पूर्व पार्षद के बाद अब पिटे कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष, शराब बांटने के आरोप में लात-घूंसों से हुआ हमला, पिटाई का वीडियो आया सामने

BP Shrivastava | Nov 20, 2023, 24:00 IST
पूर्व पार्षद के बाद अब पिटे कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष, शराब बांटने के आरोप में लात-घूंसों से हुआ हमला, पिटाई का वीडियो आया सामने
जबलपुर में अब एक और कांग्रेस नेता के पिटने का वीडियो सामने आया है। इसमें ग्रामीण कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष मनोज पटेल 'दाऊ' को कुछ लोग बेरहमी से पीटते हुए नजर आ रहे हैं।

वेंकटेश कोरी, JABALPUR. कांग्रेस के पूर्व पार्षद और मध्य प्रदेश कांग्रेस के परिवहन प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष नरिंदर सिंह पांधे पर हुए हमले के दो दिन भी नहीं बीते कि एक और कांग्रेसी नेता के पिटने का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में ग्रामीण कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष और पार्टी के नेता मनोज पटेल 'दाऊ' को कुछ लोग बेरहमी से पीटते हुए नजर आ रहे हैं। एक के बाद एक कई युवक उन पर लातों से वार कर रहे हैं और यह आरोप लगा रहे हैं कि वे शराब बांट रहे थे। यह वीडियो मतदान के ठीक 1 दिन पहले रात का बताया जा रहा है। 33 सेकंड के इस वीडियो में हमलावर कांग्रेस नेता मनोज पटेल गालियां देते हुए भी नजर आ रहे हैं। मनोज पटेल पर हुए इस हमले से कांग्रेस भी भड़की हुई है।



पनागर में रहता है धनबल- बाहुबल का जोर



जबलपुर जिले की आठ विधानसभा सीटों में से एक पनागर विधानसभा क्षेत्र में हमेशा से ही धनबल और बाहुबल का ही जोर रहा है, इस बार के विधानसभा के चुनाव में भी इसकी झलक साफ तौर पर नजर आई। मतदान के ठीक 1 दिन पहले कांग्रेस प्रत्याशी राजेश पटेल का रिवाल्वर में गोलियां भरने का वीडियो सामने आया, तो अब मतदान के बाद कथित बीजेपी के कार्यकर्ताओं के द्वारा कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष के साथ पिटाई का वीडियो सामने आया है।इस मामले में रांझी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।



कांग्रेस ने बताया गुंडागर्दी की इंतहा



कांग्रेस के महाराजपुर ब्लॉक के अध्यक्ष मनोज पटेल 'दाऊ' की पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेसी भड़की हुई है। बड़ी तादाद में कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कप्तान से मिलकर दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है। ग्रामीण कांग्रेस के बैनर तले पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने इसे गुंडागर्दी की इंतहा करार दिया है। जबलपुर कांग्रेस के ग्रामीण अध्यक्ष नीलेश जैन ने कहा है पनागर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं को चुन-चुन कर निशाना बनाए जा रहा है। अगर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो वे एसपी ऑफिस में ही तंबू गाड़कर बैठेंगे।



Tags:
  • Jabalpur News
  • Madhya Pradesh News
  • मध्यप्रदेश न्यूज
  • जबलपुर समाचार
  • Jabalpur Rural Congress Block President Manoj Patel
  • Congress leader Narinder Singh Pandey
  • video of beating goes viral
  • जबलपुर ग्रामीण कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष मनोज पटेल
  • कांग्रेस नेता नरिंदर सिंह पांधे
  • पिटाई का वीडियो वायरल