पन्ना राज परिवार की महारानी जीतेश्वरी कुमारी गिरफ्तार, नशे की हालत में मंदिर में जबरन प्रवेश, भगवान की आरती भी पूरी नहीं हो सकी

BP Shrivastava | Sept 08, 2023, 24:00 IST
पन्ना राज परिवार की महारानी जीतेश्वरी कुमारी गिरफ्तार, नशे की हालत में मंदिर में जबरन प्रवेश, भगवान की आरती भी पूरी नहीं हो सकी
पन्ना राजघराने की महारानी जीतेश्वारी कुमारी को हिरासत में ले लिया गया है। उन पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भगवान जुगल किशोर मंदिर में अभद्रता करने का आरोप है।

PANNA. पन्ना राजघराने की महारानी जीतेश्वरी कुमारी को हिरासत में ले लिया गया है। उन पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भगवान जुगल किशोर मंदिर में अभद्रता करने का आरोप है। आरती के दौरान जीतेश्वरी कुमारी गर्भ गृह में जबरन घुस गईं थी। जिससे भगवान की आरती में बाधा पहुंची और आरती पूरी नहीं हो सकी। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।



जबरन मंदिर में घुसीं, आरती में बाधा पहुंचाई



पन्ना का जुगल किशोर मंदिर देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। बुंदेलखंड का ब्रज धाम कहा जाता है। इस मंदिर में गुरुवार, 7 सितंबर की रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के समय राज परिवार की महारानी जीतेश्वरी कुमारी जबरन गर्भ गृह में घुस गईं। इसके बाद उन्होंने आरती में व्यवधान उत्पन्न किया। आरोप है कि गर्भ गृह में प्रवेश वर्जित होने के बावजूद उन्होंने अमर्यादित आचरण किया, जिससे श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है। किसी तरह पुलिस और श्रद्धालुओं ने उन्होंने पकड़ कर बाहर निकाला। इस दौरान वे लड़खड़ा कर गिर भी गई थीं।



शासकीय कार्य में बाधा और धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप



पुलिस ने मामले में जीतेश्वरी कुमारी पर शासकीय कार्य में बाधा एवं धार्मिक भावनाएं भड़काने की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। एसडीओपी पन्ना राजीव भदौरिया के मुताबिक पन्ना राज परिवार की महारानी जीतेश्वरी कुमारी को धारा 295A (धार्मिक भावनाएं भड़काना) और धारा 353 (शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाना) के तहत गिरफ्तार किया गया है।



महारानी की हरकत से श्रद्धालुओं में आक्रोश



मंदिर के आचार्य ओम प्रकाश का कहना है कि महारानी के इस अभद्र आचरण से पुजारी और श्रद्धालु दुखी हैं। उन्होंने घटना की निंदा की है। पन्ना के प्रतिष्ठित इस राज परिवार के वंशजों द्वारा इस तरह के अभद्र आचरण में लोगों की भावनाओं को आहत किया है। वहीं, मंदिर प्रबंधक संतोष कुमार तिवारी ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि भगवान जुगल किशोर जी मंदिर के इतिहास में यह पहली घटना है। पहली बार है जब जन्मोत्सव के दौरान पूर्ण आरती भी नहीं हो सकी, जिससे श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है। महारानी की अशोभनीय हरकत का वीडियो भी सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है।



Tags:
  • Madhya Pradesh News
  • मध्यप्रदेश न्यूज
  • Panna News
  • पन्ना समाचार
  • Maharani Jiteshwari arrested in Panna
  • entered the temple drunk
  • entered the sanctum sanctorum
  • पन्ना कही महारानी जीतेश्वरी गिरफ्तार
  • मंदिर में नशे में प्रवेश
  • गर्भगृह में घुसी