहिता (UCC) का विरोध करने और आगामी 6 मार्च को दिल्ली में प्रस्तावित राष्ट्रीय आदिवासी सम्मेलन में शामिल होने का निर्णय भी लिया है।
इसके अलावा अनुसूचित क्षेत्रों में लोकसभा और विधानसभा में आदिवासी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने, जेलों में बंद निर्दोष लोगों की रिहाई तथा ढाई लाख रुपए की आय सीमा समाप्त करने की मांग भी उठाई गई है।
अब सभी की नजरें सरकार के रुख पर टिकी हैं। दिसंबर में होने वाले इन चरणबद्ध प्रदर्शनों के बीच सरकार और सर्व आदिवासी समाज के बीच मांगों को लेकर क्या पहल होती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।