रिलीज से पहले विवादों में घिरी सनी देओल की सूर्या, छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने भेजा 950 करोड़ की मानहानि का नोटिस

Umeshwari Baghel | Published:
सनी देओल की फिल्म सूर्या पर विवाद, डॉक्टरों के विरोध के बीच 950 करोड़ का नोटिस
रायपुर। बॉलीवुड के एक्शन स्टार सनी देओल की आने वाली फिल्म सूर्या: अंत से आरंभ तक' सिनेमाघरों में पहुंचने से पहले ही बड़े विवाद में फंस गई है। फिल्म में डॉक्टरों और निजी अस्पतालों को जिस तरह दिखाया गया है, उसे लेकर मेडिकल जगत में नाराजगी बढ़ती जा रही है। मामला अब कोर्ट तक पहुंच चुका है।

एक तरफ राजस्थान हाईकोर्ट ने फिल्म के बिना प्रमाणित प्रमोशनल कंटेंट के प्रसारण पर रोक लगा दी है, तो दूसरी तरफ छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने सनी देओल को कानूनी नोटिस भेजकर 950 करोड़ रुपए की मानहानि का दावा करने की चेतावनी दी है। इस विवाद के बीच फिल्म की रिलीज भी फिलहाल टाल दी गई है।



डॉक्टरों की छवि खराब करने का आरोप

फिल्म के टीजर और प्रचार सामग्री को लेकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने आपत्ति जताई है। संगठन का आरोप है कि फिल्म में निजी अस्पतालों और डॉक्टरों को भ्रष्ट और गलत कामों में शामिल दिखाने की कोशिश की गई है। इतना ही नहीं, कुछ दृश्यों और संवादों को डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा भड़काने वाला भी बताया गया है।



आईएमए का कहना है कि इस तरह के दृश्य आम लोगों के मन में डॉक्टरों के प्रति गलत धारणा पैदा कर सकते हैं। इससे चिकित्सा पेशे की छवि खराब होने के साथ अस्पतालों में काम करने वाले डॉक्टरों की सुरक्षा पर भी असर पड़ सकता है।




राजस्थान हाईकोर्ट ने लगाई रोक

विवाद बढ़ने के बाद आईएमए ने राजस्थान हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की। मामले की सुनवाई जस्टिस समीर जैन की एकलपीठ में हुई। अदालत ने सिनेमैटोग्राफ अधिनियम, 1952 की धारा 5(B) का हवाला देते हुए फिल्म के बिना प्रमाणित प्रचार कंटेंट को लेकर सख्त रुख अपनाया।



रिपोर्ट के मुताबिक, हाईकोर्ट ने निर्देश दिया है कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से प्रमाण पत्र मिलने तक फिल्म के दृश्य या प्रमोशनल कंटेंट सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित नहीं किए जाएं। अदालत ने केंद्र सरकार और फिल्म निर्माताओं से जवाब भी मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 20 नवंबर को तय की गई है।




छत्तीसगढ़ से भी उठी विरोध की आवाज

इस विवाद में छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी भी खुलकर सामने आई है। सोसायटी के संयोजक डॉ. कुलदीप सोलंकी की ओर से अभिनेता और निर्माता सनी देओल को कानूनी नोटिस भेजा गया है।



सनी देओल की फिल्म सूर्या पर विवाद, डॉक्टरों के विरोध के बीच 950 करोड़ का नोटिस

सोसायटी का आरोप है कि फिल्म की प्रचार सामग्री में डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा और भीड़ द्वारा मारपीट जैसी घटनाओं को ऐसे दिखाया गया है, जिससे समाज में गलत संदेश जा सकता है। संगठन का मानना है कि ऐसे दृश्य डॉक्टरों के प्रति लोगों का गुस्सा बढ़ा सकते हैं और उनकी सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकते हैं।




सात दिन में माफी मांगने की मांग

कानूनी नोटिस में फिल्म निर्माताओं से आपत्तिजनक दृश्यों और विज्ञापनों को तुरंत हटाने की मांग की गई है। साथ ही चिकित्सा समुदाय से सात दिन के भीतर सार्वजनिक माफी मांगने को कहा गया है।



सोसायटी ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर 950 करोड़ रुपए की मानहानि का दावा किया जा सकता है। इसके अलावा आपराधिक मानहानि और जनहित याचिका के जरिए कानूनी कार्रवाई करने की बात भी कही गई है।



इससे पहले भी सोसायटी इसी मामले में नेशनल मेडिकल कमीशन, केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड, फिल्म के निर्देशक और निर्माता को नोटिस भेज चुकी है।



20 नवंबर को रिलीज होनी थी फिल्म

सनी देओल की फिल्म सूर्या: अंत से आरंभ तक पहले 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी। लेकिन सेंसर सर्टिफिकेट नहीं मिलने और कानूनी विवाद बढ़ने के बाद इसकी रिलीज फिलहाल टाल दी गई है।




अब सभी की नजरें 20 नवंबर को राजस्थान हाईकोर्ट में होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं। इस बीच बड़ा सवाल यही है कि फिल्म निर्माता विवादित दृश्यों में बदलाव करेंगे या कानूनी लड़ाई जारी रखेंगे। फिलहाल इस विवाद ने रिलीज से पहले ही फिल्म को सुर्खियों में ला दिया है।

Tags:
  • सनी देओल
  • सूर्या अंत से आरंभ तक
  • छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी
  • मानहानि नोटिस
  • राजस्थान हाईकोर्ट
  • सेंसर सर्टिफिकेट
  • Sunny Deol
  • Surya Ant Se Aarambh Tak