अब हर साल 50 घंटे पढ़ेंगे शिक्षक, तभी मिलेगा प्रमोशन और इंक्रीमेंट, AI से लेकर साइबर सुरक्षा तक की होगी ट्रेनिंग

Umeshwari Baghel | Published:
स्कूली शिक्षकों को अब हर साल 50 घंटे की ट्रेनिंग लेना जरूरी होगा
रायपुर। अब स्कूलों में सिर्फ बच्चों को ही नहीं ,बल्कि शिक्षकों को भी हर साल नई चीजें सीखनी होंगी। बदलते दौर के साथ शिक्षकों को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने और पढ़ाई को ज्यादा रोचक बनाने के लिए केंद्र सरकार ने नई व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों को हर साल 50 घंटे की ट्रेनिंग पूरी करनी होगी।

इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल से लेकर बच्चों के व्यवहार, मानसिक स्वास्थ्य और साइबर सुरक्षा तक की जानकारी दी जाएगी। नई व्यवस्था के तहत ट्रेनिंग को लेकर लापरवाही बरतना शिक्षकों को भारी पड़ सकता है। निर्धारित समय की ट्रेनिंग पूरी नहीं करने पर उनकी वेतनवृद्धि और पदोन्नति रुक सकती है। साथ ही राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार का लाभ भी नहीं मिलेगा। यह व्यवस्था सरकारी और निजी, दोनों स्कूलों के शिक्षकों के लिए लागू होगी।



किताबी पढ़ाई के साथ तकनीक पर रहेगा जोर

आज के दौर में बच्चों की सीखने की आदतें तेजी से बदल रही हैं। ऐसे में शिक्षकों को भी पढ़ाने के पुराने तरीकों के साथ नई तकनीक अपनाने के लिए तैयार किया जाएगा। शिक्षक सीखेंगे कि कैसे खेल, कहानियों और डिजिटल माध्यमों की मदद से कठिन विषयों को भी बच्चों के लिए आसान बनाया जा सकता है।




केंद्रीय विद्यालयों और नवोदय विद्यालयों में इस व्यवस्था पर अमल शुरू हो चुका है। केंद्र ने राज्यों को भी इसे प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा और त्रिपुरा समेत कई राज्यों में प्रशिक्षण गतिविधियों को गति दी जा रही है।



तीन चरणों में पूरी होगी शिक्षकों की ट्रेनिंग

पहला चरण: 24 घंटे

इस चरण में शिक्षकों को पढ़ाने के नए और दिलचस्प तरीके सिखाए जाएंगे। छोटे बच्चों को खेल-खेल में अक्षर, शब्द और गणित समझाने की तकनीक बताई जाएगी। इसके अलावा स्मार्ट क्लास, डिजिटल टूल्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का शैक्षणिक गतिविधियों में इस्तेमाल करना भी सिखाया जाएगा।



दूसरा चरण: 14 घंटे

इसमें शिक्षकों के पेशेवर विकास पर ध्यान दिया जाएगा। कक्षा का माहौल बेहतर बनाने, काम के दबाव और तनाव को कम करने, बच्चों की प्रतिभा और रुचि को पहचानने के तरीके बताए जाएंगे। शिक्षक करियर काउंसलिंग की बारीकियां भी सीखेंगे, ताकि विद्यार्थियों को भविष्य की सही दिशा चुनने में मदद कर सकें।




तीसरा चरण: 12 घंटे

इस चरण में मानसिक स्वास्थ्य, नैतिक शिक्षा, साइबर सुरक्षा और इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल पर जोर रहेगा। शिक्षकों को दिव्यांग बच्चों की जरूरतों को समझने, लैंगिक संवेदनशीलता और सभी वर्गों के विद्यार्थियों के साथ समान व्यवहार करने की ट्रेनिंग दी जाएगी।



ऑनलाइन रहेगा ट्रेनिंग का पूरा हिसाब

किस शिक्षक ने कितने घंटे की ट्रेनिंग ली और किसका प्रशिक्षण अभी बाकी है, इसका पूरा रिकॉर्ड दीक्षा (DIKSHA) पोर्टल पर रखा जाएगा। प्रशिक्षण की प्रगति पर नियमित नजर रखी जाएगी। राज्यों को हर सप्ताह जानकारी दी जाएगी कि उनके यहां कितने शिक्षकों ने निर्धारित 50 घंटे का प्रशिक्षण पूरा किया है।




राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (NCERT) और राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) के माध्यम से शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।



बच्चों की परेशानी समझने में भी मिलेगी मदद

इस प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल शिक्षकों को तकनीकी रूप से मजबूत बनाना नहीं है। बच्चों में पढ़ाई के बढ़ते दबाव, मानसिक तनाव और इंटरनेट से जुड़े खतरों को समझने के लिए भी शिक्षकों को तैयार किया जाएगा। इससे वे विद्यार्थियों की समस्याओं को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे और जरूरत पड़ने पर उनका मार्गदर्शन कर सकेंगे।




राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत शुरू की गई इस पहल का मकसद स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारना और शिक्षकों को समय के साथ अपडेट रखना है, ताकि कक्षाएं केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का केंद्र बन सकें।

Tags:
  • साइबर सुरक्षा
  • Teacher Training
  • शिक्षक प्रशिक्षण
  • AI in Education
  • एआई इन एजुकेशन
  • Cyber Security Training
  • राष्ट्रीय शिक्षा नीति
  • शिक्षकों का व्यावसायिक विकास
  • शिक्षकों के लिए डिजिटल साक्षरता