सूबेदार-उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 12 जुलाई को, 63 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी होंगे शामिल
RAIPUR : छत्तीसगढ़ में सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती प्रक्रिया के तहत प्रारंभिक लिखित परीक्षा आगामी 12 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा आयोजित इस परीक्षा में राज्यभर के 63 हजार 342 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसके लिए प्रदेश के सभी 33 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
इतने पद पर परीक्षा:
जानकारी के मुताबिक सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर पदों के लिए कुल 1 लाख 37 हजार 323 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे। इसके बाद छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय द्वारा दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक माप परीक्षण की प्रक्रिया पूरी की गई। इस प्रक्रिया के बाद 63 हजार 342 अभ्यर्थियों को प्रारंभिक लिखित परीक्षा के लिए पात्र घोषित किया गया है।
सभी जिलों में एग्जाम सेंटर:
लोक सेवा आयोग ने बताया कि परीक्षा राज्य के 33 जिलों में आयोजित होगी। जिन जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं उनमें सरगुजा (अंबिकापुर), कोरिया (बैकुंठपुर), बिलासपुर, धमतरी, दुर्ग, दंतेवाड़ा, बस्तर (जगदलपुर), जांजगीर-चांपा, जशपुर, कवर्धा, उत्तर बस्तर कांकेर, कोरबा, महासमुंद, रायपुर, रायगढ़ और राजनांदगांव शामिल हैं।
इन जिलों में भी परीक्षा केंद्र:
इसके अलावा बलौदाबाजार-भाटापारा, बलरामपुर-रामानुजगंज, सूरजपुर, गरियाबंद, नारायणपुर, कोंडागांव, बीजापुर, सुकमा, बेमेतरा, बालोद, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों में भी परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
वेबसाइट पर प्रवेश पत्र:
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के प्रवेश पत्र परीक्षा तिथि से 15 दिन पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए जाएंगे। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। आयोग की ओर से किसी भी उम्मीदवार को अलग से डाक, सूचना पत्र या SMS के माध्यम से प्रवेश पत्र नहीं भेजा जाएगा।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर आयोग की आधिकारिक वेबसाइट CGPSC पर अपडेट देखते रहें। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
युवाओं में उत्साह:
इस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रदेशभर के युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है। लंबे समय बाद पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर भर्ती प्रक्रिया होने से हजारों अभ्यर्थी इसकी तैयारी में जुटे हुए हैं। प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
यह खबरें भी पढ़ें...
RPSC SI भर्ती परीक्षा 2021 20 सितंबर को होगी दोबारा आयोजित; आयोग ने जारी की डेट
एमपी में 8 बड़ी भर्ती परीक्षाएं टलीं, जानें कब होंगे एग्जाम, देखें MP ESB Exam Calendar