12वीं की छात्रा को टीचर ने भेजे आपत्तिजनक मैसेज, कहा- कहीं चलें, 8 बजे तक फ्री कर दूंगा; बात नहीं मानने पर कम नंबर देने की धमकी
आरोपी शिक्षक का नाम नरेंद्र कुशवाह है। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने POCSO Act के तहत मामला दर्ज कर शिक्षक को हिरासत में लिया है।
वॉट्सएप पर भेजता था आपत्तिजनक मैसेज
छात्रा के मुताबिक, शिक्षक पिछले कुछ समय से उसे लगातार वॉट्सएप पर मैसेज भेज रहा था। चैट में उसने लिखा- आप सुला देना हमको’ और बताओ कहीं चले, 8 बजे तक फ्री कर दूंगा। आरोप है कि शिक्षक छात्रा पर अपने साथ बाहर घूमने और अकेले मिलने का दबाव बनाता था। जब छात्रा ने इसका विरोध किया तो उसे परीक्षा में कम नंबर देने और पढ़ाई में नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई।
स्कूल में पर्दे के पीछे बैठकर बात करने का बनाता था दबाव
छात्रा का आरोप है कि शिक्षक अपनी पहुंच और पद का रौब दिखाता था। वह कहता था कि स्कूल में सब कुछ उसके हाथ में है और परीक्षा के नंबर भी वही देता है। ऐसे में छात्रा को उसकी बात माननी होगी। इतना ही नहीं, शिक्षक स्कूल परिसर में पर्दा लगाकर बनाई गई जगह पर बैठकर बात करने का भी दबाव बनाता था।
परेशान होकर मां को बताई पूरी कहानी
लगातार मैसेज और Mental Pressure से परेशान छात्रा ने आखिरकार अपनी मां को पूरी बात बताई। बेटी की आपबीती सुनने के बाद मां ने जिला शिक्षा अधिकारी, स्कूल प्रिंसिपल और एसपी से शिकायत की। छात्रा ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। उसका आरोप है कि शिक्षक दूसरी छात्राओं से भी इस तरह की बातें करता है, लेकिन कम नंबर मिलने और बदनामी के डर से वे सामने नहीं आ पा रही हैं।
बाल दिवस के बाद से कर रहा था चैट
स्कूल के प्रिंसिपल संजय कुमार जैन के मुताबिक, छात्रा अपनी मां के साथ शिकायत करने पहुंची थी। छात्रा ने बताया कि शिक्षक बाल दिवस के बाद से उससे चैट कर रहा था। उसने बातचीत के स्क्रीनशॉट की कॉपी भी सौंपी है। प्रिंसिपल ने शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को जांच के लिए भेज दी है। वहीं, पुलिस भी शिकायत और चैट के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
पहले भी लग चुके हैं शिक्षक पर ऐसे आरोप
स्कूल के अन्य शिक्षकों के मुताबिक, नरेंद्र कुशवाह पर इस तरह के आरोप पहली बार नहीं लगे हैं। इससे पहले कोचिंग में पढ़ने वाली एक छात्रा के साथ भी ऐसी हरकत करने का आरोप उस पर लगा था। उस समय नाराज परिजन शिक्षक के घर पहुंचे थे और उसकी पिटाई कर दी थी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद भी शिक्षक के खिलाफ प्रिंसिपल से शिकायत कर चुकी है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने बच्चों की School Safety और शिक्षकों की जिम्मेदारी को लेकर एक गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है। आखिर जिन शिक्षकों पर बच्चों का भविष्य बनाने की जिम्मेदारी है, अगर उन्हीं पर नंबरों का डर दिखाकर छात्राओं पर दबाव बनाने के आरोप लगें, तो अभिभावक किस पर भरोसा करें?