तूफान अकवान के असर से छत्तीसगढ़ में बेमौसम बारिश, खेतों में डूबा धान, खरीदी की डेडलाइन ने बढ़ाई चिंता
किसानों के सामने अब अपनी मेहनत की फसल बचाने की चुनौती है। दूसरी तरफ समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समय सीमा भी नजदीक आ रही है। ऐसे में किसान परेशान हैं कि आखिर वे तय समय पर अपनी उपज कैसे बेच पाएंगे?
तूफान अकवान के प्रभाव से प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में मौसम का असर दिखाई दे रहा है। खेतों में पानी भरने से कटाई और मिंजाई का काम प्रभावित है। ट्रैक्टर और हार्वेस्टर से फसल निकालना भी मुश्किल हो रहा है। वहीं खरीदी केंद्रों में खुले में रखा धान भीगने का खतरा है।
कांकेर में बारिश से धान खरीदी केंद्रों की बढ़ी चिंता
कांकेर में चक्रवाती मौसम के प्रभाव से हुई बारिश ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। खेतों और धान खरीदी केंद्रों में रखी फसल की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
खरीदी केंद्रों में खुले में रखा धान बारिश से भीग सकता है। इससे उसकी गुणवत्ता खराब होने का खतरा है। जिन किसानों ने धान की कटाई कर ली है, वे भी परेशान हैं। कई किसानों ने अपनी उपज घर, आंगन और खेतों में रखी है। अब उसे सुरक्षित रखना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की समय सीमा 15 नवंबर से 15 जनवरी तक है।
राजिम में खेतों में गिरा धान, सड़ने का खतरा
रायपुर जिले के राजिम क्षेत्र में किसानों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। पहले अर्नब तूफान के प्रभाव से चली तेज हवाओं और बारिश ने पककर तैयार धान की फसल को जमीन पर गिरा दिया था। अब दोबारा बारिश होने से खेतों में पानी भर गया है।
जमीन पर गिरी धान की बालियां पानी में डूबी हुई हैं। लंबे समय तक नमी रहने से फसल खराब होने और सड़ने का खतरा बढ़ गया है।
किसानों का कहना है कि उन्होंने इस बार खेती में काफी मेहनत और पूंजी लगाई थी। फसल पककर तैयार थी। कटाई की तैयारी चल रही थी। लेकिन लगातार बदलते मौसम ने उनकी परेशानी बढ़ा दी है। अब उन्हें उत्पादन प्रभावित होने और पूरी फसल बर्बाद होने का डर सता रहा है।
सब्जियों की फसल पर भी बारिश की मार
तूफान अकवान के असर से हुई बारिश का खतरा केवल धान तक सीमित नहीं है। टमाटर, मिर्च, गोभी और बैंगन की खेती करने वाले किसान भी चिंतित हैं।
खेतों में पानी भरने से सब्जियों के पौधों में रोग लग सकते हैं। इससे उनकी गुणवत्ता और उत्पादन प्रभावित हो सकता है। किसानों की आमदनी पर भी इसका असर पड़ेगा। वहीं बाजार में सब्जियों की आवक कम होने से आम लोगों को महंगी सब्जियां खरीदनी पड़ सकती हैं।
टोकन कटने के बाद भी धान नहीं बेच पाए तो किसान का क्या कसूर?
बेमौसम बारिश के बीच धान खरीदी की समय सीमा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष और किसान नेता धनेंद्र साहू ने सरकार से खरीदी की अवधि बढ़ाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि पिछले साल की तुलना में इस बार धान खरीदी का समय लगभग एक महीने कम कर दिया गया है। लगातार बारिश से खेतों में पानी भर गया है। आगामी 10 से 15 दिनों तक कई खेतों में ट्रैक्टर और हार्वेस्टर पहुंचना मुश्किल हो सकता है।
धनेंद्र साहू के मुताबिक, कई किसानों के टोकन कट चुके हैं। लेकिन बारिश के कारण वे तय तारीख पर खरीदी केंद्र तक धान नहीं पहुंचा पा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे किसानों के टोकन निरस्त करने के बजाय उन्हें नई तारीख दी जाए।
उन्होंने सरकार से खरीदी की अंतिम तारीख बढ़ाने की मांग भी की है। उनका कहना है कि जरूरत पड़ने पर खरीदी तब तक जारी रखी जाए, जब तक प्रदेश के अंतिम किसान का एक-एक दाना धान नहीं खरीद लिया जाता।
गिरदावरी की गड़बड़ी और पटवारियों की हड़ताल से बढ़ी परेशानी
धनेंद्र साहू ने कहा कि किसानों की मुश्किलें केवल बारिश तक सीमित नहीं हैं। गिरदावरी में गड़बड़ियों के कारण कई किसानों का वास्तविक कृषि रकबा कम दर्ज होने की शिकायतें हैं।
उनके मुताबिक, प्रदेश में लगभग ढाई लाख एकड़ से अधिक कृषि रकबा प्रभावित होने की शिकायतें सामने आई हैं। वहीं पटवारियों की लंबे समय से जारी हड़ताल से प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है। इससे बारिश से खराब हुई फसलों के सर्वे में भी परेशानी आने की आशंका है।
किसानों ने मांगा मुआवजा और जल्द सर्वे
राजिम सहित रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के प्रभावित किसानों ने शासन-प्रशासन से जल्द सर्वे कराने की मांग की है। किसानों का कहना है कि फसल नुकसान का निष्पक्ष आकलन होना चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने कृषि ऋण माफ करने और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत नियमानुसार मुआवजा देने की मांग की है। किसानों का कहना है कि समय पर आर्थिक मदद नहीं मिली, तो अगली फसल की तैयारी और परिवार की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो जाएगा।
खरीदी केंद्रों में सुरक्षा के इंतजाम जरूरी
बारिश को देखते हुए धान खरीदी केंद्रों में भी जरूरी इंतजाम होने चाहिए। खुले में रखे धान को बचाने के लिए तिरपाल और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था जरूरी है। साथ ही पानी निकासी का भी इंतजाम होना चाहिए।
किसानों को भी खुले में रखी फसल को तिरपाल से ढकने और खेतों में जल निकासी की व्यवस्था करने की सलाह दी जा रही है।
फिलहाल तूफान अकवान के असर से बदले मौसम ने किसानों के सामने दोहरी चुनौती खड़ी कर दी है। एक तरफ फसल बचाने की चिंता है, तो दूसरी तरफ धान बेचने की समय सीमा। अब किसान सरकार से राहत की उम्मीद कर रहे हैं। उनकी मांग है कि खरीदी की तारीख बढ़ाई जाए और बारिश से हुए नुकसान का जल्द सर्वे कराकर मुआवजा दिया जाए।