छत्तीसगढ़ में 16 जून से ही लगेंगे स्कूल, 1 जुलाई वाला वायरल आदेश फर्जी
छत्तीसगढ़ सरकार ने साफ कर दिया है कि सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों का विधिवत संचालन 16 जून से ही होगा। सोशल मीडिया में वायरल हो रहा 1 जुलाई से स्कूल खुलने संबंधी कथित आदेश पूरी तरह फर्जी और भ्रामक है। स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में पत्र जारी कर स्थिति स्पष्ट की है।
फर्जी आदेश से भ्रमित न हों
सोशल मीडिया पर इन दिनों स्कूलों के खुलने की तारीख 1 जुलाई बताए जाने वाला एक सरकारी आदेश तेजी से वायरल हो रहा है। इस पर स्कूल शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह दस्तावेज पूरी तरह फर्जी और भ्रामक है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें और अफवाहों से बचें।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने साफ कहा है कि स्कूलों के खुलने की तारीख में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है। प्रदेशभर में नया शैक्षणिक सत्र पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 जून से ही शुरू होगा।
उन्होंने अभिभावकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों से सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट संदेशों और फर्जी आदेशों पर विश्वास नहीं करने की अपील की। मंत्री ने कहा कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों की पहचान की जा रही है। मामले की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग की ओर से जारी आधिकारिक आदेश और सूचनाएं ही मान्य होंगी।
16 जून प्रवेश शाला उत्सव
नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के अवसर पर 16 जून को पूरे प्रदेश में शाला प्रवेश उत्सव आयोजित किया जाएगा। इसके लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने जिला प्रशासन, शिक्षा अधिकारियों और सभी विद्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
कार्यक्रम को जनभागीदारी से सफल बनाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, बैनर-पोस्टर लगाने, रैलियां आयोजित करने तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जनप्रतिनिधियों, पालकों और शाला विकास समितियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया है।
विभाग के निर्देश
विभाग ने सभी विद्यालयों को सत्र शुरू होने से पहले आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इसमें स्कूल भवनों की साफ-सफाई, मरम्मत कार्य, परिसर को आकर्षक बनाना, विद्यार्थियों की उपस्थिति पंजी तैयार करना और प्रवेश प्रक्रिया को समय पर पूरा करना शामिल है।
कक्षा पहली में प्रवेश के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चों की सूची प्राप्त करने तथा प्राथमिक विद्यालयों से पांचवीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों की जानकारी लेकर उन्हें छठवीं कक्षा में प्रवेश दिलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
ड्रॉपआउट बच्चों को वापस लाएं
इसके अलावा शिक्षा विभाग ने स्कूल छोड़ चुके बच्चों की पहचान कर उन्हें दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा है। जिला और विकासखंड स्तर पर शिक्षकों के लंबित मामलों के निराकरण, विद्यालयों में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा आगामी तीन महीनों की शैक्षणिक कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।
विभाग ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि प्रदेश के सभी सरकारी और संबद्ध स्कूल 16 जून से नियमित रूप से संचालित होंगे। स्कूलों के खुलने की तारीख 1 जुलाई किए जाने संबंधी सोशल मीडिया पर वायरल आदेश पूरी तरह फर्जी, भ्रामक और असत्य है। नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी जानकारी की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से ही करें और अफवाहों को आगे साझा करने से बचें।
यह खबरें भी पढ़ें...
छत्तीसगढ़ में 16 जून से ही खुलेंगे स्कूल, अटकलों पर लगा विराम
छत्तीसगढ़ में बढ़ सकती हैं स्कूलों की छुट्टियां, जल्द होगा फैसला
Chhattisgarh | लोक शिक्षण संचालनालय का आदेश, बच्चों की सुरक्षा का दिया हवाला