नवरात्रि से पहले आकाश विजयवर्गीय की गरबा आयोजकों को नसीहत, प्रशासन से की ये अपील
आयोजक नहीं बजाएं फिल्मी गाने
बीजेपी पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने कहा कि गरबा पंडालों में बेटियां मां की आराधना के लिए आती हैं। अभिभावक भी उन्हें इसी भरोसे के साथ भेजते हैं। लेकिन कई जगहों पर गरबे के दौरान लगातार फिल्मी गाने बजाए जाते हैं।
उन्होंने आयोजकों से अपील की कि गरबे में माता रानी के भक्ति गीत ही बजाए जाएं। विजयवर्गीय का कहना है कि अगर कोई व्यक्ति नौ दिनों तक रोज दो-तीन घंटे भजन सुनता है, तो उसका सकारात्मक असर पड़ता है। वहीं, फिल्मी गानों का नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए आयोजक गरबे में भक्ति गीत बजाएं और फिल्मी गानों से बचें।
अभिभावक यह जरूर करें
विजयवर्गीय ने पालकों से कहा कि जब वे बच्चों को भेजें, तो यह जरूर चेक करें कि वहां फिल्मी गाने तो नहीं बज रहे हैं। ऐसा नहीं हो कि सामने माता रानी की फोटो लगी है और फिल्मी गाने बज रहे हैं। यह गलत भी है।
प्रशासन इस बात पर ध्यान दे
विजयवर्गीय ने प्रशासन से भी इस पर नजर रखने को कहा। उन्होंने कहा कि आयोजक कार्यक्रम की अनुमति तो लेते हैं, लेकिन अगर वहां गलत गाने बज रहे हैं या गलत गतिविधियां हो रही हैं, तो प्रशासन को इस पर ध्यान देकर कार्रवाई करनी चाहिए।
इसके पहले उषा ठाकुर दे चुकी हैं बयान
वहीं, गरबे को लेकर हर साल पूर्व मंत्री व विधायक उषा ठाकुर के भी आयोजन को लेकर नसीहत और बयान सामने आते हैं। हाल ही में ठाकुर ने कहा था कि विधर्मियों के साथ हर साल साढ़े चार लाख युवतियां भाग जाती हैं। फिर यह अगले साल एक-एक बच्चा पैदा कर नौ लाख हो जाते हैं। इस तरह जनसांख्यिकी बिगड़ रही है।
रामेश्वर शर्मा ने भी गरबा एंट्री को लेकर दिया था बयान
हुजूर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने गरबा पंडालों में मुस्लिमों की एंट्री को लेकर सनसनीखेज बयान दिया था। एक सार्वजनिक कार्यक्रम में बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने गरबा को लेकर उन्होंने कहा था कि अगर मुसलमान गरबा में आना चाहते हैं तो उनका स्वागत है, लेकिन वे अकेले ही क्यों आना चाहते हैं?
वे अपनी बहन-बेटियों को भी साथ लेकर आएं, क्योंकि हमारे लड़के भी पूरी तरह तैयार हैं। शर्मा ने आगे कहा कि सिर्फ गरबा के दिनों में ही क्यों, माथे पर तिलक लगाकर और ‘जय श्रीराम’ बोलकर हमेशा के लिए इधर आ जाओ। उन्होंने यह भी कहा कि यहां आकर गौमाता की रक्षा करें, इसमें किसी को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
FAQ
- आकाश विजयवर्गीय ने गरबा पंडालों में फिल्मी गाने बजाने पर क्या कहा है?
आकाश विजयवर्गीय ने कहा है कि गरबा पंडालों में माता रानी की आराधना के लिए बेटियां आती हैं और इसलिए आयोजकों से अपील की है कि गरबे में केवल भक्ति गीत बजाए जाने चाहिए, फिल्मी गाने नहीं। - क्या अभिभावकों को अपने बच्चों को गरबा पंडाल भेजते समय किसी बात का ध्यान रखना चाहिए?
विजयवर्गीय ने अभिभावकों से कहा है कि जब वे बच्चों को भेजें, तो यह सुनिश्चित करें कि पंडाल में फिल्मी गाने नहीं बजाए जा रहे हैं। - क्या प्रशासन को इस मामले में कोई कार्रवाई करनी चाहिए?
आकाश विजयवर्गीय ने प्रशासन से आग्रह किया है कि आयोजकों द्वारा गलत गाने बजाए जाने या गलत गतिविधियों पर ध्यान दें और उचित कार्रवाई करें।