राज्य सेवा प्री 2023 को बढ़ाना मुश्किल, पूरा शेड्यूल टाइट होने से आयोग के पास नहीं विकल्प, 2021 मेंस का रिजल्ट तैयार

Pratibha Rana | Nov 23, 2023, 24:00 IST
राज्य सेवा प्री 2023 को बढ़ाना मुश्किल, पूरा शेड्यूल टाइट होने से आयोग के पास नहीं विकल्प, 2021 मेंस का रिजल्ट तैयार
राज्य वन सेवा 2021 मेंस का रिजल्ट मप्र लोक सेवा आयोग ने जारी कर दिया है। इसके कुल 63 पदों के लिए 87 % फार्मूले में 128 उम्मीदवार और 13 फीसदी फार्मूले में 81 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किया गया है।

संजय गुप्ता, INDORE. राज्य वन सेवा 2021 मेंस का रिजल्ट मप्र लोक सेवा आयोग ने जारी कर दिया है। इसके कुल 63 पदों के लिए 87 फीसदी फार्मूले में 128 उम्मीदवार और 13 फीसदी फार्मूले में 81 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किया गया है। उधर राज्य सेवा परीक्षा 2021 का भी रिजल्ट तैयार है, जो आयोग किसी भी दिन जारी कर देगा। उधर सेट के 34 विषयों में तीन-तीन विषय कर आयोग रिजल्ट जारी करता जा रहा है।



सबसे बड़ी मांग 2023 मेंस रिशेड्यूल की, यह होना मुश्किल

कुछ दिनों से उम्मीदवारों की लगातारा मांग आ रही है कि राज्य सेवा परीक्षा प्री 2023 जो 17 दिसंबर को होना है, उसे रिशेड्यूल किया जाए। खासकर यह मांग उन उम्मीदवारों की ओर से हैं जो राज्य सेवा परीक्षा 2022 मेंस दे रहे हैं, जो 26 दिसंबर से होना है। यह होना मुश्किल है। आयोग के पास जनवरी में कोई तारीख खाली नहीं है, खासकर प्री के लिए उन्हें 1100 परीक्षा केंद्रों से फिर से मंजूरी लेना होगी, लेकिन इस दौरान स्कूलों में प्री बोर्ड और अन्य परीक्षाएं शुरू हो जाती है, उधर फरवरी में बोर्ड परीक्षाएं होंगी। हालांकि आयोग रविवार को यह करता है लेकिन इसके बाद भी सेंटर को फिर नई तारीख के लिए तैयार कराना मुश्किल काम है।



आयोग की बैठक में इसलिए भी नहीं बन रही सहमति

उधर आयोग की बैठक में यह मुद्दा भी उठा कि राज्य सेवा मेंस 2022 तो कायदे से अक्टूबर में हो रही थी, लेकिन वह तो चुनावी आचार संहिता के चलते मजबूरी में आगे बढ़ाई गई, यदि आगे नहीं बढ़ाते तो यह हो चुकी होती, यानि कि उम्मीदवार तो पहले ही इसकी तैयारी कर चुके हैं और उन्हें तो इसके लिए दो माह अतिरिक्त मिल चुके हैं। यदि इस तरह हर परीक्षा रिशेड्यूल करते रहे तो फिर आगे का पूरा परीक्षा सिस्टम बिगड़ जाएगा फिर हम राज्य सेवा परीक्षा 2024 को समय पर करना चाह रहे हैं। राज्य सेवा परीक्षा मेंस 2023 को भी मार्च 2024 में समय पर कराना है। जनवरी में असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती भी है। इन सभी तर्कों के बाद फिलहाल आयोग का यही फैसला है कि सभी परीक्षाएं तय समय पर होंगी। पीएससी प्रवक्ता डॉ. रविंद्र पंचभाई ने कहा कि परीक्षाएं शेड्यूल समय पर ही होगी, आयोग के और भी परीक्षा, इंटरव्यू शेड्यूल है इसलिए तय शेड्यूल के अनुसार ही उम्मीदवार अपनी तैयारी करें।



उम्मीदवारों के यह हैं तर्क आगे बढ़ाने के लिए

वहीं प्री परीक्षा 2023 की तारीख बढ़ाने की मांग उम्मीदवारों द्वारा किए जाने के पीछे तर्क दिए जा रहे हैं कि 10 दिसंबर को राज्य वन सेवा 2022 की मेंस, 17 दिसंबर को राज्य सेवा प्री 2023 और 26 से 31 दिसंबर तक राज्य सेवा मेंस 2022 है। तीनों परीक्षाओं के बीच में 45 दिन का अंतर होना चाहिए। कुछ उम्मीदवार 16 दिसंबर 2023 को सहायक कुलसचिव के इंटरव्यू भी दे रहे हैं। फिर वह 17 दिसंबर को प्री देने के लिए अपने परीक्षा सेंटर कैसे पहुंच सकेंगे। कुछ की डीफएसीसीआईएल भर्ती परीक्षा 17 और 18 दिसंबर को है। 16 से 24 दिसंबर के मध्य एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय कर्मचारी चयन परीक्षा 2023 भी है। एक साथ इतने शेड्यूल है, इसलिए उम्मीदवार को ना चाहते हुए कुछ परीक्षाएं छोड़नी पड़ेगी।



Tags:
  • MP News
  • एमपी न्यूज
  • State Service Pre 2023
  • Difficult to extend State Service Pre 2023
  • PSC 2023 Pre on time
  • राज्य सेवा प्री 2023
  • राज्य सेवा प्री 2023 को बढ़ाना मुश्किल
  • PSC 2023 प्री तय समय पर