लोकसभा चुनाव में कांग्रेस छोड़ने वाले अक्षय बम को बीजेपी ने दी लोकतंत्र बचाने की जिम्मेदारी
बता दें कि बीजेपी नगर अध्यक्ष ने लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ अभियान शुरू किया है। यह कदम कांग्रेस के लगातार वोट चोरी के आरोप और आंदोलन के बाद उठाया गया है। इसके तहत हर जगह पर टोलियों का गठन नगर अध्यक्ष द्वारा किया जा रहा है।
इसी कड़ी में इंदौर बीजेपी नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने भी विविध कार्यक्रम के लिए टोलियों का गठन किया है। इसमें अक्षय कांति बम को भी लिया गया है। इस पर कांग्रेस ने पोस्टर जारी कर तंज कसा है।
बम को यह जिम्मेदारी मिली
इस टोली में लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ पद यात्रा का भी एक कार्यक्रम है। इसमें विधायक रमेश मेंदोला, विधायक मधु वर्मा और विधायक गोलू शुक्ला के साथ ही पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय भी हैं। इसी में अक्षय कांति बम को भी लिया गया है। कांग्रेस से ही बीजेपी में आए स्वप्निल कोठारी भी इसी टोली में हैं।
क्या है बम का मामला?
दरअसल लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान अक्षय कांति बम ने कांग्रेस की ओर से उम्मीदवार का पर्चा दाखिल किया था। वहीं जब नाम वापसी का दिन आया तो विधायक रमेश मेंदोला के साथ जाकर अपना नामांकन वापस ले लिया।
इसके बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ एक कार में बैठे हुए फोटो सामने आई जो मंत्री विजयवर्गीय ने ही जारी की। बम ने शाम होते-होते बीजेपी की सदस्यता ले ली। कांग्रेस उम्मीदवार विहीन हो गई। आखिर में उसे नोटा को सपोर्ट करना पड़ा और बीजेपी रिकार्ड वोट से जीती।
बम के घर गए थे बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष
अभी 18 अक्टूबर को ही प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल बम के घर पर मुलाकात के लिए गए थे। लगभग घंटे भर तक वह उनके साथ रहे। बम लंबे समय से पार्टी में पद की मांग कर रहे हैं, लेकिन बीजेपी में आने के बाद उन्हें कोई पद नहीं मिला। अब खंडेलवाल दौरे के बाद ही उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है।
कांग्रेस ने यह कसा तंज
वहीं कांग्रेस के विवेक खंडेलवाल और गिरीश जोशी ने बम को लेकर एक पोस्टर जारी किया। साथ ही कहा कि बीजेपी ने उस व्यक्ति को लोकतंत्र बचाने की टोली में लिया है जिसने खुलेआम अपने हितों के लिए लोकतंत्र को कुचला है। बीजेपी नगर अध्यक्ष को बताना चाहिए कि यह नाम लोकतंत्र बचाने के लिए चुने गए हैं या फिर मजाक बनाने के लिए।
22 अक्तूबर से 05 नवंबर तक चलेगा अभियान
बीजेपी नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, महामंत्री सुधीर कोल्हे, महेश कुकरेजा और कैलाश पीपले ने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार चुनाव आयोग और देश की संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भ्रम फैला रहे हैं। इसके विरोध में बीजेपी ‘लोकतंत्र बचाओ-भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान चलाएगी। यह अभियान 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेगा।
अभियान के लिए बनाई टोली
इस अभियान के लिए नगर स्तरीय टोली एवं कार्यक्रम टोली बनाई गई है। नगर स्तरीय टोली में संयोजक सुधीर कोल्हे, सह संयोजक महेश कुकरेजा, कैलाश पीपले, हरप्रीत सिंह बक्शी, मुकेश मंगल, नेहा शर्मा, दीपक बागवान को बनाया गया है। वहीं कार्यक्रम टोली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए आलोक दुबे, वरुण पाल, रितेश शर्मा, नितिन शर्मा होंगे।
लोकतंत्र बचाओ,भीड़तंत्र हटाओ पदयात्रा
लोकतंत्र बचाओ-भीड़तंत्र हटाओ’ पदयात्रा की टोली में विधायक रमेश मेंदोला, मधु वर्मा और गोलू शुक्ला शामिल रहेंगे। इनके अलावा पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, स्वप्निल कोठारी और अक्षय कांति बम भी इस टोली का हिस्सा होंगे।
राष्ट्र चिंतन संवाद कार्यक्रम
राष्ट्र चिंतन संवाद (बौद्धिक संवाद) कार्यक्रम टोली में सांसद शंकर लालवानी के साथ कमल बाघेला, घनश्याम शेर, विजय मालानी, संदीप जोशी और विशाल गिदवानी शामिल रहेंगे।
लोकतंत्र VS भीड़तंत्र-युवा संवाद कार्यक्रम
लोकतंत्र VS भीड़तंत्र-युवा संवाद कार्यक्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, अनंत पंवार, डॉ. दीप्ति हाड़ा, रोहित चौधरी, निक्की राय, धीरज ठाकुर, अक्षांशु तिवारी
छात्रों की प्रतिस्पर्धा टोली
छात्रों की प्रतिस्पर्धा टोली में विधायक महेंद्र हार्डिया, मालिनी गौड़, दीपक जैन टीनू और दीपेंद्र सिंह सोलंकी शामिल रहेंगे। इनके अलावा गोपाल गोयल, जवाहर मंगवानी, राजेश अग्रवाल (पम्प), अजय सेवानी, प्रतिपाल टोंग्या, मनीष बिसानी और नितेश अग्रवाल (कालू) को भी जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, विशेषांक पत्रिकाओं की जिम्मेदारी आलोक दुबे को सौंपी गई है।
सोशल मीडिया योजना टोली
सोशल मीडिया योजना टोली में विक्की मित्तल, सुधा सुख्यानी और हर्षल शिंदे को शामिल किया गया है।
साहित्य वितरण टोली
साहित्य बांटने की जिम्मेदारी अशोक अधिकारी और तत्सम भट्ट को सौंपी गई है।
भाषण एवं मीडिया वक्तव्य टोली
भाषण और मीडिया में बयान देने की जिम्मेदारी वाली टोली में अजयसिंह नरूका, भारत पारख और राकेश शर्मा को शामिल किया गया है।
प्रचार सामग्री और ब्रांडिंग टोली
प्रचार सामग्री और ब्रांडिंग की जिम्मेदारी नागेश पंवार और पवन पंवार को दी गई है। वहीं, मीडिया प्रबंधन की टोली में सचिन बंसल, विशाल पाठक और पंकज फतेहचंदानी को शामिल किया गया है।