रक्षाबंधन के पहले एमपी को सौगात, भोपाल मंडल से गुजरेगी अमृत भारत एक्सप्रेस
समझें क्या है पूरा मामला
- चरापल्ली-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन अब नियमित रूप से चलेगी।
- दो अक्टूबर से यह अमृत भारत एक्सप्रेस बनेगी।
- ट्रेन भोपाल, इटारसी और बीना में रुकेगी।
- रेलवे ने नौ स्पेशल ट्रेनों को नियमित किया।
- जबलपुर-कोयंबटूर ट्रेन 23 अक्टूबर से नियमित होगी।
चरापल्ली-गोरखपुर रूट पर चलने वाली स्पेशल ट्रेन अब नियमित हो जाएगी। 2 अक्टूबर से यह अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में हर सप्ताह चलेगी। इसका ठहराव भोपाल, इटारसी और बीना स्टेशनों पर रहेगा।
नौ स्पेशल ट्रेनों को नियमित
भारतीय रेलवेने नौ स्पेशल ट्रेनों को नियमित करने का फैसला किया है। इनमें जबलपुर-कोयंबटूर साप्ताहिक एक्सप्रेस भी शामिल है। यह ट्रेन 23 अक्टूबर से नए नंबर 20160 से चलेगी। वापसी में 26 अक्टूबर से 20159 नंबर होगा। चार अमृत भारत एक्सप्रेस भी नियमित की गई हैं।
स्पेशल से नियमित बनी ट्रेन
गाड़ी संख्या 07075/07076 अब तक चरापल्ली-गोरखपुर-चरापल्ली स्पेशल ट्रेन के रूप में चलती थी। रेलवे ने अब इसे नियमित दर्जा देकर अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में चलाने का फैसला किया है। इससे यात्रियों को यह भरोसा मिलेगा कि ट्रेन अब हर सप्ताह उपलब्ध रहेगी।
2 अक्टूबर से हर शुक्रवार चरापल्ली से 22075 ट्रेन रवाना होगी। वापसी में 4 अक्टूबर से हर रविवार 22076 गोरखपुर-चरापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस चलेगी।
जानिए पूरा टाइम टेबल
चरापल्ली से चलने के बाद ट्रेन इटारसी रात 12:05 बजे पहुंचेगी। इसके बाद भोपाल दोपहर 1:50 बजे और बीना शाम 4 बजे पहुंचेगी। आगे यह ट्रेन झांसी, उरई, कानपुर, ऐशबाग, लखनऊ सिटी, गोमती नगर, बाराबंकी और गोंडा से होकर गुजरेगी। अगले दिन सुबह 6:25 बजे ट्रेन गोरखपुर पहुंचेगी।
वापसी में गोरखपुर से सुबह 8:30 बजे ट्रेन चलेगी। यह बीना रात 9:10 बजे, भोपाल रात 11:05 बजे पहुंचेगी। अगले दिन रात 12:40 बजे ट्रेन इटारसी पहुंचेगी।
किन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में चरापल्ली, काजीपेट, पेद्दापल्ली, मंचेरियल, बल्हारशाह, चंद्रपुर, नागपुर, बैतूल, इटारसी, भोपाल और बीना में रुकेगी। इसके अलावा झांसी, उरई, पोखरायन, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, लखनऊ सिटी, गोमती नगर, बाराबंकी और गोंडा में भी ठहराव तय है। कुल मिलाकर यह ट्रेन कई राज्यों को आपस में जोड़ेगी।
जबलपुर ट्रेन हुई नियमित
जबलपुर-कोयंबटूर ट्रेन (Jabalpur Coimbatore Train) के यात्रियों को राहत मिली है। रेलवे ने इस साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को नियमित किया है। यह ट्रेन लंबे समय से स्पेशल नंबर से चल रही थी। अब इसका संचालन नियमित एक्सप्रेस के रूप में होगा।
अभी ट्रेन संख्या 02198 और 02197 से संचालन होता है। नियमित होने के बाद दोनों नंबर बदल जाएंगे। जबलपुर से ट्रेन संख्या 20160 के रूप में चलेगी। वापसी में इसका नंबर 20159 रहेगा।
रानी कमलापति ट्रेन नियमित
रानी कमलापति-अगरतला एक्सप्रेस भी नियमित कर दी गई है। इसका संचालन अब 11665 और 11666 नंबर से होगा। यह ट्रेन मध्य प्रदेश को पूर्वोत्तर भारत से जोड़ती है।
रानी कमलापति से ट्रेन 22 अक्टूबर से नियमित चलेगी। यह प्रत्येक गुरुवार को अगरतला के लिए रवाना होगी। वापसी ट्रेन 25 अक्टूबर से प्रत्येक रविवार चलेगी।
अमृत भारत भी नियमित
रेलवे ने चार अमृत भारत एक्सप्रेस (Amrit Bharat Express) को नियमित किया है। इनमें प्रयागराज-एलटीटी अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल है। यह 21 अगस्त से 20436 नंबर से चलेगी। वापसी ट्रेन 22 अगस्त से 20435 नंबर से चलेगी।
इस ट्रेन का सतना स्टेशन पर ठहराव रहेगा। जबलपुर में भी यात्रियों को इसका फायदा मिलेगा। इटारसी स्टेशन पर भी ट्रेन निर्धारित रूप से रुकेगी।
सूबेदारगंज-एलटीटी अमृत भारत एक्सप्रेस भी नियमित हो रही है। यह 27 अगस्त से 14121 नंबर से चलेगी। वापसी सेवा 28 अगस्त से 14122 नंबर से होगी। ट्रेन सतना और मैहर में भी रुकेगी। कटनी और जबलपुर में निर्धारित ठहराव होगा। नरसिंहपुर, पिपरिया और इटारसी में भी ट्रेन रुकेगी।
ये ट्रेनें भी नियमित
पश्चिम मध्य रेल (West Central Railway) से तीन अन्य ट्रेनें गुजरती हैं। इन्हें भी स्पेशल से नियमित किया गया है। इसमें लालकुआं-केएसआर बेंगलुरु एक्सप्रेस शामिल है।
यह ट्रेन 19 सितंबर से 15302/15301 नंबर से चलेगी। पश्चिम मध्य रेल में बीना इसका प्रमुख ठहराव होगा। रानी कमलापति और इटारसी में भी ट्रेन रुकेगी।
हापा-नाहरलगुन साप्ताहिक एक्सप्रेस 23 सितंबर से नियमित होगी। इसका नया ट्रेन नंबर 19525/19526 निर्धारित किया गया है। शाजापुर और ब्यावरा राजगढ़ में इसका ठहराव रहेगा। रुठियाई, गुना और शिवपुरी भी स्टॉपेज में शामिल हैं।
ये भी पढ़ें...
रक्षाबंधन पर बहनों के लिए खुशखबरी: भोपाल-रीवा के बीच चलेंगी चार स्पेशल ट्रेनें
रक्षाबंधन पर कोटा मंडल ने 6 स्पेशल ट्रेनें चलाने का किया ऐलान, जानें टाइम-टेबल
सीकर, रींगस समेत 13 प्रमुख शहरों को जोड़ेगी ये स्पेशल ट्रेनें, जानें शेड्यूल
रेलवे ने यात्रियों दी राहत, 2 साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को किया नियमित