45 मिनट तक रनवे पर खड़ी रही एयर इंडिया की फ्लाइट, बोर्डिंग पूरी होने के बाद भी इंतजार करते रहे यात्री
45 मिनट तक रनवे पर खड़ी रही एयर इंडिया की फ्लाइट
भोपाल के राजा भोज विमानतल (Raja Bhoj Airport) पर रविवार की सुबह यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। एयर इंडिया की दिल्ली जाने वाली उड़ान एआई 1886 में समय पर सभी यात्रियों की बोर्डिंग करा ली गई थी। इसके बावजूद विमान ने तय समय पर उड़ान नहीं भरी।
विमान लगभग 45 मिनट तक रनवे के किनारे ही खड़ा रहा। सुबह 8:25 बजे रवाना होने वाली यह फ्लाइट लगभग 9:10 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो सकी। यात्रियों का कहना है कि जब वे अंदर बैठे इंतजार कर रहे थे, तब क्रू मेंबर्स की तरफ से कोई साफ जानकारी नहीं दी गई। देरी की वजह समझ न आने से परेशान यात्रियों ने अंदर हंगामा भी किया।
शिवराज सिंह चौहान के सवार होते ही रवाना हुई फ्लाइट
जानकारी के अनुसार यात्रियों के लंबे इंतजार के बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Union Minister Shivraj Singh Chouhan) की बोर्डिंग सबसे आखिर में कराई गई। इस बीच यह चर्चा भी सामने आई कि उनका काफिला लालघाटी से वापस बंगले की तरफ लौट गया था। यात्रियों का कहना है कि मंत्री जी के इंतजार के कारण ही पूरी फ्लाइट को रोके रखा गया था।
वहीं दूसरी तरफ, एयरपोर्ट डायरेक्टर आलोक त्रिपाठी ने इस मामले पर सफाई दी है। उन्होंने बताया कि हमारी एयर इंडिया के अफसरों से बातचीत हुई है। यह उड़ान ऑपरेशनल कारणों से लेट हुई थी।
पहले भी सामने आ चुके ऐसे मामले
यह पहली बार नहीं है जब भोपाल एयरपोर्ट पर ऐसी स्थिति बनी हो। इससे पहले भी उड़ानों में देरी और वीआईपी की वजह से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है:
तकनीकी खराबी में फंसे थे एसीएस अनुपम राजन
अगस्त के महीने में एयर इंडिया एक्सप्रेस (Air India Express) की फ्लाइट दोपहर 12:45 बजे दिल्ली जाने वाली थी। इसमें मध्य प्रदेश के एसीएस अनुपम राजन भी सवार होने वाले थे। तकनीकी खराबी के कारण यह फ्लाइट पूरे तीन घंटे लेट हुई थी। वीआईपी समेत सभी यात्री लाउंज में फंसे रहे थे।
मंत्री के लिए बदल दिया गया था फ्लाइट का रूट
वहीं 10 जनवरी 2016 को दिल्ली से भुवनेश्वर जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट करीब 8 घंटे लेट हो गई थी। उस समय भोपाल के कुछ वीआईपी को भेजने के लिए फ्लाइट का रूट बदलकर उसे पहले भोपाल उतार दिया गया था। ओडिशा के बीजेडी सांसद तथागत सत्पथी ने इसका कड़ा विरोध किया था। साथ ही आरोप लगाया था कि मध्य प्रदेश के एक मंत्री के दबाव में ऐसा किया गया।
सांसद प्रज्ञा ठाकुर की सीट को लेकर विवाद
जानकारी के अनुसार 22 दिसंबर 2019 को दिल्ली से भोपाल की यात्रा के दौरान तत्कालीन सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर की मनपसंद सीट को लेकर विवाद हो गया था। प्रज्ञा ठाकुर क्रू मेंबर से बहस करती रहीं, जिससे विमान काफी देर तक खड़ा रहा। इस पर आम यात्रियों ने नाराजगी जताते हुए उन्हें टोक दिया था कि किसी के भी समय की कोई कद्र नहीं की जा रही है।